अब शिवराज बोले... मित्रों, अब विदा..! जस की तस रख दीनी चदरिया, चुनाव परिणाम के बाद कहा था - राम-राम

Pooja Kumari | Dec 13, 2023, 24:00 IST
अब शिवराज बोले... मित्रों, अब विदा..! जस की तस रख दीनी चदरिया, चुनाव परिणाम के बाद कहा था - राम-राम
मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव आज सुबह 11.30 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। समारोह भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।

BHOPAL. मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले कहा कि साथियों अब विदा लेने का वक्त आ गया है। साथ ही उन्होंने आज मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव के शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का यहां आने के लिए आभार जताया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव को आगामी जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा आज हमने प्रदेश के विकास, समृद्धि और कल्याण का पौधा लगाया है।



अब मं​त्रिमंडल भी चौंकाएगा

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल के चेहरे तलाशने की भी तैयारी जारी है। बड़े नेताओं से प्रारंभिक चर्चा करने के बाद यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद दिल्ली जाएंगे। गुजरात फॉर्मूला चलता है, तो कैबिनेट नए चेहरों के साथ बनेगी। जो लंबे समय से मंत्री रहे, ऐसे कई बड़े नाम बाहर होंगे। उन्हें सिर्फ जातिगत गणित (सोशल इंजीनियरिंग) ही बचा पाएगा। यानी CM चेहरे की तरह अब मंत्रिमंडल भी चौंकाएगा।



संघ के नामों को मिल सकती है प्राथमिकता

पार्टी सूत्रों का कहना है कि डिप्टी CM और स्पीकर की नियुक्ति के बाद हाईकमान बचे हुए बड़े नेताओं कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, गोपाल भार्गव, जयंत मलैया, विजय शाह, भूपेंद्र सिंह, बिसाहूलाल सिंह जैसे कुछ नेताओं की भूमिका जल्द स्पष्ट करेगा। इसके बाद ही मंत्रिमंडल के नाम फाइनल होंगे। संघ के नामों को प्राथमिकता में रखा जा सकता है। इसके साथ जातिगत समीकरण और महिलाओं को भी प्राथमिकता दी जा सकती है। बताया गया है कि रीजन व संभागों में भी संतुलन बैठाया जाएगा।



Tags:
  • Shivraj Singh Chauhan
  • शिवराज सिंह चौहान
  • मोहन यादव
  • Mohan Yadav
  • MP swearing in ceremony
  • Rajendra Shukla Deputy CM
  • एमपी शपथ ग्रहण समारोह
  • राजेंद्र शुक्ला डिप्टी CM