NEET-PG काउंसलिंग पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सेवारत डॉक्टरों के बोनस अंक से बनेगी मेरिट, रुकी काउंसलिंग फिर शुरू होगी

Neel Tiwari | Published:
हाईकोर्ट ने 2 नवंबर 2026 का अंतरिम आदेश समाप्त करते हुए रुकी हुई NEET-PG काउंसलिंग प्रक्रिया का रास्ता साफ कर दिया।
MP High Court upholds incentive marks for in-service doctors, clearing the way for NEET-PG 2026 counselling to resume.
NEET-PG 2026 की काउंसलिंग को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अब ग्रामीण और कठिन क्षेत्रों में सेवा देने वाले डॉक्टरों को मिलने वाले अतिरिक्त अंकों को सामान्य मेरिट सूची में भी जोड़ा जा सकेगा। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने फ्रेश MBBS डॉक्टरों की याचिका खारिज कर दी है।

इस फैसले से काउंसलिंग पर लगी रोक भी समाप्त हो गई है। कोर्ट ने 2 नवंबर 2026 को जारी अपना अंतरिम आदेश वापस ले लिया और रुकी हुई प्रवेश प्रक्रिया को कानून के अनुसार तत्काल शुरू करने का रास्ता साफ कर दिया।



आखिर फ्रेश MBBS डॉक्टरों को किस बात पर थी आपत्ति?

यह पूरा विवाद NEET-PG 2026 की राज्य स्तरीय मेरिट सूची तैयार करने के तरीके से जुड़ा था। डॉ. सर्वजीत सिंह और अन्य फ्रेश MBBS डॉक्टरों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उनका कहना था कि उन्होंने बिना किसी सरकारी सेवा के सामान्य अभ्यर्थियों की तरह NEET-PG परीक्षा दी है। दूसरी ओर, सरकारी अस्पतालों में काम कर चुके डॉक्टरों को ग्रामीण, दूरस्थ और कठिन क्षेत्रों में सेवा देने के बदले अतिरिक्त अंक मिल रहे हैं। ये अंक उनके NEET-PG के मूल स्कोर में जोड़कर मेरिट तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे थे। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि सेवारत डॉक्टरों के लिए पहले से 30 प्रतिशत सीटों का अलग कोटा निर्धारित है। ऐसे में उन्हें सामान्य मेरिट सूची में भी अतिरिक्त अंकों का लाभ देना गलत है। इससे उन्हें दोहरा फायदा मिलता है और फ्रेश डॉक्टरों की सीटें प्रभावित होती हैं।



नीट पीजी 2026 काउंसलिंग

10, 20 और 30 प्रतिशत तक मिलते हैं अतिरिक्त अंक

इस मामले को समझने के लिए प्रोत्साहन अंकों का नियम जानना जरूरी है। ग्रामीण, दूरस्थ और कठिन क्षेत्रों में सरकारी सेवा करने वाले डॉक्टरों को उनके सेवा अनुभव के आधार पर अतिरिक्त अंक दिए जाते हैं। नियमों के मुताबिक एक साल की सेवा पर 10 प्रतिशत, दो साल की सेवा पर 20 प्रतिशत और तीन साल की सेवा पर अधिकतम 30 प्रतिशत प्रोत्साहन अंक मिल सकते हैं। ये अंक NEET-PG में प्राप्त मूल अंकों के आधार पर निर्धारित मेरिट में जोड़े जाते हैं। इसका उद्देश्य उन डॉक्टरों को प्रोत्साहित करना है, जो सुविधाओं से वंचित इलाकों में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं।



30 प्रतिशत कोटा और प्रोत्साहन अंक अलग-अलग व्यवस्थाएं

याचिकाकर्ताओं ने मध्य प्रदेश चिकित्सा शिक्षा प्रवेश नियम, 2018 के नियम 14 का हवाला दिया था। उनका कहना था कि सेवारत डॉक्टरों के लिए अलग कोटा निर्धारित है और नियम में इस्तेमाल किए गए 'परस्पर वरीयता क्रम' का मतलब केवल उसी कोटे के भीतर आपसी मेरिट तय करना है। लेकिन हाईकोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि 30 प्रतिशत सीटों का कोटा और प्रोत्साहन अंक दो अलग व्यवस्थाएं हैं। 26 जुलाई 2022 के संशोधन के बाद 30 प्रतिशत कोटे का लाभ उन सेवारत डॉक्टरों को मिलता है, जिन्होंने ग्रामीण, दूरस्थ या कठिन क्षेत्र में कम से कम तीन साल सेवा की है। वहीं, एक या दो साल सेवा करने वाले डॉक्टरों को भी क्रमशः 10 और 20 प्रतिशत अतिरिक्त अंक मिल सकते हैं। इसका मतलब है कि हर प्रोत्साहन अंक पाने वाला डॉक्टर 30 प्रतिशत कोटे का पात्र नहीं होता। दोनों व्यवस्थाओं को एक जैसा नहीं माना जा सकता।



क्या सेवारत डॉक्टर सामान्य मेरिट में भी सीट पा सकते हैं?

हाईकोर्ट के सामने सबसे महत्वपूर्ण सवाल यही था कि क्या सेवारत डॉक्टर अपने अतिरिक्त अंकों के आधार पर सामान्य ओपन मेरिट में भी जगह पा सकते हैं? खंडपीठ ने माना कि नियमों में ऐसा कोई स्पष्ट प्रतिबंध नहीं है, जो सेवारत डॉक्टरों को सामान्य मेरिट में प्रतिस्पर्धा करने से रोकता हो। कोर्ट के अनुसार मेरिट का मतलब केवल लिखित परीक्षा में मिले मूल अंक नहीं हैं। इसमें कठिन और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करके हासिल किया गया व्यावहारिक अनुभव भी महत्वपूर्ण है। इसलिए पात्र सेवारत डॉक्टरों के प्रोत्साहन अंक जोड़कर उनकी मेरिट तय करना नियमों के विरुद्ध नहीं है। केवल अलग कोटा होने के आधार पर उन्हें सामान्य मेरिट से बाहर नहीं किया जा सकता।



ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जरूरी है व्यवस्था

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार और नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने भी अपना पक्ष रखा। सरकार का कहना था कि इस व्यवस्था का उद्देश्य ग्रामीण, जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर करना है। सरकार ने यह भी बताया कि पीजी कोर्स पूरा करने के बाद सेवारत डॉक्टरों पर पांच साल की अनिवार्य सेवा और 50 लाख रुपए के बॉन्ड की शर्त लागू होती है। NMC ने बताया कि स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा विनियमन के विनियमन 9(4) में भी कठिन और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा देने वाले डॉक्टरों को प्रोत्साहन अंक देने का प्रावधान है। सरकार और NMC का कहना था कि यह कोई नई व्यवस्था नहीं है। प्रवेश प्रक्रिया लंबे समय से लागू नियमों और नीतियों के अनुसार संचालित हो रही है।



सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का भी लिया गया सहारा

सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अपने तर्कों के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों का उल्लेख किया। इनमें तमिलनाडु मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन बनाम भारत संघ, उत्तर प्रदेश राज्य बनाम दिनेश सिंह चौहान, मध्य प्रदेश राज्य बनाम गोपाल डी. तीर्थानी और डॉ. गुरुबरन प्रकरण शामिल थे। इन फैसलों के जरिए यह बताया गया कि ग्रामीण और कठिन क्षेत्रों में काम करने वाले डॉक्टरों को प्रोत्साहन देना स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण उद्देश्य है। हाईकोर्ट ने भी माना कि प्रोत्साहन अंक केवल अतिरिक्त लाभ नहीं हैं, बल्कि संबंधित नियमों के तहत डॉक्टरों की मेरिट का हिस्सा हैं।



काउंसलिंग के बीच याचिका दाखिल करने पर भी उठे सवाल

राज्य सरकार ने याचिका की समय-सीमा पर भी आपत्ति जताई थी। सरकार के मुताबिक NEET-PG 2026 के पहले दौर की काउंसलिंग काफी आगे बढ़ चुकी थी। पंजीकरण 10 अक्टूबर को शुरू हुआ था। 29 अक्टूबर को सीट आवंटन के परिणाम जारी हो चुके थे। इसके बाद 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक प्रवेश की प्रक्रिया निर्धारित थी।



सरकार ने कहा कि याचिका ऐसे समय में दाखिल की गई, जब पहले दौर में कई सेवारत डॉक्टरों को सीटें आवंटित हो चुकी थीं। उन सभी प्रभावित डॉक्टरों को याचिका में पक्षकार भी नहीं बनाया गया था। इसके बाद कई सेवारत डॉक्टरों ने हस्तक्षेप आवेदन लगाए। उनका कहना था कि वे वर्षों से कठिन क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं और मौजूदा नियमों के भरोसे ही उन्होंने नौकरी की है। प्रवेश प्रक्रिया के बीच नियमों का लाभ खत्म करना उनके साथ अन्याय होगा।



फ्रेश डॉक्टरों ने नियमों और राज्य नीति को चुनौती नहीं दी

हाईकोर्ट ने मामले में यह भी महत्वपूर्ण पाया कि याचिकाकर्ताओं ने मूल प्रवेश नियमों और 28 फरवरी 2019 की राज्य नीति को चुनौती नहीं दी थी। कोर्ट के सामने सवाल यह था कि जब नियमों में प्रोत्साहन अंक देने का प्रावधान मौजूद है और सामान्य मेरिट में उनके इस्तेमाल पर स्पष्ट रोक नहीं है, तो केवल इस आधार पर पूरी व्यवस्था को गलत कैसे माना जा सकता है? खंडपीठ ने माना कि कठिन क्षेत्रों में सेवा देने वाले डॉक्टरों को पहले से मिल रहे वैध लाभ और उनकी उम्मीदों को खत्म करने का कोई पर्याप्त आधार नहीं है।



याचिका खारिज, 2 नवंबर का अंतरिम आदेश भी समाप्त

सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद चीफ जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने फ्रेश MBBS डॉक्टरों की रिट याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने 2 नवंबर 2026 को पारित अंतरिम आदेश भी समाप्त कर दिया। इसी आदेश के कारण NEET-PG 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया रुकी हुई थी। हाईकोर्ट के ताजा फैसले के बाद अब सेवारत डॉक्टरों के प्रोत्साहन अंक जोड़कर सामान्य मेरिट सूची बनाने की व्यवस्था बरकरार रहेगी। साथ ही रुकी हुई काउंसलिंग प्रक्रिया फिर शुरू की जा सकेगी। इस फैसले से अब ग्रामीण और कठिन क्षेत्रों में सेवा दे चुके पात्र डॉक्टरों को उनके अतिरिक्त अंकों का लाभ मिलता रहेगा। वहीं, फ्रेश MBBS डॉक्टरों की वह मांग स्वीकार नहीं हुई, जिसमें सेवारत डॉक्टरों को सामान्य मेरिट सूची से बाहर रखने की मांग की गई थी।

Tags:
  • नीट पीजी 2026 काउंसलिंग
  • NEET-PG 2026 Counseling
  • मध्य प्रदेश हाईकोर्ट
  • NEET PG 2026
  • MP NEET PG counselling 2026
  • मध्य प्रदेश चिकित्सा शिक्षा प्रवेश नियम 2018
  • एमपी नीट पीजी काउंसलिंग
  • ग्रामीण क्षेत्र डॉक्टर अतिरिक्त अंक
  • NEET PG incentive marks