मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा टली, 7.50 लाख उम्मीदवारों को अब करना होगा इतना इंतजार

Sanjay Gupta | Published:
MP पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2026 में देरी, 7500 पदों के लिए आवेदन करने वाले लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ा।
Delay in the 2026 MP Police Constable recruitment exam; the wait continues for the lakhs of candidates who applied for the 7,500 posts.
Indore. मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2026 फिलहाल आगे बढ़ गई है। कुल 7500 पदों के लिए यह परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होनी थी, लेकिन तय तारीख पर परीक्षा नहीं हुई। इसे लेकर कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की ओर से भी कोई जानकारी जारी नहीं की गई थी। अब ईएसबी से बात करने पर परीक्षा टलने की वजह सामने आई है।

साथ ही यह भी पता चला है कि परीक्षा अब कब तक हो सकती है।



दरअसल, मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के 7500 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। करीब साढ़े सात लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। भर्ती के विज्ञापन में ही 19 नवंबर से परीक्षा शुरू होने की तारीख दी गई थी। लेकिन यह तारीख निकलने के बाद भी परीक्षा शुरू नहीं हुई। ईएसबी ने परीक्षा आगे बढ़ाने को लेकर भी कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की थी। अब परीक्षा में देरी की वजह सामने आई है।



ईएसबी ने यह दी जानकारी

ईएसबी के अधिकारियों ने द सूत्र को परीक्षा टलने की औपचारिक पुष्टि की है। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की तैयारियों में कुछ समय और लग रहा है। इसलिए तैयारियों के लिए परीक्षा को आगे बढ़ाया गया है। वहीं परीक्षा अब कब होगी इसके जवाब में अधिकारियों ने कहा कि ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। अगले 15 से 20 दिन में ही परीक्षा कराने की बात अधिकारियों ने द सूत्र को कही है।



विधायक ने ईएसबी की सुस्ती पर ये कहा

इस संबंध में मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कर्मचारी चयन मंडल (ESB) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ESB एक बार फिर बेरोजगार युवाओं के साथ मजाक कर रहा है। भर्ती की नियमपुस्तिका में साफ लिखा था कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होगी। अब 22 नवंबर भी आ गई, लेकिन न तो एडमिट कार्ड जारी हुए और न ही ESB ने कोई नोटिस जारी कर बताया कि परीक्षा क्यों टली और अब कब होगी।



अलावा ने कहा कि अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क वसूलने में मंडल देरी नहीं करता, लेकिन समय पर जानकारी देने की बात आती है तो अफसर चुप्पी साध लेते हैं। लाखों युवा दिन-रात परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में बिना कोई सूचना दिए परीक्षा टालने से उनका तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ESB को युवाओं के भविष्य और उनके समय की कोई चिंता नहीं है। मंडल अभ्यर्थियों को सिर्फ फीस जमा करने वाला समझ रहा है।



कब हुए थे आवेदन

परीक्षा का विज्ञापन जारी होने के बाद ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक हुए थे। आवेदन में संशोधन की तारीख 11 अक्टूबर तक थी। परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होना बताया गया था। परीक्षा दो पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दोपहर तीन से 5 बजे तक होना बताया गया था।



परीक्षा के लिए पीएचडी धारक, इंजीनियर भी

पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। लेकिन इस भर्ती में पीएचडी, इंजीनियरिंग और पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके युवा भी नौकरी पाने की उम्मीद में आवेदन कर रहे हैं। यानी सिपाही बनने की दौड़ में बड़ी संख्या में उच्च शिक्षा हासिल कर चुके युवा भी शामिल हैं।



आवेदन करने वालों में 10 हजार से ज्यादा उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन्होंने बीई या बीटेक किया है। वहीं 28 उम्मीदवार पीएचडी कर चुके हैं। इसके अलावा करीब 2 हजार उम्मीदवारों के पास इंजीनियरिंग डिप्लोमा और 6 हजार के पास आईटीआई का सर्टिफिकेट है। वहीं 41 हजार उम्मीदवार पोस्ट ग्रेजुएट हैं, जबकि 2 लाख 77 हजार ग्रेजुएशन कर चुके हैं। इसके अलावा 3 लाख 41 हजार उम्मीदवार 12वीं पास हैं।

Tags:
  • मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा
  • Madhya Pradesh Police Constable Recruitment Exam Postponed
  • मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा टली
  • MP Police Constable Bharti 2023
  • ESB Madhya Pradesh Exam Update
  • एमपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती
  • मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा
  • पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा