मोहर्रम में वैन ब्लास्ट का मामला: संदेश का सच तलाश रहीं ATS और फोरेंसिक टीमें
समझें क्या है पूरा मामला
- मोहर्रम जुलूस में वैन क्रेन से 40 फीट ऊपर लटकाई गई।
- वैन पर ‘ले फिर आ गए’ संदेश लिखा था।
- वैन में पटाखों से विस्फोट होने का दावा किया गया।
- पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किए।
- ATS और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है।
उज्जैन के बड़नगर में क्या हुआ?
23 जून की रात बड़नगर के अडान मोहल्ले से मोहर्रम का जुलूस निकला था। जुलूस में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से करीब 40 फीट ऊंचाई पर लटकाया गया। वैन की छत पर जाहिद और तपसील नाम के दो युवक खड़े होकर लाल झंडे लहरा रहे थे। कुछ देर बाद वैन में जोरदार ब्लास्ट किया गया। ब्लास्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं।
तीन गिरफ्तार, क्रेन मालिक पर भी केस
पुलिस ने शोएब (पिता: गब्बू), जाहिद (पिता: भूरा खां) और तपसील उर्फ तस्लीम को गिरफ्तार किया। शोएब ने अडान अखाड़े के बैनर तले यह जुलूस निकाला था। उसी ने कबाड़ की वैन को क्रेन पर चढ़वाया था।
जाहिद और तपसील ब्लास्ट के ठीक पहले वैन की छत से नीचे उतर आए थे। क्रेन मालिक गोपाल राठौर ने पुलिस को बताया कि उन्हें पुष्प वर्षा के लिए क्रेन मांगी गई थी। 2500 रुपए किराए पर ड्राइवर समेत क्रेन दी गई थी। राठौर का कहना है कि उन्हें विस्फोट की कोई जानकारी नहीं थी। उन पर भी मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों ने पुलिस को करीब 8 हजार रुपए के पटाखों का बिल सौंपा है। इसकी पुष्टि की जा रही है।
भीड़ में हुआ ब्लास्ट, जान को खतरा
एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक यह विस्फोट बड़नगर के जय स्तंभ चौक पर भीड़भाड़ वाले इलाके में हुआ। ब्लास्ट के बाद वैन के पुर्जे, कांच और दूसरा मलबा नीचे गिरा। इससे आसपास खड़े लोगों की जान को गंभीर खतरा हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करनदीप सिंह ने QRT (Quick Response Team) के साथ बड़नगर पहुंचकर संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला।
ATS क्यों आई जांच में?
उज्जैन, उन्हेल, नागदा और महिदपुर को पहले से संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से स्थानीय पुलिस के साथ ATS भी इस मामले में शामिल हो गई। जांच एजेंसियां तीन बड़े सवालों के जवाब ढूंढ रही हैं। पहला, विस्फोट के पीछे असली मकसद क्या था। दूसरा, वैन पर 'ले, फिर आ गए' क्यों लिखा गया था। तीसरा, विस्फोटक सामग्री कौन सी थी और उसे कहां से लाया गया।
पटाखों से बनी गैस, या कुछ और?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करनदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वैन में रॉकेट और सुतली बम मिले। गाड़ी के कांच बंद होने के कारण गैस जमा हुई और विस्फोट जैसी स्थिति बनी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि असली कारणों की पुष्टि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। शुक्रवार को उज्जैन की फोरेंसिक टीम और BDS (Bomb Disposal Squad) बड़नगर पहुंचकर वैन से नमूने इकट्ठा करेंगे।
ये भी पढ़ें...
बड़नगर मोहर्रम जुलूस में वैन को 40 फीट ऊपर लटकाकर ब्लास्ट किया, 4 पर नामजद FIR
रतलाम मोहर्रम जुलूस में फैला करंट, कई झुलसे, दो की मौत
मोहर्रम-उर्स पर वक्फ बोर्ड का फरमान, नियम तोड़े तो 50 हजार जुर्माना और कमेटी भंग
CM मोहन यादव और कोका-कोला CEO की मुलाकात, मध्य प्रदेश में निवेश और उद्योग पर बात