गजब एमपी में अजब व्यवस्था! शराब दुकानों पर बैठे डॉक्टर, पहले सेहत की जांच, फिर मिल रही शराब

Sourabh Bhatnagar | Published:
सागर में शराब की दुकान पर खरीदार की सेहत की जांच करते डॉक्टर
मध्य प्रदेश अजब है और यहां के नजारे भी गजब हैं। अब तक आपने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों को मरीजों की जांच करते देखा होगा, लेकिन सागर जिले में नजारा कुछ अलग ही है। यहां डॉक्टर साहब शराब की दुकानों पर बैठे हैं। शराब खरीदने पहुंचे लोगों की पहले सेहत की जांच हो रही है, उसके बाद शराब दी जा रही है।

सुनने में भले ही यह व्यवस्था अनोखी लगे, लेकिन इसके पीछे प्रशासन का एक गंभीर मकसद है। बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने यह अनोखी पहल शुरू की है।



शराब की दुकान पर डॉक्टर साहब की ड्यूटी

एक तरफ अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है, तो दूसरी तरफ सागर जिले में डॉक्टरों की टीम शराब दुकानों पर लोगों का Health Checkup कर रही है। प्रशासन ने जहरीली शराब से होने वाली घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह व्यवस्था शुरू की है। शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों की सेहत का हाल जाना जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उनके खून के सैंपल भी लिए जा रहे हैं।



दो दिन में 147 लोगों की हुई जांच

प्रशासन के इस अभियान के तहत रविवार को बंडा और सागर में शराब खरीदने पहुंचे 50 लोगों की सेहत की जांच की गई। वहीं, सोमवार को सागर, देवरी, रहली, खुरई और बीना में 97 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस तरह महज दो दिनों में शराब दुकानों पर 147 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।



नियमित शराब खरीदने वालों की बनाई सूची

आबकारी विभाग ने शराब दुकानदारों से नियमित रूप से शराब खरीदने वाले लोगों की सूची मांगी थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब सूची में शामिल लोगों के अलावा दुकान पर पहुंचने वाले अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।



शारीरिक रूप से कमजोर नजर आने वाले लोगों के Blood Samples लिए जा रहे हैं। साथ ही उनके मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि जांच रिपोर्ट आने के बाद उनसे संपर्क कर जरूरी फॉलोअप किया जा सके।



शराब लेने पहुंचे लोगों को छोड़ने की नसीहत

इस अभियान का दिलचस्प पहलू यह भी है कि लोग शराब खरीदने पहुंच रहे हैं और डॉक्टर उन्हें शराब छोड़ने की सलाह दे रहे हैं। डॉक्टरों ने समझाया कि यदि कोई शराब पीता है तो खाली पेट इसका सेवन न करे और अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखे। इसके अलावा सरकारी दुकानों से ही शराब खरीदने की सलाह भी दी जा रही है।



अनोखी व्यवस्था के पीछे गंभीर वजह

भले ही शराब दुकानों पर डॉक्टरों का बैठना लोगों के लिए हैरानी की बात हो, लेकिन प्रशासन की इस Health Screening पहल के पीछे बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतें हैं। प्रशासन इस अभियान के जरिए शराब पीने वालों की सेहत पर नजर रखने और ऐसी घटनाओं को रोकने की कोशिश कर रहा है।



क्या है सागर का जहरीली शराब कांड? टाइमलाइन से समझें

सितंबर में मध्य प्रदेश के सागर जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 36 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। दीपावली से पहले ही कई परिवारों की खुशियां उजड़ गई थीं। अपनों को खोने वाले परिवार अब तक इस सदमे से उबर नहीं सके हैं।



  • 5 सितंबर: बंडा सिविल अस्पताल में उल्टी, शरीर में अकड़न, शरीर नीला पड़ने और आंखों की रोशनी कम होने की शिकायत लेकर मरीज पहुंचने लगे।
  • 5 सितंबर की रात: तत्कालीन कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया बंडा पहुंचे। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर कराया गया।
  • 6 सितंबर: सुबह तक 9 लोगों की मौत हो गई। शाम तक मृतकों की संख्या 15 के पार पहुंच गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
  • 7 सितंबर: मृतकों का आंकड़ा 22 के पार पहुंचा। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध और जहरीली शराब जब्त की।
  • 8 सितंबर: दो और लोगों की मौत हुई। पुलिस ने गांवों में गश्त बढ़ाई और मुनादी कराई। नए मरीजों की संख्या कम होने लगी।
  • 9 सितंबर: कोई नया मरीज या मौत का मामला सामने नहीं आया। पुलिस ने 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया और अवैध शराब जब्त की।
  • 10 सितंबर: आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत, मनीष लोधी और आशीष साहू के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया।
  • 11 सितंबर: फरार आरोपी रवि लखेरा को बरायठा के जंगल में शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया।
Tags:
  • सागर शराब कांड
  • Madhya Pradesh Health Checkup
  • शराब दुकानों पर डॉक्टर
  • Toxic Liquor Deaths Sagar
  • जहरीली शराब मौतें सागर
  • Doctors at Liquor Stores
  • एमपी शराब की दुकानें