MP Weather Update: एमपी पहुंचा मानसून, पारा भी पहुंचा 40 से नीचे, जानें मौसम का हाल
MP Weather Report : मध्यप्रदेश में सोमवार दोपहर बाद मानसून ने प्रवेश किया। मानसून बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर के रास्ते प्रदेश में पहुंचा। इस बार मानसून एक दिन देरी से आया है, जबकि पिछली बार 21 जून को छह दिन की देरी से आया था।
प्रदेश में मानसून की सामान्य तारीख 15 जून होती है, लेकिन इस बार देश में मानसून 8 दिन पहले आ चुका था। इस वजह से उम्मीद थी कि यह मध्य प्रदेश में पहले सप्ताह में ही पहुंच जाएगा।
हालांकि, महाराष्ट्र में मानसून की गति धीमी रही, जिससे यह आगे नहीं बढ़ा। पिछले दो-तीन दिन में मानसून की गतिविधियां बढ़ीं और अब यह प्रदेश में पूरी तरह छा गया।
सोमवार को छतरपुर जिले के नौगांव में सबसे ज्यादा सवा इंच बारिश हुई, जबकि रीवा में 1 इंच से ज्यादा और मंडला में आधा इंच बारिश हुई। धार, गुना, रतलाम, सागर, सतना, बालाघाट, खंडवा, बड़वानी, टीकमगढ़, अशोकनगर और हरदा में भी बारिश का दौर जारी रहा। भोपाल में शाम को मौसम में बदलाव आया और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई।
बारिश के कारण सोमवार को प्रदेश के दिन के तापमान में काफी गिरावट आई। नर्मदापुरम में केवल 40.2 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया, जबकि बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री से कम रहा।
मप्र का तापमान: पांच शहरों का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, सीधी में 38.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 37.7 डिग्री, खरगोन में 36.6 डिग्री और उमरिया में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के पांच प्रमुख बड़े शहरों में भोपाल में 37.5 डिग्री, इंदौर में 34.6 डिग्री, ग्वालियर में 37 डिग्री, उज्जैन और जबलपुर में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी में रिकॉर्ड किया गया जबकि दिन का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम में दर्ज किया गया।
5 सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान वाले शहर
मप्र का AQI, देवास की अच्छी रही हवा
मध्य प्रदेश की हवा में इन दिनों बदलाव देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश के शहर देवास की हवा प्रदेश के अच्छी हवा वाले शहरों में शामिल हो गई है। वहीं ग्वालियर शहर की हवा में काफी गिरावट देखने को मिली और यहां का एक्यूआई 129 दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार देवास शहर की हवा सामान्य श्रेणी में रही जो प्रदेशभर में सबसे कम एक्यूआई दर्ज में सफल रही। यहां का एक्यूआई लेवल 59 दर्ज हुआ। अन्य बड़े जिलों की बात करें तो भोपाल में 62, इंदौर में 69 और जबलपुर में 74 दर्ज हुई।
एयर क्वालिटी इंडेक्स वाले 5 शहर...
मध्य प्रदेश में मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन, एक टर्फ और एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हैं, जिससे आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। इसके साथ ही मानसून भी सक्रिय हो गया है और यह आगे बढ़ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जून से सितंबर तक प्रदेश में 104 से 106 प्रतिशत बारिश हो सकती है। इसका मतलब है कि इस बार प्रदेश में 40 इंच या इससे अधिक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 27 मई को यह पूर्वानुमान जारी किया था।
किसानों के लिए फायदेमंद
यह समय किसानों के लिए महत्वपूर्ण होगा क्योंकि पहली बारिश के बाद खरीफ फसलों की बुआई शुरू हो जाएगी। वहीं, अगले 24 घंटों में इंदौर संभाग के धार, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में मानसून के सक्रिय होने की पूरी संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
thesootr links
- मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- रोचक वेब स्टोरीज देखने के लिए करें क्लिक
एमपी में मानसून | एमपी में मानसून की एंटी | मॉनसून | एमपी में मॉनसून | एमपी में मॉनसून की एंट्री | एमपी न्यूज हिंदी | एमपी मौसम | MP Weather update | Monsoon | MP Monsoon