एमपी शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे 33 हजार 834 शिक्षक, 52 जिलों में बनेंगे सेंटर, 20 नवंबर तक मांगी लिस्ट

Sandeep Kumar | Published:
एमपी में 33,834 शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे।
33,834 Candidates To Appear For MP Teacher Eligibility Test In 52 Districts, 15,176 Primary And 18,658 Middle Level, Exam Centres List By Nov 20
मध्यप्रदेश के 52 जिलों में 33 हजार 834 शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें प्राथमिक स्तर के 15 हजार 176 और मिडिल स्तर के 18 हजार 658 अभ्यर्थी हैं। परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी जिलों के कलेक्टरों को परीक्षा केंद्र तय करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही 20 नवंबर 2026 तक परीक्षा केंद्रों की सूची मंडल को भेजना अनिवार्य किया गया है।



कलेक्टर की अध्यक्षता में बनेगी समिति

शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए हर जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में एक समिति बनाई जाएगी। यह समिति जिले में अभ्यर्थियों की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर परीक्षा केंद्रों का चयन करेगी। समिति में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य या उनके प्रतिनिधि शामिल होंगे।



सरकारी स्कूलों में बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र

मंडल के निर्देश के अनुसार, Exam Centre मुख्य रूप से सरकारी स्कूलों में बनाए जाएंगे। अगर जरूरत पड़ी तो अच्छे निजी स्कूलों और अन्य सरकारी संस्थानों को भी परीक्षा केंद्र बनाया जा सकता है। केंद्र तय करते समय वहां बैठने की क्षमता, जरूरी सुविधाओं और अभ्यर्थियों की संख्या का ध्यान रखना होगा। प्राथमिक और मिडिल स्तर के अभ्यर्थियों की संख्या अलग-अलग देखकर व्यवस्था की जाएगी।



20 नवंबर तक भेजनी होगी परीक्षा केंद्रों की लिस्ट

माध्यमिक शिक्षा मंडलने सभी कलेक्टरों को 20 नवंबर 2026 तक परीक्षा केंद्रों की Final List भेजने के निर्देश दिए हैं। यह सूची तय प्रारूप में Excel File के रूप में तैयार करनी होगी। इसे मंडल की ई-मेल आईडी ntse.mpbse@gmail.com पर भेजना होगा। मंडल ने यह भी साफ किया है कि परीक्षा वाले दिन किसी भी केंद्र पर दूसरी परीक्षा या अन्य गतिविधि नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रखने और प्रवेश पत्र वितरण की सही व्यवस्था करना भी जरूरी होगा।



छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा 1,660 शिक्षक देंगे परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल की जिलेवार सूची के मुताबिक, छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा 1,660 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके बाद रीवा में 1,474 और छतरपुर में 1,229 अभ्यर्थी शामिल होंगे।



इन जिलों में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे-

जिलाअभ्यर्थियों की संख्या
छिंदवाड़ा1,660
रीवा1,474
छतरपुर1,229
मंडला1,227
उज्जैन1,142
रतलाम1,081

श्योपुर में सबसे कम, भोपाल में 616 अभ्यर्थी

प्रदेश में सबसे कम 141 अभ्यर्थी श्योपुर जिले से परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, हरदा में 155 और उमरिया में 210 अभ्यर्थी हैं। राजधानी भोपाल में कुल 616 शिक्षक परीक्षा देंगे। इनमें प्राथमिक स्तर के 204 और मिडिल स्तर के 412 अभ्यर्थी शामिल हैं। मंडल ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों का चयन समय पर पूरा किया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं और परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

Tags:
  • शिक्षक पात्रता परीक्षा
  • मध्यप्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा
  • MP TET 2026
  • MP TET exam
  • MP teacher eligibility test
  • एमपी टीईटी पात्रता
  • माध्यमिक शिक्षा मंडल
  • सरकारी स्कूल परीक्षा केंद्र
  • परीक्षा केंद्र