परीक्षा में सेटिंग का खेल? FIR के बाद ठंडी पड़ी MP की दो बड़ी भर्तियों की जांच!

Atul Dwivedi | Published:
mp-recruitment-excise-exam-scam-investigation
mp-recruitment-excise-exam-scam-investigation
मध्य प्रदेश में 2025 की पुलिस व आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षाओं में कंप्यूटर हैक कर आखिरी मिनटों में पेपर हल कराने का घोटाला सामने आया। FIR के बाद भी मुख्य आरोपी और सेंटर स्टाफ अब तक फरार हैं।

एक कहावत है। जो पकड़ा गया वही चोर है। इसके बाद न किसी जांच की जरूरत, न पड़ताल की। बस हाथ पर हाथ धरे बैठे रहो और इंतजार करो कि सब कुछ अपने आप हो जाए। कुछ ऐसा ही हो रहा है मध्यप्रदेश में। यहां बीते साल यानी 2025 में दो बड़ी भर्तियां हुईं। एक आबकारी आरक्षक भर्ती और दूसरी पुलिस आरक्षक भर्ती।



इन दोनों ही परीक्षाओं में एग्जाम सेंटर्स पर गड़बड़ी के आरोप लगे। इसके बाद FIR तक दर्ज हुई। लेकिन उसके बाद पूरा मामला ठंडा पड़ गया।



आरक्षक भर्ती में क्या हुआ था ?

कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 30 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2025 तक ये परीक्षा हुई। 11 शहरों में हुई इस परीक्षा में 46 सेंटर बनाए गए थे। डाटा की जांच, सीसीटीवी फुटेज, रजिस्ट्रेशन लॉग इन डिटेल की जांच की गई। ईएसबी का दावा है कि जांच में सामने आया कि भोपाल के सेंट्स कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी के 14 उम्मीदवारों के डाटा ठीक नहीं है।



सेंटर पर जो दूसरे लोग मौजूद थे, उनकी तरफ से उम्मीदवारों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई। इन सभी 14 उम्मीदवारों के डाटा असामान्य थे। इसके बाद ईएसबी ने इन सभी के खिलाफ अनुचित साधन इस्तेमाल करने का केस बनाकर उम्मीदवारी निरस्त कर दी।



आरोप लगे कि लास्ट के 20-25 मिनट में ही इन उम्मीदवारों ने पूरे सवाल हल किए। यानी इनके कंप्यूटर कॉम्प्रोमाइज किए गए और इसमें सेंटर की मिलीभगत थी। जब इनके नंबर सबसे ज्यादा आए तब ईएसबी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इन 14 उम्मीदवारों के रिजल्ट होल्ड किए गए। जांच में पता चला कि इन सभी ने ज्यादातर वक्त सिर्फ कंप्यूटर में स्क्रीन आगे पीछे की। लेकिन लास्ट के 20-25 मिनट में पूरा पेपर सॉल्व कर दिया।



आबकारी आरक्षक भर्ती में क्या हुआ?

आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा जो 9 से 25 सितंबर 2025 तक हुई। इसमें भी कुछ ऐसा ही हुआ था। रतलाम शहर के रतलाम पब्लिक स्कूल में भिंड, मुरैना और दूसरे शहरों के 12 उम्मीदवारों के नंबर बहुत ज्यादा थे। जांच में पता चला कि इन सभी ने परीक्षा के लास्ट 20 मिनट में ही पेपर को सॉल्व किया। बाकी वक्त सिर्फ स्क्रीन को स्क्रॉल करते रहे।



आरोप लगे कि इन सभी के कंप्यूटर कंप्रोमाइज थे, और दूसरी स्क्रीन पर पेपर देखा जा रहा था। इसके बाद इन्हें आंसर बताए गए। यहां भी सेंटर के एक शख्स की भूमिका पर सवाल उठा, जो इनकी मदद कर रहा था। ईएसबी की शिकायत पर पहले भोपाल में केस हुआ, फिर जांच रतलाम पुलिस को सौंपी गई।



दोनों केस में क्या अपडेट ?

आबकारी आरक्षक भर्ती मामले को 1 साल होने को है। इस मामले में रतलाम के सेंटर से जिन 12 आरोपियों के खिलाफ ईएसबी की शिकायत पर केस हुआ, उनमें से 8 फरार हैं। पुलिस सिर्फ 4 आरोपी उम्मीदवारों को पकड़ सकी है। आरक्षक भर्ती मामले में भी जो हाईटेक नकल हुई। उस मामले को भी 9 महीने बीत चुके हैं।



लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं। द सूत्र ने जब एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिंद से संपर्क किया, तो उनका कहना था कि मामले में कुछ भी अपडेट नहीं है। यानी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। शायद किसी और एग्जाम में नकल का इंतजार किया जा रहा है।



बड़ी कार्रवाई कब ?

दोनों ही मामलों में कार्रवाई सिर्फ उन उम्मीदवारों पर हो रही है, जो परीक्षा में शामिल थे। क्योंकि वो आसान मोहरा हैं। भोपाल और रतलाम के सेंटर पर जिस स्टाफ की ड्यूटी थी। जो इन आरोपियों की मदद कर रहा था उनके खिलाफ कब एक्शन होगा ये बड़ा सवाल है। इतना ही नहीं जिस सेंटर पर ये सारे कांड हुए क्या उस सेंटर पर कार्रवाई होगी ये भी बड़ा सवाल है ? और अगर ये पूरा काम किसी गिरोह का है, तो क्या पुलिस के हाथ कब उस आरोपी तक पहुंचेंगे ? इसका जवाब कौन देगा ?



जिम्मेदार क्या बोले ?

इस मामले में द सूत्र ने रतलाम एसपी अमित कुमार से बात की। उनका कहना है कि पुलिस ने आरोपियों पर ईनाम जारी किया है। जो भी गुनहगार होगा, सभी को आरोपी बनाया जाएगा। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में और अपडेट जानने के लिए द सूत्र ने जांच अधिकारी डीएसपी गायत्री सोनी से बात की। उनका कहना है कि हम जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लेंगे।



गायत्री सोनी का कहना है कि परीक्षा करवाने वाली कंपनी एप्टेक के कर्मचारियों से भी हमने बात की। इसके अलावा स्कूल की प्रिंसिपल से भी पूछताछ की गई। 300 कंप्यूटर की जांच की गई है। पकड़े गए आरोपियों का कहना है कि वो लोग एक दूसरे को नहीं जानते। लेकिन जो मुख्य आरोपी हो सकता है, वो शायद इन सभी को जानता था।



डीएसपी का ये भी कहना है कि सीसीटीवी में जिस कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध है, उसकी भी तलाश की जा रही है। स्कूल की कितनी भूमिका है ये जांच के बाद ही साफ होगा।



यह खबरें भी पढ़ें...



एमपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 150 टीआई बने डीएसपी, देखें लिस्ट



TET नहीं देने पर शिक्षक के खिलाफ नहीं होगी कार्रवाई, ग्वालियर HC का बड़ा आदेश



एमपी में मुफ्त या टैक्स फ्री दिखाएं हनुमान अंश, इन विधायकों की सीएम से मांग



ऑफलाइन एग्जाम से रुकेगी गड़बड़ी? MPESB सिस्टम पर बड़ा सवाल



Tags:
  • रतलाम
  • कर्मचारी चयन मंडल
  • FIR
  • पुलिस आरक्षक भर्ती
  • ईएसबी
  • आबकारी आरक्षक भर्ती