MP Teacher Promotion: 32 हजार शिक्षकों के प्रमोशन की तैयारी तेज, DPI ने 8 साल का रिकॉर्ड जांचने के दिए निर्देश

Arohi Raj | Oct 13, 2026, 17:13 IST
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रमोशन से पहले 2018 से 2025 का रिकॉर्ड जांचने के निर्देश दिए हैं।
मध्य प्रदेश में 32 हजार शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया तेज हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय ने अधिकारियों को 25 अक्टूबर 2026 तक रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। इसमें हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकों के एनुअल क्रेडेंशियल रिपोर्ट, सर्विस रिकॉर्ड और डिपार्टमेंटल इंक्वायरी की जानकारी शामिल है। साथ ही सीनियरिटी लिस्ट के आधार पर शिक्षकों की साल 2018 से 2025 तक के रिकॉर्ड चेक किए जाएंगे।

एमपी शिक्षकों की सीनियरिटी लिस्ट

लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने 1 अप्रैल 2025 की अंतिम सूची को आधार माना है। इसी के आधार पर वेरिफिकेशन किया जाएगा। साथ ही, साल 2018 से 2025 तक की कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट की जांच की जाएगी। अनियमितताओं को रोकने के लिए विभाग ने वेरिफिकेशन की योजना बनाई है।



खबरों के मुताबिक, संभागीय शिक्षा कार्यालयों को जिलों से आंकड़े जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। इन आंकड़ों को तय समय-सीमा में संचालनालय को भेजना होगा। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) से संपर्क किया जा रहा है। राज्य शिक्षा केंद्र से भी बातचीत चल रही है।



VRS लेने वाले शिक्षकों के मामलों की अलग से जांच होगी

कुछ शिक्षकों ने अपनी इच्छा से नौकरी छोड़कर रिटायरमेंट (VRS) लिया है। ऐसे शिक्षकों के मामलों की अलग से जांच की जाएगी। यही नियम उन शिक्षकों पर भी लागू होगा, जिनकी नौकरी खत्म हो चुकी है। जिन शिक्षकों के सीनियरिटी नंबर में बदलाव करने की जरूरत है, उनके मामलों की भी अलग से जांच होगी।



इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को एक प्रमाण पत्र भी देना होगा। इसमें यह साफ तौर पर लिखना होगा कि रिकॉर्ड में कोई गलती नहीं है। यह गलती कागजी कामकाज या तकनीकी कारणों से हो सकती है। इसके साथ ही शिक्षक पदों की व्यवस्था में हुए बदलाव और सीनियरिटी तय करने की तारीख की भी जांच की जाएगी।



शिक्षक प्रमोशन लिस्ट की कैटेगरी वाइज स्क्रूटनी होगी

संचालनालय ने करीब छह हजार 500 शिक्षकों की सीनियरिटी लिस्ट की कैटेगरी वाइज स्क्रूटनी करने को कहा है। इसके लिए जिलों को शिक्षकों के सीनियरिटी नंबर की जानकारी भेजी गई है। प्रमोशन लिस्ट तैयार करने से पहले इस जानकारी को वेरिफाय करना जरूरी है।



अलग-अलग वर्गों के शिक्षकों की सूची की जांच होगी

अनारक्षित वर्ग के उन शिक्षकों की सूची की जांच होगी, जिनका सीनियरिटी नंबर 1075 तक है। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग में 1767 तक और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग में 3758 तक के सीनियरिटी नंबर वाले शिक्षकों की सूची का वेरिफिकेशन किया जाएगा।



32 हजार शिक्षकों को प्रमोशन का इंतजार

स्कूल शिक्षा विभाग में करीब 32 हजार पदों पर प्रमोशन होना बाकी है। अगस्त में राज्य सरकार ने प्रमोशन को लेकर सामान्य आदेश जारी किए थे। इसके बाद कई अन्य सरकारी विभागों में प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन एमपी के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की प्रमोशन का मामला अभी भी अटका हुआ है।



टीईटी के बाद आगे बढ़ेगी प्रमोशन की प्रक्रिया

मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) दिसंबर में होने की संभावना है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख 11 अक्टूबर थी।



विभाग के अनुसार, परीक्षा में सफल होने वाले शिक्षकों को ही तय नियमों और सीनियररिटी लिस्ट के आधार पर प्रमोशन दिया जाएगा। फिलहाल विभाग का ध्यान 25 अक्टूबर तक शिक्षकों के रिकॉर्ड की जांच पूरी करने पर है।



हालांकि, प्रमोशन की प्रक्रिया कब तक पूरी होगी, यह अभी साफ नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, परीक्षा और रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। ऐसे में यह प्रक्रिया दिसंबर 2026 के अंत या जनवरी 2027 तक चल सकती है।



हाईकोर्ट से शिक्षाकर्मियों को राहत

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने शिक्षाकर्मी वर्ग-2 और वर्ग-3 के मामले में अहम आदेश दिया है। कोर्ट ने टीईटी से छूट के लंबित आवेदनों पर 60 दिन में फैसला लेने का निर्देश दिया है। जस्टिस विवेक कुमार सिंह की एकलपीठ ने 12 अक्टूबर को यह आदेश दिया। अब सभी की नजर 25 अक्टूबर पर है, क्योंकि इस तारीख तक शिक्षकों के रिकॉर्ड की जांच पूरी करने को कहा गया है।



FAQs



  1. एमपी शिक्षकों की सीनियरिटी लिस्ट के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया कब शुरू होगी?
    एमपी शिक्षकों की सीनियरिटी लिस्ट के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2025 की अंतिम सूची के आधार पर शुरू होगी, जिसमें साल 2018 से 2025 तक की कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट की भी जांच की जाएगी।
  2. क्या VRS लेने वाले शिक्षकों के मामलों की अलग से जांच होगी?
    हां, VRS लेने वाले शिक्षकों के मामलों की अलग से जांच की जाएगी, इसके अलावा जिन शिक्षकों की नौकरी खत्म हो चुकी है, उनके मामलों का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
  3. प्रमोशन प्रक्रिया कब शुरू होगी और इसके लिए क्या शर्तें होंगी?
    प्रमोशन प्रक्रिया शिक्षकों की पात्रता परीक्षा (TET) के बाद शुरू होगी, जो दिसंबर में आयोजित की जाएगी। प्रमोशन के लिए सफल शिक्षकों को नियमों और सीनियरिटी लिस्ट के आधार पर प्रमोट किया जाएगा।
Tags:
  • एमपी शिक्षक प्रमोशन
  • लोक शिक्षण संचालनालय
  • उच्च माध्यमिक शिक्षक पदोन्नति
  • MP teacher promotion
  • teacher promotion list
  • Madhya Pradesh school education department
  • MP teachers seniority list
  • EDUCATION DEPARTMENT
  • मध्यप्रदेश