द सूत्र की पहल रंग लाई, एडीपीओ भर्ती में 90 पद बढ़े, 17 से बढ़कर हुए 107
समझें क्या है पूरा मामला...
- MPPSC की एडीपीओ परीक्षा में पद संख्या बढ़ा दी गई है।
- इस भर्ती में पहले सिर्फ 17 पद निकाले गए थे।
- अब यह संख्या बढ़कर 107 हो गई है।
- द सूत्र ने पहले खुलासा किया था कि कैबिनेट ने 100 पद बढ़ाए हैं।
- इस भर्ती के लिए करीब 21 हजार आवेदक इंतजार कर रहे हैं।
17 पदों पर थी नाराजगी
दरअसल उम्मीदवारों को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की एडीपीओ भर्ती का लंबे समय से इंतजार था। लेकिन विज्ञापन में पद संख्या देखकर उनमें निराशा फैल गई थी। क्योंकि भर्ती में शुरुआत में केवल 17 पद ही निकाले गए थे।
इसमें पांच पद अनारक्षित कैटेगरी के लिए रखे गए थे। तीन-तीन पद एससी और एसटी वर्ग के लिए थे। ओबीसी के लिए चार पद और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए दो पद रखे गए थे।
बता दें कि इससे पहले साल 2021 में एडीपीओ के 256 पद निकले थे। इसका रिजल्ट अप्रैल 2024 में आया था। यह रिजल्ट 87-13 फीसदी फार्मूले पर आधारित था। इसमें कुल 223 पदों पर चयन सूची जारी हुई थी।
कैबिनेट ने अगस्त 2025 में ही बढ़ाए थे पद
बड़ी बात यह है कि 26 अगस्त 2025 को हुई कैबिनेट बैठक (मोहन कैबिनेट) में ही अधिक पद मंजूर हो चुके थे। यह बैठक सीएम मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई थी।
बैठक में तय हुआ था कि हर न्यायालय में एक अभियोजक रखने के सिद्धांत पर काम होगा। इसके तहत कुल 610 नए पद मंजूर किए गए थे। एडीपीओ भर्ती में सिर्फ 17 पद हैं
इनमें अतिरिक्त लोक अभियोजन अधिकारी के 185 पद शामिल थे। अतिरिक्त जिला लोक अभियोजन अधिकारी के 255 पद भी मंजूर हुए थे। सहायक जिला अभियोजन अधिकारी यानी एडीपीओ के 100 पद इसी फैसले का हिस्सा थे। इसके साथ सहायक कर्मचारियों के 70 पद भी सृजित किए गए थे।
यानी एडीपीओ के 100 नए पद कैबिनेट से पहले ही मंजूर हो चुके थे। इसके बावजूद शुरुआत में सिर्फ 17 पदों की भर्ती निकाली गई थी। द सूत्र ने यह मुद्दा उठाया, जिसके बाद अब पद संख्या बढ़कर 107 हो गई है।
MPPSC ने निकाली ADPO भर्ती लेकिन कैबिनेट के फैसले के बाद भी कम पद, निगेटिव मार्किंग भी लागू
सामने आई थी 357 पद खाली होने की बात
इस मामले में सूचना के अधिकार (RTI – Right to Information) से भी जानकारी मांगी गई थी। कुछ उम्मीदवारों ने मध्यप्रदेश शासन से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी के खाली पदों की जानकारी मांगी थी।
अक्टूबर 2024 में मिले जवाब के अनुसार कुल 357 पद खाली थे। अगर इसमें 2021 वाली भर्ती के 256 पद भी जोड़ दें, तब भी 100 से ज्यादा पद खाली बचते हैं।
इसी बीच कैबिनेट ने अगस्त 2025 में नए पद भी बना दिए थे। इससे साफ है कि जरूरत के मुताबिक पद बढ़ाए जाने की गुंजाइश पहले से मौजूद थी।
MPPSC में ADPO के 17 पदों के लिए 20 हजार आवेदन, वजह 11 साल में तीसरी भर्ती
आवेदन और परीक्षा की तारीख जानें
बता दें कि इस भर्ती की परीक्षा 18 अक्टूबर 2026 रखी गई है। उम्मीदवारों को आवेदन से जुड़ी तारीखों का ध्यान रखना जरूरी है।
एडीपीओ भर्ती में अब निगेटिव मार्किंग भी
द सूत्र ने पहले ही बताया था कि राज्य सेवा परीक्षा में निगेटिव मार्किंग शुरू हो रही है। यह भी बताया गया था कि आगे चलकर यह व्यवस्था अन्य परीक्षाओं में भी लागू होगी। अब यही पैटर्न एडीपीओ भर्ती में भी लागू किया जा रहा है। भर्ती विज्ञापन में इसकी जानकारी दे दी गई है।
राज्य सेवा परीक्षा पैटर्न के अनुसार ही एडीपीओ में भी नियम लागू होने की संभावना है। प्रारंभिक परीक्षा में सौ प्रश्नों का पेपर पहले 200 अंक का होता था। अब इसे बढ़ाकर 300 अंक कर दिया गया है। यानी हर सही उत्तर पर तीन अंक मिलेंगे।
वहीं गलत उत्तर देने पर एक तिहाई अंक कटेगा। इसका मतलब एक गलत जवाब पर एक अंक की कटौती होगी। यही पैटर्न अब एडीपीओ सहित अन्य परीक्षाओं में भी लागू किया जाता रहेगा।
यह खबरें भी पढ़ें...
16 साल में शादी की चिंता, 20 में शादी, मां बनने के 12 दिन बाद इंटरव्यू और फिर बनीं MPPSC टॉपर
'द सूत्र' फिर 100 फीसदी सही, MPPSC ने जारी किया लाइब्रेरियन 2022 का रिजल्ट