MP में एक ही ID-पासवर्ड से मिलेंगी 500 सरकारी सेवाएं, गैस बुकिंग से लेकर नौकरी के फॉर्म और पासपोर्ट तक के लिए होगी सुविधा

Sandeep Kumar | Published:
मध्य प्रदेश सरकार सिंगल लॉगिन सिस्टम तैयार कर रही है, जिसके जरिए नागरिक एक ही आईडी और पासवर्ड से करीब 500 सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
The Madhya Pradesh government is developing a single login system that will allow citizens to access around 500 government services using one ID and password.
मध्य प्रदेश के करीब आठ करोड़ लोगों को जल्द ही अलग-अलग सरकारी पोर्टल के आईडी और पासवर्ड याद रखने की परेशानी से छुटकारा मिल सकता है। सरकार ऐसा सिस्टम तैयार कर रही है, जिसमें एक ही आईडी और पासवर्ड से करीब पांच सौ सरकारी सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

अलग-अलग पासवर्ड याद रखने की झंझट होगी खत्म

कभी आय प्रमाण पत्र बनवाना हो, कभी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करना हो तो कभी सरकारी नौकरी का फॉर्म भरना हो। इन सभी कामों के लिए अलग-अलग वेबसाइट पर अकाउंट बनाना पड़ता है। कई बार पासवर्ड भूल जाने के कारण भी लोगों को परेशानी होती है। अब मध्य प्रदेश में इस परेशानी को दूर करने की तैयारी चल रही है। सरकार सिंगल लॉगिन सिस्टम (Single Login System) तैयार कर रही है। इसके जरिए नागरिक एक ही आईडी और पासवर्ड से कई सरकारी सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।



गैस बुकिंग से लेकर पासपोर्ट तक की सुविधा

एनआईसी के अधिकारियों के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग विभागों की करीब 500 सेवाओं को इस सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। इनमें आय और जाति प्रमाण पत्र, गैस बुकिंग, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इस सिस्टम से डिजीलॉकर (DigiLocker) को भी जोड़ा जा रहा है। इससे लोग अपने डिजिटल दस्तावेज भी देख सकेंगे। आधार और पैन कार्ड जैसी यूनिक आईडी के जरिए नागरिकों की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।



बार-बार नाम और पता भरने से मिलेगा छुटकारा

अभी किसी भी सरकारी योजना या सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय नाम, पता और दूसरी जरूरी जानकारी बार-बार भरनी पड़ती है। इससे समय तो लगता ही है, जानकारी भरने में गलती होने की आशंका भी रहती है।जनपरिचय पर एक बार प्रोफाइल का सत्यापन होने के बाद नागरिकों की बुनियादी जानकारी इससे जुड़ी दूसरी सरकारी सेवाओं में भी इस्तेमाल की जा सकेगी। इससे ऑनलाइन आवेदन करना आसान होगा और समय की बचत होगी। हालांकि, आवेदन में कौन-कौन सी जानकारी अपने आप भर जाएगी, यह संबंधित विभाग के पोर्टल और उसकी तकनीकी व्यवस्था पर निर्भर करेगा।



क्या बिना आधार कार्ड के भी मिलेगी सुविधा?

इस नए सिस्टम का इस्तेमाल करने के लिए हर सेवा में आधार कार्ड होना जरूरी नहीं होगा। नागरिक मोबाइल नंबर, यूजरनेम और पासवर्ड जैसे विकल्पों से जनपरिचय पर लॉगिन कर सकेंगे। इसके अलावा आधार और पैन कार्ड के जरिए पहचान का सत्यापन यानी e-KYC करने का विकल्प भी उपलब्ध है। हालांकि, किस सुविधा के लिए कौन-सा दस्तावेज जरूरी होगा, इसका फैसला संबंधित विभाग अपनी शर्तों के अनुसार करेगा।



आम आदमी को क्या होगा फायदा?

  • अलग-अलग सरकारी पोर्टल के पासवर्ड याद नहीं रखने पड़ेंगे।
  • बार-बार नया अकाउंट बनाने की जरूरत कम होगी।
  • सरकारी आवेदनों में एक ही जानकारी दोबारा भरने से राहत मिलेगी।
  • डिजिटल दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
  • ऑनलाइन फॉर्म भरने में समय बचेगा और गलतियों की संभावना कम होगी।
Tags:
  • मध्य प्रदेश सरकारी सेवाएं
  • Madhya Pradesh government services
  • Single Login System MP
  • सिंगल लॉगिन सिस्टम एमपी
  • MP government portal
  • सिंगल लॉगिन सिस्टम
  • मध्य प्रदेश सरकारी सेवाएं ऑनलाइन
  • एनआईसी मध्य प्रदेश