NEWS STRIKE: Gen Z की नाराजगी दूर करेगी BJP? दो लाख नौकरियों के वादे का क्या है सियासी गणित?

Harish Divekar | Published:
मध्य प्रदेश में 2027 को युवा वर्ष घोषित करने और दो लाख पदों पर भर्ती के वादे के बीच युवा वोटर्स पर बीजेपी और कांग्रेस की नजर।
Madhya Pradesh's declaration of 2027 as the Youth Year and its promise to fill 200,000 vacancies within two years have intensified the political debate over BJP and Congress strategies to attract young voters.
रोजगार का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए आने वाला साल बेहद खास हो सकता है। मप्र सरकार पहले ही ये ऐलान कर चुकी है कि साल 2027 युवा वर्ष होगा। तब एक साल में दो बार लोक सेवा आयोग की परीक्षा होगी, जिसे कांग्रेस महज एक शगूफा बता रही है।

कांग्रेस का दावा है कि ज्यादा वैकेंसी बताकर प्रदेश सरकार सिर्फ युवाओं की गुड बुक्स में आने की कोशिश कर रही है। असल माजरा कुछ और है। युवा वोटर्स को देखते हुए साल 2027 कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिए ही क्यों बेहद अहम है। सब कुछ प्लानिंग के लिहाज से हुआ तो बीजेपी जेन जी आंदोलन से पनपी एंटी इंकंबेंसी का रुख बदल सकती है और कांग्रेस को भी रणनीति में बदलाव करने पड़ सकते हैं।



क्या जेन जी आंदोलन एक बड़ा फैक्टर है?

साल 2027 को युवा वर्ष मनाने के पीछे भी क्या जेन जी आंदोलन एक बड़ा फैक्टर है? इसका जवाब काफी हद तक हां में ही है। जेन जी आंदोलन से एक बात साफ हो गई थी कि युवाओं का तबका सरकार की बेरुखी से खासा नाराज है। हर जगह जीत का फेस बन चुके पीएम मोदी सीधे युवा वोटर्स के निशाने पर थे। देश के हर राज्य की सरकार को ये मैसेज क्लियर हो गया कि सिर्फ महिला वोटर्स को रिझाने से काम नहीं चलेगा। जब बात युवाओं की आई तो हर धर्म, मजहब, जाति, अगड़ा-पिछड़ा जैसी बातें बेमानी हो गई थीं। सरकारों को ये समझ आ गया कि युवाओं के मुद्दों को एड्रेस करना जरूरी है।



2027 को युवा वर्ष के तौर पर मनाने का ऐलान

इसका तोड़ मप्र सरकार ने भी निकाला और साल 2027 को युवा वर्ष के तौर पर मनाने का ऐलान कर दिया। अब जब युवाओं के लिए खास साल मनेगा तो जाहिर सी बात है कि सबसे पहला मुद्दा रोजगार ही होगा। हर युवा की पहली डिमांड एक अच्छी नौकरी की होती है। और ये जगजाहिर है कि अच्छी नौकरी का दूसरा मतलब ही सरकारी नौकरी होता है। लिहाजा, प्रदेश सरकार ने ये ऐलान कर दिया है कि एमपीपीएससी की परीक्षा साल में दो बार होगी। और, दो साल के भीतर ही दो लाख पद भरे जाएंगे। इस घोषणा के लिहाज से भी खूब प्रचारित किया जा रहा है कि आने वाला साल सबसे ज्यादा परीक्षाओं और सबसे ज्यादा पद भरने वाला साल होगा। एक नजर में ये भी समझ लेते हैं कि कितने पद भरे जा सकते हैं। लोक सेवा आयोग ने कुछ ही दिन पहले परीक्षाओं का शेड्यूल जारी भी किया है।



इन तारीखों पर होंगी परीक्षाएं

राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा के साथ ही राज्य वन सेवा परीक्षा होगी, जिसकी तारीख 24 जनवरी है। राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा 14 फरवरी को आयोजित होगी। राज्य पात्रता परीक्षा, जिसे सेट भी कहते हैं, वो 7 मार्च को होगी। पशु चिकित्सा सहायक परीक्षा और सहायक लोक अभियोजन अधिकारी संवर्ग के लिए 18 अप्रैल को एग्जाम होगी। टेक्निकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के लिए उपसंचालक, प्राचार्य और सहायक संचालक के पदों पर प्रवेश परीक्षा होगी। राज्य वन सेवा 25 अप्रैल को होनी है। दो मई को राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा विशेष होगी। इन परीक्षाओं में 15 एग्जाम ऐसी हैं, जो लगातार दूसरे साल या तीसरे साल होने जा रही हैं।



असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा तीन साल में चौथी बार होगी

एमपीपीएससी आमतौर पर स्टेट सर्विस, फॉरेस्ट सर्विस और स्टेट इंजीनियरिंग एग्जाम हर साल ही करवाता है। अधिकांश परीक्षाएं जो लगातार होने जा रही हैं, उनमें सहायक कुलसचिव की परीक्षा लगातार दूसरे साल होगी। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा तीन साल में चौथी बार होगी। इसके अलावा असिस्टेंट मैनेजर भर्ती परीक्षा, खनिज निरीक्षण भर्ती परीक्षा, वेटनरी असिस्टेंट सर्जन भर्ती परीक्षा, लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा जैसी परीक्षाएं लगातार दूसरी या तीसरी बार होने जा रही हैं।



क्या साल 2027 में सबसे अधिक पदों को भरा जाएगा?

इस लिहाज से माना जा रहा है कि आने वाला साल यानी कि साल 2027 पदों को भरने के लिहाज से काफी बड़ा साल होगा। लेकिन कांग्रेस का दावा है कि पदों के ये आंकड़े महज दिखावा हैं। असल में सरकार ने नए पद क्रिएट नहीं किए हैं या पद नहीं बढ़ाए हैं। बल्कि पिछले कुछ सालों से जो पद खाली चल रहे हैं, उन्हें भी इन परीक्षाओं में जोड़कर संख्या को बड़ा दिखाया गया है। इस संबंध में कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2027 में पिछले दस सालों की सर्वाधिक वैकेंसी निकालने का ढोल पीट रहा है, लेकिन सच्चाई यह है कि यह कोई नई क्रांति नहीं, बल्कि पिछली अधूरी और निरस्त हुई परीक्षाओं के बचे-खुचे खाली पदों का जोड़-घटाव मात्र है। हकीकत यह है कि पिछली 25 परीक्षाओं में औसतन 15 से 25 फीसदी पद खाली रह गए थे, जिन्हें अब नई वैकेंसी के नाम पर परोसा जा रहा है। आयुर्वेदिक व यूनानी जैसी जो परीक्षाएं पिछले साल निरस्त कर दी गई थीं, उन्हें भी इसी खाते में गिनकर आंकड़े बढ़ाए जा रहे हैं। लगातार विवादों, अदालती उलझनों, 87-13 के पेच और पदों में कटौती ने युवाओं का भरोसा इस कदर तोड़ा है कि अब अभ्यर्थी खुद एमपीपीएससी से दूरी बनाने लगे हैं। बेरोजगारों को पिछले सालों का बैकलॉग भरने वाले कागजी गुब्बारे नहीं, बल्कि समय पर पारदर्शी नियुक्तियां चाहिए।



क्या है कांग्रेस नेता के दावे?

कांग्रेस नेता ने दो दावे किए हैं। एक ये कि एमपीपीएससी की परीक्षा से छात्र दूरी बना रहे हैं। दूसरा दावा ये कि पुराने खाली पद भी नई वैकेंसी में जुड़कर आ रहे हैं। उनके पहले दावे का आधार ताजा खबरें हो सकती हैं, जिनमें ये बताया गया कि MPPSC की परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे ही नहीं। वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा में कुल 14 हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया, लेकिन 5180 ही शामिल हुए। यानी कि सिर्फ 37 फीसदी अभ्यर्थी ही परीक्षा हॉल में पहुंचे। सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में भी 5710 छात्रों को पहुंचना था, लेकिन पहुंचे केवल 2284 ही। ये आंकड़े इसलिए चौंकाने वाले हैं, क्योंकि जब भी सरकारी परीक्षा होती है तब छोटे से छोटे पद के लिए भी बड़ी संख्या में फॉर्म जमा होते हैं और बच्चे एग्जाम देने जाते हैं। पर एमपीपीएससी की परीक्षा को फॉर्म भरने के बाद मिस करना हैरान करने वाली बात है।



पुरानी परीक्षाओं के 15% पद अब भी खाली

अब बात करते हैं उन पदों की, जो पहले से खाली हैं और नई वैकेंसी में जुड़कर आएंगे। जानकारी के मुताबिक, पुरानी 25 परीक्षाओं के करीब 15 फीसदी पद अब भी खाली हैं। इन्हें भी अगली परीक्षाओं में जोड़ा जा रहा है। इनमें सहायक प्राध्यापक, स्पोर्ट्स ऑफिसर, लाइब्रेरियन, असिस्टेंट मैनेजर, स्टेट सर्जन, मेडिकल ऑफिसर, स्टेट इंजीनियरिंग, वेटरनरी असिस्टेंट सर्जन जैसे कई पद परीक्षा के बाद भी खाली रह गए। इनके अलावा आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी मेडिकल ऑफिसर भर्ती परीक्षाएं पहले निरस्त हो चुकी हैं। इनमें पहले 194 पद थे। अब 250 हो सकते हैं।



युवाओं की नाराजगी मोल नहीं लेगी सरकार

परीक्षाओं से जुड़ी अधिसूचनाएं जैसे-जैसे जारी होंगी, इन मुद्दों पर स्थिति और क्लियर होती जाएगी। जितने पद निकालने का ऐलान किया गया है, उतने पदों पर परीक्षा होती है और भर्ती भी हो जाती है तो युवा वर्ष वाकई युवाओं के लिए उम्मीद की किरण बनकर आएगा, जो उनके ब्राइट फ्यूचर का आगाज भी होगा। ये साल इसलिए भी खास है, क्योंकि इसके अगले ही साल यानी कि साल 2028 में मप्र में चुनाव होने हैं। जाहिर है, युवाओं की नाराजगी सरकार मोल लेना नहीं चाहेगी। ये भी तय है कि युवा खुश तो उसके परिवार यानी कि उसके मम्मी-पापा भी खुश होंगे। ये एक अश्योरेंस हो सकता है सरकार के लिए कि युवा अब उन्हें ही वोट करेंगे। ऐसा हुआ तो कांग्रेस के सामने नया मुद्दा खोजने की बड़ी चुनौती होगी। लेकिन सरकार अपने तयशुदा प्लान पर आगे नहीं बढ़ सकी तो फिर विपक्ष को बिना मांगे ही वो मुद्दा हाथ लग जाएगा, जिस पर असंतोष की आग अंदर ही अंदर सुलग रही है।

Tags:
  • Gen Z
  • जेन जी
  • Youth Employment
  • युवा रोजगार
  • MPPSC Exams
  • NEWS STRIKE
  • MPPSC
  • कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा
  • न्यूज स्टाइक
  • मप्र सरकार