नीमच में प्रिंसिपल ने छात्र को घसीटा, लात-घूंसे मारे, कहा-बच गया वरना छत से फेंक देता

Aman Vaishnav | Sept 15, 2026, 13:30 IST
नीमच में प्रिंसिपल ने छात्र को घसीटा
नीमच के संस्कार पब्लिक स्कूल में 8वीं के छात्र को प्रिंसिपल ने बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का विडियो का सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • नीमच के संस्कार पब्लिक स्कूल में एक प्राचार्य ने 12 साल के छात्र को बुरी तरह पीटा।
  • यह घटना शनिवार दोपहर स्कूल की कक्षा में हुई।
  • सोमवार को इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
  • छात्र के पिता ने नीमच केंट थाने में शिकायत दर्ज कराई।
  • पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि नीमच शहर की स्कीम नंबर 34 में संस्कार पब्लिक स्कूल संचालित होता है। यहां आठवीं कक्षा का छात्र नितिन चौहान पढ़ता है। नितिन ग्वाल टोली का रहने वाला है। उसके पिता का नाम यशवंत चौहान है।



भोजनावकाश में हुई शुरुआत

शनिवार को भोजनावकाश के दौरान क्लास में नितिन से टकराकर पांचवीं कक्षा का एक छात्र गिर गया। इसकी शिकायत प्राचार्य विष्णु पंवार तक पहुंची। शिकायत मिलते ही प्राचार्य कक्षा में पहुंच गए। उन्होंने फर्श पर बैठे नितिन को बिना कुछ पूछे पीटना शुरू कर दिया।



प्राचार्य ने बरती बेरहमी

कुछ देर रुकने के बाद प्राचार्य ने नितिन को घसीटकर बाकी बच्चों के बीच से बाहर निकाला। फिर उसे फर्श पर पटक दिया। इसके बाद लात घूंसों से उसकी पिटाई की। इस दौरान नितिन के कपड़े भी फट गए।



पिटाई का यह पूरा दृश्य कक्षा में मौजूद अन्य शिक्षकों ने देखा। उन्होंने बीच बचाव कर प्राचार्य को रोका। इसके बाद प्राचार्य कक्षा से बाहर चले गए। छात्र नितिन ने बताया कि मारपीट से उसके हाथ, गर्दन और कमर में चोट आई है।



शनिवार की घटना, सोमवार को रिपोर्ट

घटना शनिवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। लेकिन इसका वीडियो सोमवार को सामने आया। वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस और प्रशासन तक पहुंच गया। एसपी राजेश व्यास ने मामले की जानकारी मिलते ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।



पिता का आरोप, धमकी की बात भी सामने आई

छात्र के पिता यशवंत चौहान ने बताया कि जब उन्होंने प्राचार्य से शिकायत की तो प्राचार्य ने गलती मानने के बजाय धमकी दी। पिता के अनुसार प्राचार्य ने कहा कि नितिन आज बच गया, नहीं तो उसे छत से फेंक देते और कह देते कि अन्य बच्चों ने धक्का दिया।



इसके बाद परिवार ने नीमच केंट थाने और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायत सौंपी। हालांकि प्राचार्य विष्णु पंवार ने मारपीट के सभी आरोपों से इनकार किया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।



पुलिस में शिकायत, कांग्रेस नेता भी पहुंचे

शनिवार की इस घटना पर सोमवार को नीमच केंट थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई। छात्र नितिन और उसके परिजनों के साथ कांग्रेस नेता तरूण बाहेती भी थाने पहुंचे। उन्होंने एसपी और टीआई से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी।



प्रशासन की प्रतिक्रिया

जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा ने बताया कि अभिभावक की शिकायत सोमवार को मिली है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच कर स्कूल व प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



वहीं नीमच केंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि छात्र के परिजनों की शिकायत पर प्राचार्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



छात्र के पिता ने मांग की है कि स्कूल को बंद किया जाए और प्राचार्य पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में किसी बच्चे के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो। टीचर ने छात्र को पीटा



ये खबरें भी पढ़िए...

क्राइम न्यूज: हे गुरूजी हम शर्मिंदा हैं: बोतल से पानी पीने पर दलित छात्र को डंडे से पीटा



एमपी न्यूज: छात्रा पर आया शिक्षक का दिल, कहा- मेरी गर्लफ्रेंड बन जाओ



छात्राओं ने अपनी ही सहेली को लात-घूंसे मारे, कहा-दोस्त से संबंध बनाओ वरना जान से मार देंगे



मध्यप्रदेश न्यूज: आधी रात खिड़की से कूदी 40 छात्राएं, पैदल पहुंची थाने, कहा...





Tags:
  • एमपी न्यूज
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • नीमच
  • क्राइम न्यूज
  • जिला शिक्षा अधिकारी
  • छात्र को पीटा
  • टीचर ने छात्र को पीटा