MPPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर: जनवरी में पहली PSC, मई में स्पेशल PSC, 25 परीक्षाओं का शेड्यूल आया
खास बात यह है कि मध्यप्रदेश सरकार ने 2027 को युवा वर्ष घोषित किया है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी एक साल में दो पीएससी परीक्षाएं कराने की बात कह चुके हैं। इसी दिशा में आयोग ने अब दो राज्य सेवा परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम जारी किया है। इसके साथ ही साल 2027 में होने वाली कुल 25 परीक्षाओं का Tentative Schedule भी सामने रख दिया गया है।
कब-कब होगी राज्य सेवा परीक्षा
कैलेंडर के मुताबिक, नियमित राज्य सेवा और वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को होगी। वहीं, मुख्य परीक्षा 10 से 15 मई के बीच होने की संभावना है।
विशेष परीक्षा पीएससी के लिए यह शेड्यूल
वहीं राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा स्पेशल 2027 की प्री के लिए 2 मई की तारीख रखी गई है। इसकी मेंस के लिए 9 से 14 अगस्त का शेड्यूल रखा गया है।
कब हो सकते हैं रिजल्ट और इंटरव्यू
माना जा रहा है कि नियमित राज्य सेवा परीक्षा 2027 की मेंस मई में होने के बाद अगस्त तक इसका रिजल्ट जारी किया जा सकता है। इसके बाद सितंबर-अक्टूबर में इंटरव्यू कराकर फाइनल रिजल्ट घोषित करने की तैयारी रहेगी। वहीं स्पेशल पीएससी की मेंस परीक्षा अगस्त में होने की संभावना है। इसका रिजल्ट नवंबर तक जारी करने की कोशिश होगी, ताकि दिसंबर में इंटरव्यू कराकर चयन प्रक्रिया पूरी की जा सके।
ये अहम परीक्षाएं भी शेड्यूल
स्टेट इंजीनियरिंग परीक्षा 2027- 14 फरवरी
राज्य पात्रता (सेट) परीक्षा 2027- 7 मार्च
पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ परीक्षा 2027, सहायक लोक अभियोजन अधिकारी एडीपीओ 2027 व उप संचालक प्राचार्य वर्ग टू सहायक संचालक तकनीकी परीक्षा 2027 ये तीनों 18 अप्रैल को संभावित
राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा 2027 -25 अप्रैल
सहायक कुलसचिव 2027- 30 मई
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी 2027, यूनानी चिकित्सा अधिकारी, होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी - 27 जून
असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा 2027, ग्रंथपाल परीक्षा, व क्रीड़ा अधिकारी 2027- 4 जुलाई
सहायक प्रबंधक परीक्षा, खनिज इंस्पेक्टर परीक्षा- 25 जुलाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी 2027 - 1 अगस्त
वैज्ञानिक अधिकारी 2027- 26 सितंबर
कराधान सहायक परीक्षा 2027- 26 सितंबर
व्याख्याता पॉलीटेक्निक महाविद्यालय - 17 अक्टूबर
भर्ती विज्ञापन फिर कब आएगा
वहीं परीक्षा कैलेंडर जारी होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल नियमित राज्य सेवा परीक्षा 2027 के विज्ञापन को लेकर खड़ा हो गया है। कैलेंडर में इसकी प्री परीक्षा 24 जनवरी को रखी गई है। आमतौर पर परीक्षा से करीब 50 दिन पहले विज्ञापन जारी होता है। ऐसे में उम्मीद है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह या दिसंबर के पहले सप्ताह तक नोटिफिकेशन आ सकता है। लेकिन यहां सबसे बड़ी अड़चन OBC आरक्षण का मामला है। आरक्षण से जुड़े फैसले के बाद राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुकी है, लेकिन अभी सुनवाई की तारीख तय नहीं हुई है।
अब सवाल यह है कि क्या सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले या स्टे का इंतजार करेगी या उससे पहले ही भर्ती का विज्ञापन जारी कर देगी? अगर विज्ञापन जारी होता है तो पदों का आरक्षण किस फॉर्मूले से तय होगा, यह भी बड़ा मुद्दा है। फिलहाल इस पर सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। दरअसल, अगर विज्ञापन 14 फीसदी OBC आरक्षण के आधार पर आता है तो पिछड़ा वर्ग नाराज हो सकता है।
वहीं, इससे ज्यादा आरक्षण देने पर सामान्य वर्ग की ओर से कोर्ट के आदेश की अवमानना का सवाल उठ सकता है। ऐसे में सरकार के सामने मुश्किल स्थिति है। अगर सुप्रीम कोर्ट से 27 फीसदी OBC आरक्षण के पक्ष में स्टे मिल जाता है, तो सरकार 27 फीसदी आरक्षण और 87-13 फीसदी फॉर्मूले के आधार पर विज्ञापन जारी कर सकती है।
क्या एक साल में इतनी चयन सूची आएगी
मध्यप्रदेश में इस साल 2025 राज्य सेवा परीक्षा की फाइनल चयन सूची जारी होने की उम्मीद थी, लेकिन OBC आरक्षण विवाद के चलते मेंस का रिजल्ट ही अटक गया था। यही स्थिति 2026 राज्य सेवा परीक्षा की भी है, जिसका रिजल्ट फिलहाल होल्ड पर है। ऐसे में इन दोनों परीक्षाओं की फाइनल चयन सूची इस साल जारी होने की संभावना कम है।
माना जा रहा है कि अगले साल 2025 और 2026 की परीक्षाओं के इंटरव्यू और फाइनल रिजल्ट एक के बाद एक जारी हो सकते हैं। दूसरी तरफ सरकार और आयोग 2027 में नियमित राज्य सेवा परीक्षा के साथ स्पेशल पीएससी भी कराने की तैयारी में हैं। यानी अगर सब कुछ तय समय पर हुआ तो अगले साल अभ्यर्थियों को 2025, 2026 और 2027 की नियमित व विशेष परीक्षा मिलाकर कुल चार फाइनल मेरिट लिस्ट देखने को मिल सकती हैं।
एक बार फिर असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा
पीएससी के नए कैलेंडर में उन युवाओं के लिए भी राहत की खबर है, जो पिछली बार भर्ती में मौका चूक गए थे। आयोग ने एक बार फिर असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 2027 को शेड्यूल में जगह दी है। पिछले कुछ समय से इस भर्ती के विज्ञापन लगातार जारी हो रहे हैं, ऐसे में नए अभ्यर्थियों को भी आवेदन और चयन का मौका मिल सकेगा। इसके अलावा लाइब्रेरियन और स्पोर्ट्स ऑफिसर के पदों पर भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित है।
वहीं फूड सेफ्टी ऑफिसर और माइनिंग इंस्पेक्टर की परीक्षा भी कैलेंडर में शामिल की गई है। इसके साथ ही असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट प्रॉसिक्यूशन ऑफिसर (ADPO) भर्ती परीक्षा का भी कार्यक्रम दिया गया है।
टाइट शेड्यूल बिल्कुल समय नहीं
वहीं शेड्यूल सामने आते ही यह बात भी उठने लगी है कि शेड्यूल काफी टाइट है और एक के बाद एक परीक्षाएं हैं। खासकर पीएससी दो बार होने के चलते प्री खत्म होते ही दूसरे की मेंस आ रही है। जैसे विशेष परीक्षा की प्री 2 मई को है तो वहीं सात दिन बाद ही राज्य सेवा परीक्षा नियमित 2027 की मेंस 10 मई से होना है।
इसी तरह विशेष परीक्षा की प्री से सात दिन पहले 25 अप्रैल को ही राज्य वन सेवा की मेंस है। वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा 4 जुलाई को प्रस्तावित है तो वहीं राज्य स्पेशल परीक्षा की मेंस फिर 9 अगस्त से है। यानी एक के बाद एक परीक्षा। यह युवाओं के लिए मौका भी है और टाइम मैनेजमेंट करने की भी चुनौती रहेगी।
FAQs
- मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने 2027 का परीक्षा कैलेंडर कब जारी किया?
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने 2027 का परीक्षा कैलेंडर 20 नवंबर को जारी किया। - राज्य सेवा परीक्षा 2027 की प्रारंभिक और मेंस परीक्षाएं कब होंगी?
राज्य सेवा परीक्षा 2027 की प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को और मेंस परीक्षा 10 से 15 मई 2027 के बीच संभावित है। - विशेष पीएससी परीक्षा के रिजल्ट और इंटरव्यू कब होंगे?
विशेष पीएससी की मेंस परीक्षा अगस्त 2027 में होगी, और इसका रिजल्ट नवंबर 2027 तक जारी करने की कोशिश की जाएगी, ताकि दिसंबर में इंटरव्यू कराए जा सकें।