MPPSC का परीक्षा कैलेंडर आया, ESB का क्यों अटका? मंडल में परीक्षा में बड़े बदलाव की तैयारी
दरअसल मध्य प्रदेश में लाखों युवा पीएससी के साथ साथ ईएसबी की परीक्षाओं की तैयारी भी करते हैं। परीक्षा का शेड्यूल पहले से जारी होने पर युवाओं को अपनी तैयारी की सही रणनीति बनाने का समय मिल जाता है। वहीं ईएसबी का कैलेंडर अब तक जारी नहीं हुआ है। इससे युवा चिंता में हैं। वैसे भी ईएसबी के परीक्षा कैलेंडर का पूरा पालन नहीं होता है।
कब तक आएगा ईएसबी का कैलेंडर
ईएसबी का परीक्षा कैलेंडर नवंबर में जारी नहीं होगा। द सूत्र को मिली जानकारी के मुताबिक मंडल इसे दिसंबर में जारी कर सकता है। संभावना है कि 10 दिसंबर के आसपास कैलेंडर सामने आ सकता है।
इसलिए रोका गया कैलेंडर
ईएसबी का परीक्षा कैलेंडर जारी होने में देरी की वजह भी सामने आ गई है। द सूत्र को मिली जानकारी के मुताबिक, सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) और मंडल एक ही परीक्षा सिस्टम लागू करने पर तेजी से काम कर रहे हैं। इसके लिए कनिष्ठ सेवा संयुक्त परीक्षा नियम 2026 तैयार किए जा रहे हैं। इसके तहत अब मंडल अलग अलग परीक्षाएं कराने के बजाय एक ही परीक्षा कराएगा। इस परीक्षा के स्कोर कार्ड के आधार पर अलग-अलग विभाग अपनी भर्ती करेंगे।
इसके लिए मंत्रालय स्तर पर बैठकें भी हो चुकी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक पूरी प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। जल्द ही नए नियमों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद ईएसबी साल 2027 की परीक्षाएं इन्हीं नए नियमों के तहत कराने की तैयारी कर रहा है।
इसी वजह से परीक्षा कैलेंडर को फिलहाल रोक दिया गया है। अगर नए नियमों को मंजूरी मिल जाती है तो अगला कैलेंडर परीक्षा नियम 2026 के हिसाब से ही जारी होगा।
क्या है सिंगल परीक्षा सिस्टम?
मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने 21 मई 2026 को सरकारी भर्तियों के लिए एकल/संयुक्त परीक्षा के नए नियमों का ड्राफ्ट जारी किया था। ये नियम MPPSC और MPESB की भर्तियों से जुड़े हैं। विभाग ने इस पर 5 जून तक लोगों से सुझाव मांगे थे। साथ ही कहा था कि 1 अक्टूबर से सभी भर्तियां परीक्षा नियम 2026 के तहत ही की जाएंगी।
इस सिस्टम के तहत यह है प्रस्तावित
इस नए सिस्टम के तहत कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) साल में सिर्फ 3 मुख्य पात्रता परीक्षाएं कराएगा। इनमें सामान्य, तकनीकी और शिक्षक भर्ती से जुड़ी परीक्षाएं शामिल होंगी। अब हर भर्ती के लिए अलग-अलग परीक्षा नहीं होगी। इन तीनों परीक्षाओं के आधार पर अभ्यर्थियों को स्कोर कार्ड जारी किया जाएगा। इसी स्कोर कार्ड के आधार पर अलग-अलग विभागों में भर्तियां की जाएंगी।
दो साल तक वैध रहेगा स्कोर कार्ड
बता दें कि यह स्कोर कार्ड दो साल तक वैध रहेगा। इसकी वैधता दिसंबर तक तय होगी। उदाहरण के लिए, अगर किसी अभ्यर्थी का स्कोर कार्ड 15 जुलाई 2026 को जारी होता है तो वह 31 दिसंबर 2028 तक मान्य रहेगा। वहीं, शिक्षक पात्रता परीक्षा का स्कोर कार्ड आजीवन वैध रहेगा। इन परीक्षाओं का पेपर 100 अंकों का होगा।
नए सिस्टम में साल में तीन तरह की पात्रता परीक्षाएं कराई जाएंगी। इनमें सामान्य, तकनीकी और शिक्षक भर्ती की परीक्षाएं शामिल होंगी। सामान्य श्रेणी में पुलिस कांस्टेबल, एसआई, पटवारी, जेल प्रहरी जैसी भर्तियां आएंगी।
स्कोर कार्ड के आधार पर होगा आवेदन
जब भी किसी विभाग में पद खाली होंगे तो अभ्यर्थी अपने स्कोर कार्ड के अंकों के आधार पर सीधे आवेदन कर सकेंगे। यह स्कोर कार्ड कम से कम दो साल तक मान्य रहेगा। अगर किसी अभ्यर्थी के पास दो स्कोर कार्ड हैं तो वह ज्यादा अंक वाले स्कोर कार्ड के आधार पर आवेदन कर सकेगा।
नए नियमों के मुताबिक, MPPSC के दायरे से बाहर आने वाले लगभग सभी तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के जरिए ही होगी। कोई भी विभाग अपने स्तर पर अलग से परीक्षा नहीं करा सकेगा। हालांकि, अगर सरकार किसी विभाग को अलग से भर्ती करने की मंजूरी देती है तो उसे छूट मिल सकती है।
सभी विभाग अपने खाली पदों की जानकारी मंडल को देंगे। इसके बाद अभ्यर्थी अपने स्कोर कार्ड के आधार पर इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। आरक्षण के नियमों और मेरिट के आधार पर चयन सूची जारी की जाएगी।
यदि पहले से नौकरी में है तो
परीक्षा नियमों में है कि अगर आप पहले से किसी सरकारी पद पर काम कर रहे हैं, तो इन नियमों के तहत केवल एक बार दूसरे पद पर जा सकते हैं। उसके बाद दोबारा बदलाव नहीं होगा। इससे नए उम्मीदवारों को नौकरी का मौका मिल सकेगा।
पीएससी के लिए भी बदलाव प्रस्तावित
कर्मचारी चयन मंडल (ESB) की तरह ही सामान्य प्रशासन विभाग ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के लिए भी परीक्षा नियम 2026 का प्रस्ताव तैयार किया था। इस पर भी लोगों से सुझाव मांगे गए थे। आयोग की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव को लेकर चर्चा चल रही है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि इसी साल से नए नियम लागू होंगे या नहीं।
इसी वजह से आयोग ने साल 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें राज्य पात्रता परीक्षा (SET) सहित कुल 25 परीक्षाएं कराने का प्रस्ताव है। जिसमें दो बार पीएससी सामान्य और विशेष परीक्षा का भी शेड्यूल जारी किया गया है।
पीएससी की परीक्षाएं पांच स्तर पर कराने का प्रस्ताव
हालांकि नए सिंगल परीक्षा सिस्टम के तहत MPPSC की अलग-अलग परीक्षाओं को मिलाकर साल में 5 प्रमुख परीक्षाएं कराने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए परीक्षाओं को अलग-अलग समूहों में बांटने की तैयारी है।
इसमें पहला समूह राज्य सेवा और वन सेवा परीक्षा का होगा। दूसरा अभियांत्रिकी योग्यता, तीसरा उच्च शिक्षा, चौथा स्वास्थ्य और पांचवां स्नातकोत्तर व स्नातक स्तर की परीक्षाओं का होगा। राज्य सेवा और वन सेवा परीक्षा पहले की तरह तीन चरणों में होगी। इनमें प्री, मेंस और इंटरव्यू शामिल हैं। वहीं, बाकी चार समूहों की परीक्षा दो चरणों में होगी। इनमें मेंस और इंटरव्यू शामिल रहेंगे।
खबर से जुड़े डॉक्यूमेंट नीचे देखें...