MP में रीलबाज पुलिसकर्मियों की खुलेगी कुंडली, PHQ ने मांगी सोशल मीडिया अकाउंट की डिटेल, पुराने वीडियो हटाने की मची होड़

Ratan Kumar Mishra | Published:
मध्य प्रदेश में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
Police personnel in Madhya Pradesh who create social media reels while in uniform may face increased trouble.
वर्दी पहनकर कभी फिल्मी गानों पर रील, तो कभी हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर छाने का शौक अब पुलिसकर्मियों की मुश्किल बढ़ा सकता है। लाइक और व्यूज के लिए बनाए गए ऐसे वीडियो अब पुलिस मुख्यालय (PHQ) की नजर में आ गए हैं। मुख्यालय के निर्देश के बाद ग्वालियर में पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया अकाउंट की गोपनीय जांच शुरू हो गई है।

साइबर सेल पता लगा रही है कि किस पुलिसकर्मी ने वर्दी में क्या पोस्ट किया और कहीं इससे विभाग के नियम तो नहीं टूटे। इधर, जांच की खबर मिलते ही कुछ पुलिसकर्मियों ने अपने पुराने वीडियो और फोटो हटाना शुरू कर दिए हैं। महिला आरक्षक की कार्बाइन वाली वायरल रील के बाद इस मामले में सख्ती और बढ़ गई है।



अब पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर

पुलिस की वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की कोशिश अब विभागीय कार्रवाई की वजह बन सकती है। पुलिस मुख्यालय ने मध्यप्रदेश के सभी जिलों में ऐसे पुलिसकर्मियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं, जो वर्दी में अनावश्यक रील बनाते हैं या आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट करते हैं।



ग्वालियर में इस काम की जिम्मेदारी साइबर सेल को दी गई है। टीम पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया अकाउंट की Social Media Monitoring कर रही है। इसमें देखा जा रहा है कि वीडियो कब और किस तरह बनाया गया, उसमें क्या दिखाया गया है और क्या वह पुलिस विभाग के अनुशासन के खिलाफ है।



जांच में केवल वर्दी पहनकर बनाए गए वीडियो ही नहीं देखे जाएंगे। अगर किसी पुलिसकर्मी ने बिना वर्दी भी प्रतिबंधित सामग्री का प्रदर्शन करते हुए वीडियो बनाया है, तो वह भी जांच के दायरे में आ सकता है।



जांच की भनक लगी तो पुराने वीडियो हटाने लगे

पुलिस मुख्यालय के निर्देश की जानकारी मिलते ही ग्वालियर पुलिस विभाग में हलचल शुरू हो गई है। जिन पुलिसकर्मियों ने पहले वर्दी में रील या दूसरे वीडियो पोस्ट किए थे, उनमें से कुछ अब अपने अकाउंट से पुरानी पोस्ट हटाने में जुट गए हैं।



हालांकि, साइबर सेल वायरल हो चुके वीडियो के साथ संबंधित अकाउंट की भी पड़ताल कर रही है। जांच का मकसद यह पता लगाना है कि सोशल मीडिया पर सक्रिय पुलिसकर्मियों ने कहीं विभागीय नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया है।



नियमों के खिलाफ कंटेंट मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ Departmental Action हो सकता है।



महिला आरक्षक की कार्बाइन वाली रील से बढ़ी सख्ती

महिला आरक्षक की कार्बाइन वाली रील
Reel featuring a female constable with a carbine

ग्वालियर में पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर उठे सवालों के बीच महिला आरक्षक कुमकुम दुबे का मामला भी चर्चा में रहा है। दीपावली के दौरान कुमकुम दुबे की कार्बाइन गन चलाते हुए बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। शासन की ओर से कार्बाइन गन पर प्रतिबंध के बावजूद इस तरह का वीडियो सामने आने से विवाद खड़ा हो गया था।



मामला ग्वालियर एसपी तक पहुंचा तो उन्होंने महिला आरक्षक को निलंबित कर दिया था। इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों के हथियारों के साथ वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर डालने को लेकर सवाल उठे थे।



माना जा रहा है कि इस तरह के मामलों के बाद ही पुलिस मुख्यालय ने पूरे प्रदेश में पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।



लोगों को जागरूक करने वाले वीडियो बना सकेंगे पुलिसकर्मी

पुलिस मुख्यालय की सख्ती का मतलब यह नहीं है कि पुलिसकर्मी सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना लें। जनता को उपयोगी जानकारी देने वाले वीडियो पर कोई रोक नहीं है।



पुलिसकर्मी साइबर ठगी से बचने के तरीके, यातायात नियम और अपराधों से सुरक्षित रहने की जानकारी देने वाले वीडियो बना सकेंगे।



जांच का मुख्य फोकस उन वीडियो पर रहेगा, जिनमें वर्दी की गरिमा का ध्यान नहीं रखा गया है, आपत्तिजनक गतिविधियां दिखाई गई हैं या प्रतिबंधित सामग्री का प्रदर्शन किया गया है।



तीन तरह के वीडियो पर पुलिस की नजर

1. महिला आरक्षक की कार्बाइन वाली रील

दीपावली पर महिला आरक्षक कुमकुम दुबे का कार्बाइन गन चलाते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में ग्वालियर एसपी ने उन्हें निलंबित किया था।



2. वर्दी में मनोरंजन के लिए बनाई गई रील

वर्दी पहनकर अनावश्यक रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों के अकाउंट खंगाले जा रहे हैं। अभी ऐसे अन्य पुलिसकर्मियों के नाम सामने नहीं आए हैं।



3. बिना वर्दी प्रतिबंधित सामग्री का प्रदर्शन

बिना वर्दी प्रतिबंधित सामग्री के साथ वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मी भी जांच के दायरे में हैं। फिलहाल इस श्रेणी में किसी पुलिसकर्मी का नाम सार्वजनिक नहीं हुआ है।



एसपी बोले- आदेश में क्या जानकारी मांगी है, पता करवा रहे हैं

इस मामले में ग्वालियर एसपी जयराज कुबेर का कहना है कि पुलिस मुख्यालय के आदेश में किस तरह की जानकारी मांगी गई है और उसका दायरा क्या है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल उन्हें आदेश की पूरी जानकारी नहीं मिली है।

Tags:
  • Police Reels Social Media
  • वर्दी में रील बनाने वाले पुलिसकर्मी
  • Police Department Social Media Policy
  • पुलिस मुख्यालय सोशल मीडिया जांच
  • Police Personnel Social Media Accounts
  • रीलबाज पुलिसकर्मियों की खुलेगी कुंडली
  • रीलबाज पुलिसकर्मी
  • मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय
  • Social Media Monitoring
  • वर्दी में रील