1353 करोड़ से बदलेगी 126 गांवों की सिंचाई व्यवस्था: बिरसा मुंडा जयंती पर धार में PM-CM का कार्यक्रम, नर्मदा जल पहुंचेगा खेतों तक
चार जिलों में होंगे बिरसा मुंडा जयंती के कार्यक्रम
प्रदेश सरकार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर तीन दिवसीय समारोह आयोजित करेगी। इसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और आलीराजपुर जिले के जोबट में कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 16 नवंबर को खंडवा जिले में राज्यस्तरीय आयोजन किया जाएगा।
धार में रोड शो करेंगे सीएम, ग्रामीणों से लेंगे फीडबैक
मुख्यमंत्री मोहन यादव 15 नवंबर को धार पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे जिले में रोड शो करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीणों से बातचीत करेंगे और सरकारी योजनाओं को लेकर Feedback लेंगे। वे लोगों से जानेंगे कि योजनाओं का फायदा उन्हें मिल रहा है या नहीं। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत पात्र पट्टाधारियों के प्लॉट और मकानों की रजिस्ट्री भी उनकी मौजूदगी में कराई जाएगी। इसके अलावा वे जिले में कई विकास कार्यों की सौगात देंगे।
1353.18 करोड़ की सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री मोहन यादव धार में डही माइक्रो लिफ्ट इरिगेशन प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे। यह परियोजना 1353.18 करोड़ रुपए की लागत से तैयार की गई है। इसके जरिए नर्मदा नदी का पानी धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों तक पहुंचाया जाएगा। इससे रबी सीजन में करीब 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इस परियोजना से करीब 1 लाख 26 हजार किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
धार और आलीराजपुर की इन तहसीलों को मिलेगा पानी
इस Irrigation Project के तहत 166.51 मिलियन घनमीटर पानी उठाकर खेतों तक पहुंचाया जाएगा। धार जिले की कुक्षी तहसील में 13,180 हेक्टेयर और डही तहसील में 15,895 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। वहीं, आलीराजपुर जिले की जोबट तहसील में 15,963 हेक्टेयर, सोंडवा में 1,759 हेक्टेयर और आलीराजपुर तहसील में 1,958 हेक्टेयर कृषि भूमि तक पानी पहुंचाया जाएगा। इस योजना से दोनों जिलों के किसानों को रबी की फसलों के लिए सिंचाई का पानी उपलब्ध हो सकेगा।
बिरसा मुंडा का योगदान
बिरसा मुंडा को धरती आबा के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। उनकी जयंती पर 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। इस दिन के जरिए उनके संघर्ष और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश होती है।
18 नवंबर तक चलेगा जनजातीय गौरव सप्ताह
मध्य प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन 11 नवंबर से शुरू होकर 18 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, रैलियां, प्रतियोगिताएं और जनजातीय नायकों के सम्मान में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही 18 से 20 नवंबर तक चयनित गांवों में जनजातीय गौरव चौपालें भी लगाई जाएंगी।
इस पूरे आयोजन में जनजातीय समाज की संस्कृति, इतिहास और महान नायकों के योगदान को प्रमुखता दी जाएगी। सरकार और भाजपा की ओर से इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज की विरासत को लोगों तक पहुंचाने की तैयारी की गई है।