नर्मदापुरम में रिटायर्ड अफसर से लूट, किरायदार बनकर आए थे बदमाश

Aman Vaishnav | Jun 11, 2026, 11:56 IST
नर्मदापुरम में रिटायर्ड अफसर से लूट
नर्मदापुरम के शांतिनगर में किराएदार बनकर आए बदमाशों ने रिटायर्ड अफसर एनके गोयल को बंधक बनाकर लूट लिया। साथ ही मारपीट कर बदमाश सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग गए।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • नर्मदापुरम के शांतिनगर में बदमाशों ने 92 साल के रिटायर्ड अफसर को बंधक बनाकर लूटा।
  • दोपहर में तीन-चार बदमाश बुजुर्ग के घर पहुंचे और दरवाजा खुलते ही जबरन अंदर घुस गए।
  • बदमाशों ने बुजुर्ग के हाथ-पैर बांधे, मारपीट की और गले की चेन और अंगूठियां लूटकर ले गए।
  • बदमाशों ने 40 मिनट तक पूरे घर में उत्पात मचाया। अलमारी व पेटी के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया।
  • देहात थाना क्षेत्र में बुजुर्गों के साथ एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है।

किराएदार बनकर आए, जबरन घुसे अंदर

जानकारी के अनुसार बुधवार, 10 जून की दोपहर करीब 2:30 बजे तीन-चार युवक एनके गोयल के दरवाजे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि किराए पर मकान चाहिए। जैसे ही बुजुर्ग (रिटायर्ड अफसर) ने दरवाजा खोला 25 से 30 साल की उम्र के गमछा बांधे ये युवक जबरन अंदर घुस गए।



बुजुर्ग के हाथ-पैर गमछे से बांध दिए गए। शोर न मचाए इसलिए उनका मुंह भी दबाया गया। इसके बाद पैसों की मांग शुरू हुई।



40 मिनट तक घर में मचाया उत्पात

बुजुर्ग ने बताया कि पैसे न होने की बात सुनकर बदमाशों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की। उनका गला दबाया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं एक बदमाश हथियार लेकर उनके पास खड़ा रहा।



बाकी तीन बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली। अलमारी और लोहे की पेटी के ताले तोड़ दिए। सामान बिखेर दिया। गले से सोने की चेन, सोने-चांदी की अंगूठियां और चांदी का कड़ा उतरवा लिया। जाते समय एक कीपैड मोबाइल भी उठा ले गए।



बड़ी मशक्कत से खोले बंधन, पड़ोसियों को बताया

बदमाशों के जाने के बाद बुजुर्ग एनके गोयल ने खुद अपने बंधन खोले। वे घर के बाहर आए और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इलाके में सनसनी फैल गई।



सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना किया और देर शाम अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।



32 साल से रिटायर्ड, पत्नी भी नहीं

एनके गोयल लोक निर्माण विभाग से एसडीओ के पद से साल 1994 में रिटायर हुए थे। साल 2000 में उनकी पत्नी उषा रानी गोयल का निधन हो गया था। तब से वे शांतिनगर वाले मकान में अकेले रह रहे थे।



उनका बेटा दिनेश गोयल अपने परिवार के साथ बांके बिहारी कॉलोनी में रहता है। घटना के बाद डरे-सहमे बुजुर्ग रात को बेटे के घर चले गए। शांतिनगर वाले मकान पर ताला लगा रहा।



CCTV खंगाल रही पुलिस, एक हफ्ते में दूसरी वारदात

थाना प्रभारी सौरभ पांडे के मुताबिक कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। इनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।



यह देहात थाना क्षेत्र में एक हफ्ते के भीतर बुजुर्गों पर दूसरी बड़ी वारदात है। तीन दिन पहले भी तालनगरी गांव में अज्जुद्दी बाई के साथ भी सोते समय मारपीट और लूटपाट हुई थी। बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।



ये खबरें भी पढ़िए...



मध्यप्रदेश न्यूज: सगे भाई-भाभी ही निकले धोखेबाज, क्राइम पेट्रोल देखकर की 49 लाख की लूट



महिला यूट्यूबर के घर लाखों की चोरी, सोशल मीडिया पर दिखाती थी लग्जरी लाइफ



क्राइम न्यूज: दामाद ने सास से की शादी, लंबे समय से चल रहा था चक्कर, वीडियो बनाकर कहा...



एमपी न्यूज: पिता खींचता रहा स्ट्रेचर, मां भिगोती रही चुन्नी, धूप में अस्पताल तक तड़पता रहा बेटा



Tags:
  • एमपी न्यूज
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • क्राइम न्यूज
  • नर्मदापुरम
  • लूट
  • चोरी
  • थाना प्रभारी