BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आयोजन में ये सब हुआ राजनीतिक, प्रशासनिक ड्रामा
indore. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इंदौर आए। यहां उनका एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक करीब 45 मिनट का लंबा रोड शो हुआ। फिर मंच पर आयोजन हुआ। इसमें बीजेपी के बड़े नेताओं के साथ ही सीएम हाउस से आए आला अधिकारी और स्थानीय अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही रूप में कई घटनाक्रम हुए, जो अंदरखाने में गूंज रहे हैं।
रथयात्रा में यह हुआ
रथयात्रा में नवीन के साथ सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौजूद रहे। साथ ही समय-समय पर अन्य नेता भी आते और उतरते रहे। सभी नेताओं ने अपनी ओर से मंच लगवाए। इसमें आकाश विजयवर्गीय ने भी क्रेन से नवीन से बड़ी माला पहनाने का आयोजन रखा। रथ से उतरने के बाद प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और सावन सोनकर ने फिर रथ के आगे चलते हुए मजमा लूटा।
विजयवर्गीय को नवीन ने बताया वरिष्ठ अभिभावक
मंच पर नवीन ने सभी नेताओं का नाम लिया लेकिन इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के लिए विशेष शब्द बोला और उन्हें अपना वरिष्ठ अभिभावक करार दिया। इसके पहले भी एयरपोर्ट पर उन्होंने विजयवर्गीय से लंबी बात की और उनके हाथ में पट्टा बंधा देखकर इस बारे में जानकारी भी ली। वहीं इसी दौरान विधायक मालिनी गौड़ द्वारा स्वागत करने पर नवीन का झुककर अभिवादन करना भी चर्चा का विषय बन गया।
कांग्रेस से बीजेपी में आए नेताओं को मिली कुर्सी
कांग्रेस से बीजेपी में आए नेताओं को भी खासी तव्जजो मिली। मंच के पीछे पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, पंकज संघवी, स्वप्निल कोठारी सभी मौजूद रहे। सीएम ने इनका परिचय भी नवीन से कराया। कोठारी से नवीन ने बात भी की।
गौरव रणदिवे पर सीएम के बोल पर बवाल
वहीं मंच पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश मंत्री गौरव रणदिवे को उस समय लाइमलाइट में ला दिया जब उन्होंने कहा कि गौरव रणदिवे जिनके नेतृत्व में पूरे आयोजन की रचना, रूपरेखा बनी।
इसके बाद आभार जताने आए मंत्री विजयवर्गीय ने मंच से कहा कि-मुख्यमंत्री जी का आभार, जिन्होंने राज की बात बताई कि पूरे कार्यक्रम के सूत्रधार गौरव जी थे, तो गौरवजी का आभार जिन्होंने इस सफल आयोजन किया। इस दौरान सीएम मुस्करा दिए।
सावन सोनकर को भी मिल गई तवज्जो
इस तरह सावन सोनकर को भी उस समय तवज्जो मिली जब नवीन ने उनके गाल पर प्यार से हाथ रखा। वहीं रथयात्रा के दौरान भी सावन सोनकर और गौरव रणदिवे ने पैदल चलकर अपनी खासी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रशासनिक व्यवस्था में हो गया बवाल
उधर मंच पर प्रशासनिक व्यवस्था में भी उस समय बवाल हो गया जब आईडीए के संपदा अधिकारी श्यामू श्रीवास्तव ने प्रोटोकाल नियमों का पालन नहीं किया। इस दौरान मंच पर वरिष्ठ अधिकारियों से विवाद किया। इस पर आईडीए सीईओ परीक्षित झाड़े ने उन्हें भविष्य में व्यवहार सुधारने की चेतावनी दे दी है।
वहीं इंदौर में अधिकारियों की लंबी लाइन के बाद भी अपर कलेक्टर की खासी तंगी लगी, एक ही अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य के होने से सारा वर्कलोड उन पर आ गया। अधिकारियों की ड्यूटी लगने में देरी से असमंजस का माहौल बना रहा। अन्य विभागों से प्रशासन को अधिक सहयोग नहीं मिलने से भारी गहमागहमी के बीच जैसे-तैसे आयोजन हुआ।
यह खबरें भी पढ़ें...
नितिन नवीन के रोड शो में उज्जैन महापौर को रथ से उतारा, कांग्रेस बोली- दलितों का अपमान करती है BJP
BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एमपी दौरा छोटा हुआ, इंदौर और उज्जैन ही आएंगे
नितिन नवीन की वायरल फोटो से शुरू हुई कार्टून वॉर, कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने
23 सितंबर को नो यूपीआई डे, इंदौर में व्यापारियों का UPI पर शुल्क का बड़ा विरोध