अस्पतालों में गंभीर मरीजों के लिए डॉक्टर नहीं, सागर में शराबियों के हेल्थ चेकअप की चिंता !

Atul Dwivedi | Published:
सागर जिले के बीना में शराब की दुकान के बाहर स्वास्थ्य परीक्षण करते डॉक्टर।
A doctor conducts a health checkup outside a liquor shop in Bina, Sagar district, raising questions about administrative priorities amid a shortage of doctors in government hospitals.
एमपी अजब है, सबसे गजब है ! आपने यह लोकप्रिय स्लोगन तो सुना ही होगा। मप्र पर्यटन विकास निगम ने ये पॉपुलर स्लोगन, प्रदेश को टूरिज्म के सेक्टर में प्रमोट करने के लिए 2010 में बनवाया था। बरसों बाद ये स्लोगन फिर से चर्चा में है, लेकिन पर्यटन नहीं सागर जिला प्रशासन के कारनामे की वजह से।

जी हां, शराब दुकानों पर सरकारी डॉक्टर को तैनात कर शराबियों का हेल्थचेकअप कराने का कारनामा।



जहरीली शराब कांड से हुई बदनामी का दाग धोने के फेर में प्रशासन ठंडे दिमाग से यह सोचना भी भूल गया कि जिस जिले के कई सरकारी अस्पतालों में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए डॉक्टरों की कमी है, वहां शराब दुकानों पर सुरा प्रेमियों की खातिर डॉक्टर तैनात करने के प्रयोग से उसे शाबासी मिलने के बजाय बड़ी फजीहत का सामना करना पड़ेगा।



वाह रे मध्यप्रदेश! गजब है तेरी व्यवस्था!

दरअसल, मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा में सितंबर 2026 में जहरीली शराब पीने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। दावा है कि 20 नवंबर को भी दो लोगों की जान चली गई। उम्मीद थी कि प्रशासन नकली और जहरीली शराब बेचने वालों पर शिकंजा कसेगा। लेकिन प्रशासन की सोच तो दो कदम आगे निकली।



प्रचार का दांव उल्टा पड़ा तो खंडन

सागर जिले में शराब दुकानों पर सरकारी डॉक्टर तैनात कर शराबियों का हेल्थ चेकअप कराने के प्रयोग से पहले लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने बुजुर्ग और बीमार लोगों को शराब न बेचने का फरमान सुनाया था, लेकिन जब सोशल मीडिया से लेकर मेन स्ट्रीम में इस फैसले की व्यवहारिकता पर सवाल उठे तो प्रशासन ने एक्स प्लेटफार्म पर लिखित बयान जारी कर इसे तथ्यहीन और भ्रामक खबर साबित करने में देर नहीं लगाई।



जिला प्रशासन का खंडन

लेकिन असली कमाल तो इसके बाद हुआ...

बीना में शराब की दुकान के बाहर हेल्थ कैंप लग गया। शराब खरीदने आने वालों का स्वास्थ्य परीक्षण होने लगा। डॉक्टर साहब ब्लड सैंपल लेने लगे। लीवर की जांच। किडनी की जांच। दिल की धड़कनों की जांच। मतलब हाथ में शराब की बोतल और बगल में स्वास्थ्य सेवाएं! आदतन शराब पीने वालों की जांच प्राथमिकता से की जाने लगी। उन्हें शराब के नुकसान समझाए जाने लगे।



मौके पर मौजूद डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि ये सब कलेक्टर के निर्देश पर हो रहा है।



धर्मेंद्र सिंह,डॉक्टर

आबकारी उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने भी बताया कि कैंप सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे के निर्देश पर लगाया गया है।



शैलेन्द्र सिंह, आबकारी उप निरीक्षक

स्वास्थ्य विभाग इलाज में जुटा था, आबकारी विभाग इंतजाम में

बस ऐसी ही सक्रियता सरकारी अस्पतालों में भी दिख जाए तो मरीजों का भला हो जाए। शराब दुकान के बाहर हेल्थ कैंप पर सवाल उठे तो एक और खंडन सामने आया। सागर कलेक्टर के नाम से जारी खंडन में कहा गया कि शराब खरीदने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य होने की खबर भ्रामक और तथ्यहीन है। स्वास्थ्य परीक्षण और जनस्वास्थ्य जागरूकता एक सामान्य प्रक्रिया है।



चलिए मान लिया। स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य नहीं था। सामान्य प्रक्रिया थी। लेकिन द सूत्र का सवाल है कि इस सामान्य प्रक्रिया के लिए शराब की दुकान ही क्यों चुनी गई? क्या सरकारी अस्पतालों में मरीजों की कतारें खत्म हो गई हैं? क्या विशेषज्ञ डॉक्टरों के सारे खाली पद भर गए हैं? क्या गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने लगा है?



जरा मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत भी देख लीजिए

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों के 3 हजार 948 पद खाली हैं। सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों और सर्जन के 55 पद खाली हैं। जिला अस्पताल में न शिशु रोग विशेषज्ञ है, न सर्जन। लेकिन शराब खरीदने वालों की सेहत जांचने के लिए डॉक्टर उपलब्ध हैं। दावा है कि इस अभियान के तहत बंडा और सागर में शराब खरीदने आए 50 लोगों की सेहत जांची गई। काश! ऐसी ही तत्परता अस्पतालों में भर्ती गंभीर मरीजों के लिए भी दिखाई जाती।



डॉक्टरों ने निर्देश पर उठाए सवाल

जिला प्रशासन के ऐसे बेतुके निर्देश पर डॉक्टर्स ने भी सवाल उठाए। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर सर्वेश जैन ने इस पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हर सरकारी अस्पताल में एक शराब का काउंटर ही खुलवा दीजिए। शराब पीने वाला वहीं शराब खरीदेगा और वहीं अपना चेकअप भी करवा लेगा। डॉक्टर जैन का कहना है कि एक डॉक्टर के तौर पर ऐसी व्यवस्था देखकर बुरा लगता है। शराब छुड़वाने के लिए काउंसलिंग होनी चाहिए। अस्पतालों में पहले ही डॉक्टरों की कमी है।



सर्वेश जैन, डॉक्टर, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज

ऐसे में डॉक्टर शराब की दुकानों पर बैठे नजर आएंगे तो सवाल उठेंगे ही। हालांकि उन्होंने प्रशासन के इस फैसले का भी बचाव किया। कहा कि नकली शराब और लोगों के स्वास्थ्य की जो चिंता प्रशासन को है वो जायज है। लेकिन इसके लिए आबकारी विभाग में एसटीएफ जैसी टास्क फोर्स होनी चाहिए, जो तुरंत एक्शन ले, जल्द जांच पूरी करे।



शराब पीने वालों की सेहत की चिंता करना गलत नहीं है। नशामुक्ति के लिए अभियान चलाना भी जरूरी है। लेकिन सवाल प्रशासन की प्राथमिकताओं का है। जहरीली शराब बेचने वालों पर कितनी सख्ती हुई? अस्पतालों में खाली पड़े डॉक्टरों के पद कब भरेंगे? गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टर कब मिलेंगे? कहीं ऐसा तो नहीं कि बीमारी की जड़ पर कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन सिर्फ नब्ज टटोल रहा है?



इतना ही नहीं सागर में डॉक्टर साहब शराबियों की किडनी और लीवर की चिंता कर रहे थे, तो भोपाल में खाद्य सुरक्षा अमला शादियों में छापा मारकर खाने के सैंपल ले रहा था। मतलब गजब है। होली पर मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट्स से जो सैंपल लिए जाते हैं, उनकी जांच दीपावली तक पूरी नहीं होती। दीपावली में लिए गए सैंपल की रिपोर्ट होली तक नहीं आती। लेकिन प्रशासन को शादियों में छापा मारना है। यहां एक सवाल उठता है, क्या आप अपने परिवार की शादी में खराब खाना परोसेंगे ? शायद नहीं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ भी करने वाले प्रशासन को ये बात कौन समझाए ?

Tags:
  • सागर शराब दुकान हेल्थ कैंप
  • Doctor shortage in hospitals
  • अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी
  • Health checkups at liquor stores
  • शराब की दुकानों पर हेल्थ चेकअप
  • Sagar district health services
  • मध्य प्रदेश में डॉक्टरों की कमी
  • Sagar liquor shop health camp