युवाओं के हक की लड़ाई में खुद हारी पार्टी, मैराथन में लगे कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे
समझें क्या है पूरा मामला...
- एमपी यूथ कांग्रेस ने ग्वालियर में वन टाइम फीस को लेकर एक मैराथन दौड़ कराई थी।
- मैराथन के दौरान कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगने लगे।
- पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
- फूलबाग मैदान में कुछ युवाओं ने यह नारेबाजी की है।
- इस कार्यक्रम में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी आए थे।
यूथ कांग्रेस की मैराथन में आखिर क्या हुआ?
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बुधवार, 17 जून को यूथ कांग्रेस ने एक राजनीतिक आंदोलन किया गया था। इसके तहत उन्होंने एक मैराथन दौड़ का आयोजन किया था। यह मैराथन प्रतियोगी परीक्षाओं में वन टाइम फीस व्यवस्था को लागू कराने के लिए रखी गई थी।
वहीं इस दौड़ के दौरान कुछ ऐसा हो गया कि वहां मौजूद हर कोई हक्का-बक्का रह गया। मैराथन के बीच में ही अचानक कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगने लगे। इसे सुनकर लोग हैरान हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
ग्वालियर में हुई इस मैराथन से जुड़ा एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि स्पोर्ट्स कपड़े पहने कुछ युवा मंच पर चढ़ गए हैं। कुछ नीचे जमीन पर खड़े हैं। ये सभी युवा मिलकर कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मैराथन के समापन के दौरान कुछ युवाओं को इनाम नहीं मिला था। इसी कारण से युवाओं ने नाराजगी जताई और कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगाए।
प्रतियोगी परीक्षाओं में वन टाइम फीस की मांग
यह पूरा कार्यक्रम ग्वालियर के फूलबाग मैदान में खत्म हुआ था। यहां मैराथन का समापन स्थल बनाया गया था। प्रतियोगी परीक्षाओं में वन टाइम फीस व्यवस्था को लागू कराने के लिए युवाओं को एकजुट करके कांग्रेस ने यह हुंकार भरी थी।
कांग्रेस का इस मामले पर कहना था कि केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए उन्हें युवाओं का बहुत मजबूत समर्थन मिला था।
कार्यक्रम में शामिल हुए थे ये बड़े नेता
इस आंदोलन में युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए कांग्रेस के कई बड़े चेहरे पहुंचे थे। कार्यक्रम में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी मौजूद थे। साथ ही युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब भी थे।
इसके अलावा पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह भी आए हुए थे।
क्या कांग्रेस से नाराज हैं युवा?
इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं। लोग अब यह पूछ रहे हैं कि जिस पार्टी ने युवाओं के भले के लिए यह पूरा कार्यक्रम आयोजित किया, वहां आए युवा उसी पार्टी के खिलाफ नारे क्यों लगा रहे हैं?
क्या वे इस कार्यक्रम से किसी बात पर नाराज थे या फिर इस पूरी नारेबाजी के पीछे कोई और ही सोच या मंशा काम कर रही थी।
ये खबरें भी पढ़िए...
सनातन बोर्ड होता तो नहीं होती चोरी, राम मंदिर चंदा विवाद पर बोले देवकीनंदन ठाकुर
बैतूल कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे के नाम पर ठगी, मैसेज कर मांग रहे पैसे
10 रुपए की पानी की बोटल छात्रा को ढाई लाख की पड़ी, एक सिंगल क्लिक से हुआ ये खेल
पूर्व मंत्री दीपक जोशी का दावा, पूर्व पत्नियां फोटो वायरल करने की दे रहीं धमकी