किसानों के कारण नहीं...मैडम के चक्कर में नप गए पांढुर्णा एसपी प्रकाश चंद्र परिहार, ये है पूरी कहानी
मंगलवार देर रात जारी IPS Transfer Order में प्रकाश चंद्र परिहार को पांढुर्णा एसपी पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। उनकी जगह आईपीएस विदिता धनखड़ को पांढुर्णा का नया एसपी बनाया गया है।
परिहार के साथ ही एक महिला सब इंस्पेक्टर को भी रीडर के पद से हटा दिया गया है। बता दें कि एसपी प्रकाश चंद्र परिहार ने अपने रीडर को हटाकर इन महिला सब इंस्पेक्टर को रीडर की जिम्मेदारी सौंप दी थी।
पुलिस मुख्यालय में जोरों पर हो रही चर्चा
इधर पुलिस मुख्यालय भोपाल में जोरों पर चर्चा है कि एसपी परिहार को पांढुर्णा से हटाने की वजह एक महिला पुलिस अफसर है। जिनके साथ के ऑडियो-वीडियो होने की शिकायत भोपाल तक पहुंच गई थी। ऐसे में पुलिस मुख्यालय ने आनन-फानन परिहार को हटा दिया गया। बता दें कि महिला सब इंस्पेक्टर को भी नरसिंहपुर जिले में भेज दिया गया है।
महिला कर्मचारियों ने की थी PHQ में एसपी की शिकायत
ये बात भी सामने आ रही है कि पांढुर्णा एसपी ऑफिस में काम करने वाली कुछ महिला कर्मचारियों ने एसपी प्रकाश चंद्र परिहार की शिकायत पुलिस मुख्यालय में की थी। इसी दौरान एक महिला सब इंस्पेक्टर से जुड़ा विवाद भी चर्चा में आ गया। माना जा रहा है कि इन शिकायतों और विवादों को भी एसपी के तबादले की एक वजह के तौर पर देखा जा रहा है। इसी मामले को लेकर एक स्थानीय नेता भी शिकायत कर चुके हैं।
क्या था सीएम से जुड़ा मामला
किसानों ने सीएम के काफिले को घेरा
मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार, 04 अक्टूबर को पांढुर्णा जिले के दौरे पर पहुंचे थे। इसी दौरान जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग को लेकर किसान प्रदर्शन करने पहुंचे थे।
किसानों के हाथों में सूखी फसल थी। वे अपनी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते थे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उनका काफिला आगे बढ़ा तो प्रदर्शनकारी किसान काफिले के काफी करीब पहुंच गए थे।
आधे घंटे तक नहीं बढ़ सका काफिला
हालात कुछ समय के लिए ऐसे बन गए कि मुख्यमंत्री का काफिला किसानों के बीच फंस गया था।
करीब आधे घंटे तक काफिला आगे नहीं बढ़ सका। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को किसानों को हटाकर रास्ता साफ कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान जबलपुर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद गाड़ी से नीचे उतरे और किसानों की बात सुनी।
प्रकाश चंद्र ने 7 मई को संभाली थी जिम्मेदारी
प्रकाश चंद्र परिहार ने 7 मई को पांढुर्णा एसपी का पद संभाला था। वे 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। मई में हुए आईपीएस अधिकारियों के फेरबदल के दौरान उन्हें पांढुर्णा की जिम्मेदारी दी गई थी। करीब पांच महीने बाद अब उनका तबादला कर दिया गया है।