रिश्वत लेते पकड़ाया बाबू, बोला- मेरे 5 हजार, बाकी 25 हजार मैडम के हैं
नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। ईओडब्ल्यू (EOW) जबलपुर की टीम ने एसडीएम कार्यालय में पदस्थ स्टेनो सौरभ यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जो दावा सामने आया, उसने पूरे मामले को और ज्यादा सनसनीखेज बना दिया है।
पकड़े जाने के बाद स्टेनो सौरभ यादव ने कहा कि रिश्वत की रकम में उसके हिस्से के सिर्फ 5 हजार रुपए थे, जबकि बाकी 25 हजार रुपए एसडीएम पूजा सोनी के लिए थे। इस बयान के बाद अब मामले की जांच का दायरा बढ़ सकता है। एसडीएम पूजा सोनी भी जांच के घेरे में आ सकती हैं। हालांकि यह आरोप स्टेनो की तरफ से लगाए गए हैं और पूरा मामला जांच पर टिका हुआ है।
कॉलोनी का नक्शा पास कराने के बदले मांगे पैसे
जानकारी के मुताबिक, तेंदूखेड़ा निवासी संजय राय कॉलोनाइजर हैं। उन्हें अपनी कॉलोनी निर्माण का नक्शा पास कराना था। इसके लिए टीएनसीपी (TNCP) को रिपोर्ट भेजे जाने संबंधी आवेदन उन्होंने एसडीएम कार्यालय में दिया था। आरोप है कि एसडीएम कार्यालय में पदस्थ स्टेनो सौरभ यादव ने फाइल को जानबूझकर दबाकर रखा और काम में देरी करता रहा। बाद में उसने काम आगे बढ़ाने के बदले पैसों की मांग की।
संजय राय ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू जबलपुर से की। शिकायत के बाद टीम ने 14 मई को योजना बनाकर कार्रवाई की और रिश्वत की रकम लेते समय सौरभ यादव को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आया सबसे बड़ा बयान
ईओडब्ल्यू की कार्रवाई के बाद मामला उस वक्त और बड़ा हो गया, जब पकड़े गए स्टेनो ने पूछताछ में कहा कि कुल रकम में से सिर्फ 5 हजार रुपए उसके थे, जबकि 25 हजार रुपए एसडीएम पूजा सोनी के हिस्से के थे।
इस बयान के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों का कहना है कि स्टेनो के बयान के आधार पर आगे जांच बढ़ सकती है।
SDM पूजा सोनी से संपर्क नहीं हो सका
मामले में पक्ष जानने के लिए The Sootr की टीम ने एसडीएम पूजा सोनी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला। उन्हें वाट्सएप मैसेज भी किया गया है, जवाब आने पर उसे खबर में शामिल किया जाएगा।
कौन हैं पूजा सोनी?
पूजा सोनी अभी राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं और नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में एसडीएम पद पर पदस्थ हैं। उनकी पहचान एक मेहनती और संघर्ष से आगे बढ़ने वाली अधिकारी के तौर पर रही है।
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर कस्बे से आने वाली पूजा सोनी सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता महेश प्रसाद सोनी किसान हैं, जबकि मां जानकी सोनी गृहिणी हैं।
चार भाइयों और दो बहनों वाले परिवार में पूजा का चौथा स्थान है। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने लगातार पढ़ाई जारी रखी और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की।
उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा पास की। साल 2019 की एमपीपीएससी परीक्षा में उन्हें 408वीं रैंक मिली थी। इसके बाद उन्होंने यूपी पीसीएस परीक्षा में भी सफलता हासिल की।
यहीं नहीं, उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और साल 2025 की परीक्षा में ऑल इंडिया 249वीं रैंक हासिल कर ली। अब उनका चयन यूपीएससी में हो चुका है और ट्रेनिंग के बाद वे आईएएस अधिकारी बन जाएंगी।
अब तेंदूखेड़ा रिश्वत कांड में स्टेनो के बयान के बाद उनका नाम भी चर्चा में है। ऐसे में सबकी नजर अब जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिक गई है।
यह खबरें भी पढ़ें...
नरसिंहपुर में भ्रष्टाचार का खेल: तेंदूखेड़ा SDM का स्टेनो 30,000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार
तीन राज्यों की ऐसी सी कहानी; परीक्षा, पेपर लीक, जांच और फिर सिस्टम की चुप्पी... दोषी 'आजाद'
इंदौर में 'अली' बनकर किया 12 साल शोषण : रसूखदार कॉलोनाइजर पर कोर्ट का बड़ा फैसला
डेली कॉलेज को लेकर लगी चार याचिकाओं से हाईकोर्ट जस्टिस ने खुद को किया अलग