MPPSC की परीक्षाओं से युवाओं का मोहभंग! वैज्ञानिक अधिकारी का पेपर देने सिर्फ 37% पहुंचे, 63% ने छोड़ी परीक्षा
एक तरफ जहां कृषि विभाग की परीक्षा में अच्छी भीड़ दिखी। वहीं वैज्ञानिक अधिकारी बनने के लिए आधे से ज्यादा युवाओं ने परीक्षा ही छोड़ दी है।
दो परीक्षाओं में दिखा जमीन आसमान का अंतर
बता दें कि इंदौर के अलग अलग केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ये दोनों परीक्षाएं ली गई थीं। दोनों परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवाओं के आंकड़ों ने सबको हैरान कर दिया है।
वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा-2026: इस भर्ती में कुल 87 पद निकाले गए थे। इसके लिए करीब 14 हजार अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठना था। चौंकाने वाली बात यह रही कि सिर्फ 37 फीसदी युवा ही पेपर देने पहुंचे। लगभग 63 प्रतिशत ने परीक्षा छोड़ दी है।
सहायक संचालक किसान कल्याण कृषि विकास परीक्षा-2025: इस परीक्षा में कुल 71 पद शामिल हैं। इसमें 4 हजार युवाओं को शामिल होना था। इनमें से 73 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे हैं। यहां सिर्फ 27 प्रतिशत युवा ही गैरहाजिर रहे हैं।
थ्री-लेयर सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण रही परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए आयोग ने पुख्ता इंतजाम किए थे। पीएससी के ओएसडी डॉ. रवींद्र पंचभाई ने बताया कि छात्रों को थ्री-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम से गुजरने के बाद ही अंदर जाने दिया गया था।
केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और प्रवेश पत्र की स्कैनिंग की व्यवस्था की गई थी। इस सख्ती का असर यह हुआ कि पूरी परीक्षा के दौरान नकल का एक भी मामला सामने नहीं आया है।
क्या अगली तीन परीक्षाओं में भी यही हाल रहेगा?
पीएससी की परीक्षाओं में युवाओं की लगातार कम होती संख्या अब चिंता का विषय बन गई है। जानकारों का मानना है कि करीब 25 परीक्षाओं के आधार पर अभी कुल उपस्थिति का औसत करीब 55 फीसदी चल रहा है। अगर अगली तीन परीक्षाओं में भी उपस्थिति 45 से 55 फीसदी के बीच रही तो यह औसत आंकड़ा 50 फीसदी से भी नीचे चला जाएगा।
प्रोफेसर डॉ. विपुल पटेल का कहना है कि सहायक प्राध्यापक, राज्य सेवा, स्टेट इंजीनियरिंग, वन सेवा और एडीपीओ जैसी बड़ी परीक्षाओं में उपस्थिति कम होना गंभीर बात है। इसके कारणों पर काम करना बहुत जरूरी है। ताकि भविष्य में कम से कम 65 से 70 फीसदी युवा परीक्षा देने जरूर आएं।
आखिर क्यों परीक्षा देने नहीं पहुंच रहे युवा?
एक्सपर्ट डॉ. नेहा गुप्ता के मुताबिक इन परीक्षाओं में फॉर्म तो बड़ी संख्या में भरे जाते हैं। वहीं परीक्षा देने कम लोग पहुंचते हैं। इसके पीछे कई बड़ी वजहें सामने आई हैं।
ओबीसी आरक्षण और कोर्ट केस: ओबीसी आरक्षण के चलते 13 फीसदी रिजल्ट होल्ड पर होना एक बड़ा कारण है। इसके अलावा ज्यादातर परीक्षाओं से जुड़े मामले कोर्ट में पहुंच जाते हैं। इससे भर्ती अटक जाती है।
रिजल्ट और इंटरव्यू में देरी: परीक्षा होने के बाद परिणाम आने और इंटरव्यू होने में काफी बहुत लग जाता है। इस लेटलतीफी से युवाओं का मनोबल टूटता है।
कम पद और अधूरी तैयारी: पदों की संख्या बहुत कम होने से मुकाबला बहुत कड़ा हो गया है। ऐसे में जिन युवाओं की तैयारी अधूरी रह जाती है, वे परीक्षा देने ही नहीं जाते हैं।
पिछली परीक्षाओं में भी खाली रही थीं कुर्सियां
यह पहला मौका नहीं है जब इतनी बड़ी संख्या में युवाओं ने परीक्षा छोड़ी है। इससे पहले 1 नवंबर को 107 पदों के लिए एडीपीओ (ADPO) की भर्ती परीक्षा हुई थी। तब 32 हजार युवाओं ने आवेदन किया था, लेकिन सिर्फ 58 फीसदी ही परीक्षा देने पहुंचे थे। इस दौरान 42 फीसदी गैरहाजिर रहे थे।
यह भर्ती 2015 के बाद निकाली गई थी, जिसमें पहले 256 पद थे लेकिन इस बार सिर्फ 107 पद ही दिए गए थे। इसी तरह 4 अक्टूबर को मैथ्स, केमिस्ट्री, हिस्ट्री और फिजिक्स के 401 पदों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा हुई थी। उस परीक्षा में भी करीब 12 हजार 500 युवाओं में से सिर्फ 58 फीसदी ही शामिल हुए थे और 42 फीसदी अनुपस्थित रहे थे।
FAQ
1. एमपीपीएससी की वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती परीक्षा में कितने प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए?
इस परीक्षा में कुल 87 पदों के लिए 14 हजार अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन सिर्फ 37 फीसदी अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे और 63 फीसदी गैरहाजिर रहे।
2. एमपीपीएससी की परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की उपस्थिति लगातार क्यों घट रही है?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, पदों की कम संख्या, कड़ी प्रतिस्पर्धा, अधूरी तैयारी, रिजल्ट और इंटरव्यू में देरी, कोर्ट केस और ओबीसी आरक्षण के कारण 13 फीसदी रिजल्ट होल्ड होने से अभ्यर्थियों की उपस्थिति घट रही है।