MPPSC में बड़ा सवाल- 13 फीसदी होल्ड फॉर्मूले में क्या OBC उम्मीदवारों के हो सकते हैं इंटरव्यू?

Sanjay Gupta | Sootr Creatives | Published:
हाईकोर्ट के फैसले के बाद MPPSC इंटरव्यू में 13% होल्ड कैटेगरी के ओबीसी उम्मीदवारों को बुलाने पर छिड़ा विवाद।
Controversy over MPPSC calling 13 percent hold OBC candidates for interviews after High Court order reducing OBC reservation to 14 percent
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) में भर्ती परीक्षाओं के लिए लगातार इंटरव्यू हो रहे हैं। लेकिन 9 अक्टूबर को ओबीसी आरक्षण पर हाईकोर्ट के फैसले के बाद एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। क्या 13 फीसदी वाले क्राइटेरिया में चयनित उम्मीदवार इंटरव्यू दे सकेंगे? क्या उन्हें चयन की आखिरी प्रक्रिया में भी शामिल किया जा सकता है?

दरअसल ओबीसी आरक्षण को लेकर जबलपुर हाईकोर्ट ने 9 अक्टूबर को बड़ा फैसला सुनाया था। कोर्ट ने 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण को असंवैधानिक बताते हुए इसे घटाकर 14 फीसदी करने का आदेश दिया था। साथ ही होल्ड किए गए 13 फीसदी पदों को अनारक्षित वर्ग से तीन महीने के भीतर भरने को कहा था।



सरकार ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। लेकिन अभी तक सुप्रीम कोर्ट ने इस पर कोई रोक नहीं लगाई है। ऐसे में फिलहाल हाईकोर्ट का 9 अक्टूबर का आदेश ही लागू है।



लेकिन अब यह बड़ा सवाल...

होल्ड 13 फीसदी पद अनारक्षित को देने की बात हाईकोर्ट ने आदेश में कही है। वहीं इसी बीच पीएससी द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती हो या अन्य विभाग की भर्ती प्रक्रिया इसके लिए इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 13 फीसदी कैटेगरी में रखे गए अनारक्षित और साथ ही ओबीसी दोनों ही उम्मीदवारों को बुलाया जा रहा है।



अब इसमें सवाल उठ रहा है कि 13 फीसदी कैटेगरी में रखे गए ओबीसी उम्मीदवार अब हाईकोर्ट आदेश से इंटरव्यू के लिए पात्र ही नहीं रह जाते हैं, तो फिर उन्हें चयन प्रक्रिया में अब भी क्यों रखा गया है। वैसे भी यह पद तो हाईकोर्ट आदेश से अनारक्षित को ही जाना है।



क्या है 87-13 फीसदी फॉर्मूला?

आइए पहले इस फॉर्मूले को समझ लेते हैं। जब हाईकोर्ट ने मप्र सरकार को ओबीसी आरक्षण 14 फीसदी से ज्यादा नहीं देने का अंतरिम आदेश दिया था, तब कई भर्तियों के रिजल्ट रोक दिए गए थे।



इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने 29 सितंबर 2022 को 87-13-13 फीसदी का नया फॉर्मूला लागू किया। इसके तहत 87 फीसदी पदों को अलग अलग वर्गों में बांटा गया। इसमें एसटी को 20 फीसदी, एससी को 16 फीसदी, ओबीसी को 14 फीसदी, ईडब्ल्यूएस को 10 फीसदी और अनारक्षित वर्ग को 27 फीसदी पद दिए गए।



वहीं बाकी 13 फीसदी पदों के लिए एक अलग प्रोविजनल लिस्ट बनाई गई। इन पदों पर अनारक्षित और ओबीसी, दोनों वर्गों के उम्मीदवारों को जगह दी गई। यानी 13 फीसदी पदों के लिए दोनों वर्गों के 13-13 फीसदी उम्मीदवार चुने गए। उस समय कहा गया था कि ओबीसी आरक्षण पर कोर्ट का जो भी अंतिम फैसला आएगा, उसी के हिसाब से ये 13 फीसदी पद अनारक्षित या ओबीसी वर्ग को दे दिए जाएंगे।



13 फीसदी से ओबीसी को अलग करने की ये मांग

हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब सामान्य वर्ग यही मांग कर रहा है कि 13 फीसदी अनारक्षित के लिए रखे जाएं। साथ ही ओबीसी को अब चयन प्रक्रिया से बाहर किया जाए। अब हाईकोर्ट के आदेश से यह 13 फीसदी क्राइटेरिया ही खत्म हो गया है।



इनका कहना है कि पीएससी प्री या आयोग की किसी भी परीक्षा में अगले चरण में 13 फीसदी फॉर्मूले में किसी भी ओबीसी उम्मीदवार का भी प्रोविजनल चयन हुआ था कि यदि यह पद ओबीसी को जाते तो उन्हें भर्ती प्रक्रिया में रखा जाएगा, लेकिन यह अब फॉर्मूला ही नहीं बचा।



साथ ही जिन 13 फीसदी ओबीसी पदों के लिए इन्हें चयन में लिया जा रहा था वह पद भी अब नहीं रहे वह तो अनारक्षित को जाएंगे, फिर वह चयन प्रक्रिया में कैसे बने रह सकते हैं। सामान्य वर्ग का यह भी सवाल है कि यदि फैसला ओबीसी के हक में आता तो अभी तक तो अनारक्षित को 13 फीसदी से बाहर कर दिया जाता और होल्ड पद भी दे दिए जाते, लेकिन सरकार अब यह नहीं कर रही है।



सामान्य वर्ग के अधिवक्ता का ये पक्ष...

इस मामले में सामान्य वर्ग की ओर से हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता आदित्य सांघी से द सूत्र ने बात की। उनका कहना है कि मार्च 2019 से ही आयोग और सरकार इसमें गलत कर रही है। उसी समय ही 14 फीसदी से ज्यादा ओबीसी आरक्षण पर रोक हो गई थी। यह पद तो तभी से ही अनारक्षित के हैं।



अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद तो और गलत कर रही है। यह पद सीधे तौर पर अनारक्षित के लिए जाना चाहिए। यह ओबीसी उम्मीदवारों को इंटरव्यू में बुलाना, चयन प्रक्रिया में लेना पूरी तरह से अवैधानिक प्रक्रिया है। यह उम्मीदवारों के साथ धोखाधड़ी है। केवल सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी पेंडिंग होने और वहां से स्टे होने की उम्मीद में आयोग और सरकार यह कर रही है।



ओबीसी वेलफेयर कमेटी के अधिवक्ता का पक्ष...

वहीं इस मामले में ओबीसी वेलफेयर कमेटी के वरिष्ठ अधिवक्ता रामेश्वर ठाकुर ने कहा कि कानूनी लड़ाई अभी चल रही है। वहीं 13 फीसदी प्रोविजनल सूची से ओबीसी उम्मीदवारों का अधिकार खत्म नहीं हुआ है। इस प्रोविजनल सूची में ओबीसी और अनारक्षित दोनों हैं तो सभी के इंटरव्यू होंगे और इसमें भी अंतिम चयन सूची तो मेरिट से ही बनेगी। कई ओबीसी उम्मीदवार होंगे जो मेरिट से अनारक्षित कैटेगरी में जगह पाएंगे। इसलिए उनका हक नहीं रोका जा सकता है।



आयोग का यह है पक्ष...

वहीं आयोग का भी तर्क ओबीसी अधिवक्ता की तरह ही है। आयोग का कहना है कि अंतिम चयन सूची मेरिट से बनेगी। ऐसे में 13 फीसदी में शामिल अनारक्षित हो या ओबीसी सभी की अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी और फिर इसी आधार पर चयन सूची जारी होगी। ऐसे में इंटरव्यू करना गलत नहीं है।



Tags:
  • मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग
  • ओबीसी आरक्षण
  • जबलपुर हाईकोर्ट
  • 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण
  • सामान्य प्रशासन विभाग
  • अधिवक्ता रामेश्वर ठाकुर
  • मप्र सरकार