एक ही कॉलेज, एक जैसा सपना, फिर प्यार और शादी... जानें एमपी के दो SDM की अनोखी प्रेम कहानी
यह कहानी सतना जिले के नागौद में तैनात एसडीएम सोमेश द्विवेदी (SDM Somesh Dwivedi) और शहडोल जिले के ब्यौहारी में पदस्थ एसडीएम अर्चना मिश्रा (SDM Archana Sharma) की है। दोनों ने 25 नवंबर 2026 को एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए और अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की है।
रीवा के मॉडल साइंस कॉलेज में हुई थी पहली मुलाकात
सोमेश और अर्चना की प्रेम कहानी किसी सरकारी ट्रेनिंग सेंटर या मीटिंग हॉल में शुरू नहीं हुई थी। दोनों की पहचान रीवा के मशहूर मॉडल साइंस कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान हुई थी। उस समय दोनों की आंखों में एक ही सपना था कि प्रतियोगी परीक्षा पास करके प्रशासनिक सेवा में जाना है।
करियर को लेकर एक जैसी सोच और पढ़ाई की चर्चाओं ने उन्हें करीब ला दिया। किताबों और नोट्स के बीच शुरू हुई यह जान पहचान धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई। पढ़ाई पूरी होने के बाद दोनों अपनी अपनी मंजिल पाने में जुट गए। कड़ी मेहनत के दम पर दोनों ने राज्य प्रशासनिक सेवा की परीक्षा पास कर ली। नौकरी मिलने के बाद दोनों की पोस्टिंग अलग अलग जिलों में हुई। इसके बाद भी उनके बीच की पुरानी दोस्ती और आपसी समझ हमेशा कायम रही।
अतिथि शिक्षक के बेटे ने कड़ी मेहनत से हासिल किया मुकाम
सोमेश द्विवेदी की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का लंबा संघर्ष छिपा हुआ है। वे मऊगंज जिले के बरांव गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार उनके पिता साल 2010 से एक अतिथि शिक्षक के रूप में काम कर रहे हैं। अभी माध्यमिक विद्यालय भैंसही में पढ़ा रहे हैं। सीमित कमाई और साधारण परिवार से आने के बावजूद सोमेश ने बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करके दिखाया।
दूसरे प्रयास में मिली प्रशासनिक सेवा में सफलता
सोमेश की शुरुआती पढ़ाई गांव के ही एक निजी स्कूल से पूरी हुई थी। इसके बाद उन्होंने गौरी विद्यालय से हायर सेकेंडरी पास की। फिर रीवा के मॉडल साइंस कॉलेज से बीएससी की डिग्री हासिल की। प्रशासनिक अधिकारी बनने के लिए वे तैयारी करने इंदौर चले गए।
पहले प्रयास में उन्हें मनचाही सफलता नहीं मिली लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। दूसरे प्रयास में उन्होंने शानदार रैंक हासिल की और SDM बन गए। अगस्त 2026 में हुए प्रशासनिक फेरबदल के दौरान उन्हें उचेहरा से बदलकर सतना जिले के नागौद का SDM बनाया गया था।
दोनों बड़े भाई भारतीय वायुसेना में
सोमेश अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनके परिवार में शुरू से ही पढ़ाई और मेहनत का माहौल रहा है। सोमेश के दोनों बड़े भाई भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं। पिता ने अतिथि शिक्षक रहते हुए सीमित आर्थिक साधनों के बीच अपने तीनों बेटों की पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया।
ब्यौहारी की SDM हैं अर्चना मिश्रा
सोमेश की जीवनसाथी बनीं अर्चना मिश्रा भी मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा की एक काबिल अधिकारी हैं। वे वर्तमान में शहडोल जिले के ब्यौहारी में SDM के पद पर अपनी जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। सोमेश की तरह अर्चना ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं की कड़ी तैयारी और लगन के दम पर यह पद हासिल किया है।खास बात यह है कि दोनों ही अधिकारियों का गृह क्षेत्र मऊगंज बताया गया है।