मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र, पद बढ़ाने की उठाई मांग
राहुल गांधी ने सीएम को लिखा पत्र
बता दें कि राहुल गांधी ने यह पत्र 29 सितंबर को लिखा था। उन्होंने कहा कि इंदौर में शिक्षक भर्ती के उम्मीदवारों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताई थीं। उम्मीदवारों की मुख्य मांग थी कि भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए।
शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि Teacher Recruitment 2025 के तहत तृतीय वर्ग के 13 हजार 89 और द्वितीय वर्ग के 10 हजार 800 पदों पर भर्ती की घोषणा की गई है। इसके बावजूद उम्मीदवार पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि अगर भर्ती में पद बढ़ाए जाते हैं तो इससे दो फायदे होंगे। एक तरफ सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी कम होगी। वहीं दूसरी तरफ हजारों युवाओं को स्थायी नौकरी मिलने का मौका मिलेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि कई उम्मीदवारों ने Recruitment Exam में अच्छे अंक हासिल किए हैं। इनमें कई ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जो लंबे समय से गेस्ट टीचर के रूप में काम कर रहे हैं। इसके बावजूद कम पद होने के कारण उन्हें स्थायी नौकरी नहीं मिल पा रही है।
उम्मीदवारों के नोटिस वापस लेने की मांग
बता दें कि राहुल गांधी ने अपने पत्र में प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने कहा कि कई उम्मीदवार भर्ती का इंतजार करते-करते उम्र सीमा पार कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं को अपनी मांगों के लिए विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल क्यों करनी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उम्मीदवारों की समस्याएं हल करने के बजाय कुछ प्रदर्शनकारियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की कि प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों को भेजे गए नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं। साथ ही उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए।
प्रमोशन और काउंसलिंग का दूसरा राउंड शुरू करने की मांग
राहुल गांधी ने द्वितीय वर्ग और तृतीय वर्ग की भर्ती से जुड़ी प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि Promotion Process शुरू किया जाए और Counseling का दूसरा राउंड भी जल्द कराया जाए। इससे खाली पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
1.15 लाख पद मंजूर, भर्ती करीब 15 हजार पर क्यों?
राहुल गांधी का यह पत्र शिक्षक भर्ती के उन उम्मीदवारों की अपील के बाद सामने आया है, जो लंबे समय से पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
उम्मीदवारों की ओर से राहुल गांधी को दी गई जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश शिक्षा विभाग में 1.15 लाख से ज्यादा शिक्षक पद मंजूर हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि इसके मुकाबले मौजूदा भर्ती प्रक्रिया में करीब 15 हजार पद ही भरे जा रहे हैं।
इसी अंतर को लेकर शिक्षक भर्ती के उम्मीदवार लगातार पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अब राहुल गांधी ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर कार्रवाई की मांग की है।