पालने में सगाई, बचपन में शादी और कई बार सौदा, एमपी में नातरा-झगड़ा प्रथा के नाम पर अपनी ही बेटियों को बेच रहे मां-बाप
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों में इस दर्द की कीमत लाखों में लगाई जाती है। हैरानी की बात यह है कि समाज के ठेकेदार भारी-भरकम हर्जाना तो लगा देते हैं, लेकिन इसे चुकाने के लिए खुद एक पिता अपनी बेटी का सौदा करने पर मजबूर हो जाता है।
यह चौंकाने वाली सच्चाई जिले के कालीपीठ, खिलचीपुर, जीरापुर, भोजपुर, ब्यावरा और सुठालिया क्षेत्र के करीब 50 गांवों से सामने आई है। यहां बाल विवाह और नातरा-झगड़ा कुप्रथा की आड़ में लड़कियों की खरीद-फरोख्त बिना किसी डर के जारी है। विडंबना यह है कि झगड़े की रकम भरने के लिए कई बेटियों को दो से तीन बार तक बेचा गया है।
क्या है यह नातरा-झगड़ा प्रथा ?
बता दें कि ग्रामीण इलाकों में शादी का रिश्ता खत्म करने की प्रक्रिया को फारगति कहा जाता है। इसके तहत गांव में पंचायत बैठाकर दोनों पक्षों के बीच अलग होने की शर्तें तय की जाती हैं। इस पंचायत में कई बार लड़की के परिवार पर 10 से 20 लाख रुपए तक का झगड़ा यानी हर्जाना लगा दिया जाता है।
वहीं अगर परिवार यह मोटी रकम नहीं चुका पाता है तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया जाता है। साथ ही उनके घर में तोड़फोड़ तक की जाती है। इसके अलावा लड़की की दूसरी शादी में भी अड़चनें पैदा की जाती हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इस दबाव को झेल नहीं पाते हैं। इससे वे मजबूरी में अपनी बेटियों को दूसरी जगह शादी के नाम पर सौंप देते हैं।
हर साल कई लड़कियां हो रही शिकार
जिले में होने वाले विवाहों का कोई पंजीकृत सरकारी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। हालांकि कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की वेडिंग इंडस्ट्री रिपोर्ट इसकी कुछ सच्चाई बयां करती है। रिपोर्ट का अनुमान है कि जिले में हर साल 9 से 11 हजार शादियां होती हैं।
लाल चुनर गैंग की अध्यक्ष मोना सुस्तानी के अनुसार करीब 700 से हजार लड़कियां हर साल रिश्ता टूटने के बाद सौदेबाजी का शिकार होती हैं। उनके संगठन ने साल 2019 से 2026 के बीच 278 लड़कियों को इस दलदल से बाहर निकाला है। वहीं अहिंसा वेलफेयर संस्था ने भी प्रशासन की मदद से 500 से ज्यादा बाल विवाह रुकवाए हैं।
तीन मामले, जो समाज की इस कुप्रथा का काला सच दिखाते हैं
इस इलाके में बेटियों के साथ हो रहे इस अन्याय को समझने के लिए ये तीन मामले बहुत हैं, जो किसी को भी झकझोर सकते हैं।
18 साल की उम्र में तीसरी शादी
जानकारी के अनुसार कालीपीठ क्षेत्र की एक बच्ची की महज दो महीने की उम्र में सगाई कर दी गई थी। इसके बाद 11 साल की उम्र में उसकी शादी हो गई। ससुराल में प्रताड़ना के कारण जब यह रिश्ता टूटा, तो ससुराल वालों ने दो लाख रुपए का झगड़ा मांग लिया।
इस रकम को चुकाने के लिए पिता ने 13 साल की उम्र में उस बच्ची को दो लाख रुपए लेकर एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति से ब्याह दिया। दुर्भाग्य से यह रिश्ता भी टूट गया। इस बार 3 लाख रुपए का नया झगड़ा खड़ा हो गया। आखिरकार 18 साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते पिता ने पांच लाख रुपए लेकर उसकी तीसरी शादी कर दी।
20 लाख का झगड़ा नहीं चुका पाए तो बेच दिया
कालीपीठ क्षेत्र की ही एक अन्य युवती ने बचपन में तय की गई। इसके बाद युवती ने अपनी सगाई से इनकार कर दिया था। इस बात से नाराज होकर पंचायत ने उसके परिवार पर 20 लाख रुपए का भारी झगड़ा लगा दिया। इसी परेशानी के दौर में गांव के एक युवक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसे लव मैरिज करने का झांसा दिया।
आरोप है कि साल 2021 में उस युवक ने युवती को राजस्थान ले जाकर चार भाइयों के हाथों पांच लाख रुपए में बेच दिया। वहां 22 दिनों तक लगातार शोषण झेलने के बाद युवती किसी तरह भागकर अपने घर लौटी और पुलिस में मामला दर्ज कराया।
दोस्ती से नाराज मां ने बेटी का सौदा किया
सीहोर जिले के श्यामपुर की रहने वाली एक 13 साल की किशोरी की एक लड़के से दोस्ती थी। इस दोस्ती से नाराज होकर उसकी मां ने साल 2019 में दो लाख रुपए लेकर उसका विवाह राजगढ़ के एक 40 साल के व्यक्ति से कर दिया। इसके बाद साल 2025 में जब वह युवती बालिग हुई तो उसने अपने उसी पुराने मित्र से शादी कर ली। बालिग होने के बाद उसने हिम्मत दिखाई और अपनी मां तथा पहले पति के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया।
प्रशासन का क्या कहना है?
इस पूरे मामले पर राजगढ़ के कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि सभी रिपोर्टों के आधार पर जिले में बाल विवाह के मामलों में 50 प्रतिशत तक की कमी आई है। कलेक्टर ने कहा कि यदि जिले में कहीं भी शादी के नाम पर लड़कियों की खरीद-फरोख्त की जाती है, तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर क्यों जरूरी है?
राजगढ़ जिले के करीब 50 गांवों में सामने आए मामले कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। आखिर रिश्ता टूटने पर लाखों रुपए का हर्जाना तय करने का अधिकार पंचायतों को किसने दिया है? क्या आर्थिक दबाव के नाम पर किसी लड़की की जिंदगी का सौदा किया जा सकता है?
एक तरफ बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन और सामाजिक संगठन काम कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ नातरा-झगड़ा जैसी कुप्रथाओं के कारण लड़कियों को बार-बार शादी और शोषण का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब किसी परिवार पर 10 से 20 लाख रुपए का झगड़ा लगाया जाता है, तो उस पर नजर रखने और पीड़ित लड़कियों को सुरक्षा देने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? बेटियों को बचाने के लिए सिर्फ बाल विवाह रोकना ही काफी नहीं है। रिश्ता टूटने के बाद होने वाली कथित सौदेबाजी और आर्थिक दबाव पर भी रोक लगाना जरूरी है।
FAQ
1. नातरा-झगड़ा प्रथा क्या है?
नातरा-झगड़ा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचलित एक कुप्रथा है। जब बचपन में तय हुई सगाई या शादी का रिश्ता टूटता है, तो गांव में पंचायत बैठती है और रिश्ता खत्म करने (फारगति) की शर्तें तय करती है। इसमें लड़की पक्ष पर 10 से 20 लाख रुपए तक का जुर्माना यानी 'झगड़ा' लगाया जाता है। इस रकम को न चुका पाने पर परिवार को डराया-धमकाया जाता है और मजबूरन वे अपनी बेटी की दूसरी जगह शादी कर पैसे जुटाते हैं।
2. राजगढ़ जिले में हर साल कितनी लड़कियां नातरा-झगड़ा प्रथा का शिकार होती हैं?
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में हर साल 9 से 11 हजार शादियां होती हैं। लाल चुनर गैंग की अध्यक्ष मोना सुस्तानी के अनुसार, इनमें से करीब 7 से 10 प्रतिशत यानी लगभग 700 से 1,000 लड़कियां हर साल रिश्ता टूटने के बाद सौदेबाजी का शिकार होती हैं।