पटरी से उतरा MPESB का परीक्षा कैलेंडर! 14 में से 5 परीक्षाएं तय समय पर नहीं, 3 की तारीख अब तक गायब

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
एमपी में भर्ती परीक्षाओं की तारीखें बार-बार बदलने से लाखों युवा परेशान हैं, 14 में से 5 परीक्षाएं तय समय पर नहीं हो सकीं।
Repeated changes in MPESB exam calendar leave lakhs of government job aspirants worried as five major exams miss scheduled dates
मध्य प्रदेश में लाखों युवा सरकारी नौकरी पाने के लिए दिन-रात पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन अब उनके सामने पढ़ाई से बड़ी चुनौती परीक्षा की सही तारीख याद रखना बन गई है। एक तरफ जहां मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने साल 2027 में होने वाली परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है।

वहीं दूसरी तरफ मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) का इस साल का परीक्षा कैलेंडर पूरी तरह से पटरी से उतर गया है। हालात यह हैं कि अभ्यर्थी महीनों से दिन रात एक करके तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह तक पता नहीं है कि उनकी परीक्षा आखिर किस तारीख को होगी। तारीखों में हो रहे इस लगातार बदलाव ने छात्रों की तैयारी के साथ साथ उनकी आगे की योजनाओं पर भी गहरा असर डाला है।



3 परीक्षाओं की तारीख अब भी गायब

मंडल ने इस साल जनवरी से दिसंबर तक कुल 14 भर्ती परीक्षाएं कराने की योजना बनाई थी। हकीकत यह है कि इनमें से पांच परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू ही नहीं हो सकीं। इतना ही नहीं साल का आखिरी महीना दिसंबर करीब आ गया है। इसके बाद भी दिसंबर में प्रस्तावित तीन परीक्षाओं की तारीख अब तक घोषित नहीं हुई है। परीक्षा कैलेंडर पर से युवाओं का भरोसा लगातार कम होता जा रहा है।



इन प्रमुख भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव

मंडल की लेटलतीफी और तारीखों में बार बार संशोधन का असर कई बड़ी भर्तियों पर पड़ा है।



ग्रुप-2 और सब ग्रुप-3 संयुक्त भर्ती परीक्षा: परीक्षा की तारीख बदलने के मामले में यह भर्ती सबसे बड़ा उदाहरण बन गई है। इस परीक्षा को एक या दो बार नहीं, बल्कि पूरे तीन बार टाला गया है। पहले यह परीक्षा 15 दिसंबर को प्रस्तावित थी। इसके बाद तारीख बदलकर 23 जनवरी की गई और फिर इसे आगे बढ़ाकर 28 जनवरी कर दिया गया।



सूबेदार और उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025: पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत होने वाली इस भर्ती की मुख्य परीक्षा भी समय पर नहीं हो सकी है। पहले यह परीक्षा 9 अप्रैल को होने वाली थी। इसे बाद में बदलकर 26 अप्रैल कर दिया गया।



नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा: हाल ही में राजस्व विभाग के अंतर्गत नायब तहसीलदार के पदों पर सीधी भर्ती यानी सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा 2026 की तारीख भी आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह परीक्षा 14 नवंबर 2026 को संभावित थी। अब यह परीक्षा अगले साल 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।



कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा-2026: समूह-2 उपसमूह-1 के अंतर्गत होने वाली इस परीक्षा में भी करीब डेढ़ महीने की देरी हुई। यह परीक्षा पांच अगस्त से शुरू होनी थी। मंडल ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इसे आगे बढ़ा दिया। बाद में यह परीक्षा 17 सितंबर से शुरू हो सकी।



तकनीकी कारणों से भी अटका परीक्षाओं का पहिया

तारीखों में बदलाव के अलावा तकनीकी दिक्कतों ने भी अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ाया है। वनरक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 भी इसी वजह से प्रभावित हुई थी। मंडल ने रविवार को होने वाली परीक्षा को स्थगित कर दिया था।



इसमें 7 जून को स्थगित हुई दूसरी पाली की परीक्षा बाद में 20 जून को आयोजित की गई थी। इससे पहले समूह 01 उपसमूह 02 संयुक्त भर्ती परीक्षा की तारीख में भी संशोधन किया गया था। इस तरह कैलेंडर में घोषित तारीखों पर परीक्षाएं आयोजित नहीं हो पाई हैं।



FAQ



1. साल 2026 में MPESB की कितनी परीक्षाएं तय समय पर शुरू नहीं हो पाईं?



मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने जनवरी से दिसंबर तक कुल 14 भर्ती परीक्षाएं कराने की योजना बनाई थी, लेकिन इनमें से 5 परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू नहीं हो सकीं। इसके अलावा दिसंबर में प्रस्तावित 3 परीक्षाओं की तारीखें भी अब तक घोषित नहीं की गई हैं।



2. एमपी में नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा अब किस तारीख को होगी?



राजस्व विभाग के अंतर्गत नायब तहसीलदार के पदों पर होने वाली सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा-2026 की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह परीक्षा 14 नवंबर 2026 को संभावित थी, जिसे अब बदलकर 10 जनवरी 2027 कर दिया गया है।

Tags:
  • मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग
  • मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल
  • MPESB
  • नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा
  • कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा
  • एमपीईएसबी का परीक्षा कैलेंडर