आईपीएस मलय जैन को बालाघाट की कमान, ग्वालियर से उज्जैन तक इन 5 अफसरों को भी मिली नई जिम्मेदारी
देखें लिस्ट...
5 IPS अफसरों की जिम्मेदारी बदली, जानिए किसे कहां मिली पोस्टिंग
1. मलय जैन बने बालाघाट के नए एसपी
2017 बैच के आईपीएस अधिकारी मलय जैन को बालाघाट का नया एसपी बनाया गया है। वे अभी भोपाल पुलिस मुख्यालय में असिस्टेंट आईजी के पद पर तैनात हैं। अब वे बालाघाट जिले की कमान संभालेंगे। इसके साथ ही उन्हें हॉक फोर्स बालाघाट के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यह जिम्मेदारी अगले आदेश तक रहेगी।
बता दें कि इससे पहले 27 अक्टूबर को 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी आदित्य मिश्रा का बालाघाट से तबादला कर दिया गया था। वे बालाघाट में एसपी के पद पर तैनात थे। सरकार ने उन्हें देवास जिले का नया एसपी बनाया है।
2. सचिन अतुलकर को ग्वालियर की अतिरिक्त जिम्मेदारी
2007 बैच के आईपीएस अधिकारी सचिन कुमार अतुलकर को ग्वालियर में आईजी विसबल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे फिलहाल चंबल जोन, मुरैना के आईजी हैं। अब वे मुरैना में अपना मौजूदा काम संभालने के साथ ग्वालियर में विशेष सशस्त्र बल यानी विसबल की जिम्मेदारी भी देखेंगे।
3. उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा को अतिरिक्त प्रभार
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रदीप शर्मा को उज्जैन की 32वीं वाहिनी विसबल के सेनानी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रदीप शर्मा अभी उज्जैन के एसपी हैं। वे जिले की पुलिस व्यवस्था संभालने के साथ नई जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
4. वाहनी सिंह को मंदसौर नारकोटिक्स की जिम्मेदारी
2014 बैच की आईपीएस अधिकारी वाहनी सिंह को एसपी नारकोटिक्स, मंदसौर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे फिलहाल इंदौर के पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (पीटीसी) में एसपी हैं। अब वे इंदौर में अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ मंदसौर नारकोटिक्स का काम भी देखेंगी। वहीं, 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक आनंद को मंदसौर नारकोटिक्स के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
5. नगेन्द्र सिंह को एसपी रेल भोपाल का अतिरिक्त प्रभार
2014 बैच के आईपीएस अधिकारी नगेन्द्र सिंह को एसपी रेल भोपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे अभी भोपाल में 25वीं वाहिनी विसबल के सेनानी हैं। अब उन्हें अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ रेल पुलिस भोपाल का काम भी देखना होगा।
गृह विभाग ने जारी किया आदेश
मध्यप्रदेश सरकार के गृह विभाग ने 6 नवंबर 2026 को इन बदलावों का आदेश जारी किया है। पांच आईपीएस अधिकारियों में से एक को नई पोस्टिंग दी गई है, जबकि चार अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये व्यवस्थाएं अस्थायी तौर पर अगले आदेश तक लागू रहेंगी।
FAQ's
- IPS मलय जैन को किस जिले का नया एसपी बनाया गया है?
IPS मलय जैन को बालाघाट का नया एसपी बनाया गया है। - IPS सचिन अतुलकर की नई जिम्मेदारी क्या है?
IPS सचिन अतुलकर को ग्वालियर में आईजी विसबल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।