एमपी में 235 पुलिस इंस्पेक्टर रैंक के प्रमोशन की तैयारी, पीएचक्यू ने मांगी विभागीय जांच, नोटिस, चालान की जानकारी

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Oct 12, 2026, 16:32 IST
पदोन्नति से पहले रिकॉर्ड की परख: मप्र पुलिस के 235 इंस्पेक्टर के सर्विस रिकार्ड की हो रही जांच-पड़ताल
मप्र पुलिस में इंस्पेक्टर पदोन्नति से पहले अधिकारियों का रिकॉर्ड जांचा जा रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल ने 235 अधिकारियों की सूची यूनिट प्रमुखों को भेजी है। इनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस या विभागीय जांच का ब्योरा मांगा गया है। आपराधिक प्रकरण, चालान और दंड की जानकारी भी देनी होगी। यह जानकारी तय प्रोफार्मा में 15 अक्टूबर तक भेजनी अनिवार्य है।

मप्र में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों की नई पदोन्नति से पहले उनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय भोपाल ने पुलिस की विविध यूनिट के प्रमुखों को पत्र जारी कर कुल 235 अधिकारियों की सूची भेजी है। इन सभी की विस्तृत जानकारी 15 अक्टूबर तक भेजने के लिए कहा गया है।



इन्हें भेजा गया पत्र

यह पत्र अमित सक्सेना, सहायक पुलिस महानिरीक्षक प्रशासन, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा भेजा गया है। यह पत्र लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, सभी विशेष पुलिस महानिदेशक, समस्त अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, समस्त पुलिस महानिरीक्षक, समस्त उप पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेडियो मुख्यालय, सभी एसपी, समस्त सेनानी और समस्त सहायक पुलिस महानिरीक्षक को भेजा गया है।




यह मांगी गई है जानकारी

पत्र में लिखा गया है कि आपकी इकाई में पदस्थ इन निरीक्षक व समकक्ष रैंक के अधिकारियों की लिस्ट दी गई है। इनके विरुद्ध वर्तमान में आपकी इकाई या पूर्व पदस्थापना इकाई में कोई कारण बताओ नोटिस/विभागीय जांच/आपराधिक प्रकरण/न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया हो या कोई दंड प्रभावशील हो तो इसकी जानकारी दी जाए। इसके लिए सभी दस्तावेज भी तय प्रोफार्मा में बिंदुवार दिए जाएं। यह जानकारी अनिवार्य रूप से 15 अक्टूबर तक भेज दी जाए।



इंस्पेक्टर रैंक के इतने अधिकारी

इस लिस्ट में एमपी पुलिस(MP Police) के इंस्पेक्टर रैंक के 136 अधिकारी हैं। वहीं कंपनी कमांडर कैडर के 15 अधिकारी, रेडियो कैडर के 36, रक्षित निरीक्षक कैडर में 26 अधिकारी, विशेष शाखा कैडर के 9 अधिकारी, आर्म्स शाखा के एक अधिकारी, अंगुल चिह्न शाखा के चार, शीघ्र लेखक शाखा कैडर के 8 अधिकारी शामिल हैं।




इंदौर में पदस्थ 23 अधिकारी भी शामिल

इस लिस्ट में इंदौर में पदस्थ गोपाल सूर्यवंशी, चंद्रभाल सिंह, संतोष दूधी, राममूर्ति शाक्य, मनीष मिश्रा, अनिल यादव, विनय आर्य, अनिता देयरवाल, दीपक खत्री, सोमलता मलिक, सविता चौधरी, इंद्रमणि पटेल, सुजीत श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह मुकाती, संजय कुमार शुक्ला, अभय नेमा, अजय राजौरिया, सुनील गुप्ता, कर्णसिंह शक्तावत, राहुल शर्मा, पूनम ठाकुर, मंजू यादव, अजय नायर शामिल हैं।




अब किस तारीख पर टिकी नजर?

लोकायुक्त से लेकर सभी पुलिस अधीक्षक तक इस पत्र के दायरे में हैं। सभी इकाइयों से 235 अधिकारियों का ब्योरा 15 अक्टूबर तक जुटाना है। पत्र में जानकारी अनिवार्य रूप से भेजने को कहा गया है।



  1. मध्य प्रदेश में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों की पदोन्नति के लिए कब तक जानकारी भेजनी है?
    मध्य प्रदेश में इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों की पदोन्नति के लिए संबंधित जानकारी 15 अक्टूबर तक भेजनी है।
  2. कितने अधिकारियों की सूची पुलिस मुख्यालय भोपाल(phq) ने जारी की है?
    पुलिस मुख्यालय भोपाल ने कुल 235 अधिकारियों की सूची जारी की है, जिसमें विभिन्न रैंक के अधिकारी शामिल हैं।
  3. इस नई पदोन्नति के लिए कौन-कौन से तथ्य जांचे जा रहे हैं?
    इस नई पदोन्नति के लिए अधिकारियों के विरुद्ध कोई कारण बताओ नोटिस, विभागीय जांच(Departmental inquiry), आपराधिक प्रकरण, या न्यायालय में चालान जैसे तथ्य जांचे जा रहे हैं।
Tags:
  • पुलिस मुख्यालय भोपाल
  • इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों की पदोन्नति
  • विभागीय जांच
  • कारण बताओ नोटिस
  • MP Police
  • इंस्पेक्टर रैंक
  • Departmental inquiry
  • phq