दो महीने से घर नहीं लौट सके एमपी के 21 ग्रामीण, कर्नाटक में बंधक बनाने का आरोप
हालात इतने खराब हो गए हैं कि ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकार और जिला प्रशासन से उन्हें सुरक्षित घर वापस लाने की गुहार लगाई है।
महाराष्ट्र में काम का वादा, कर्नाटक पहुंचा दिया
परिजनों का कहना है कि दलालों ने अच्छी मजदूरी और रोजगार का भरोसा देकर ग्रामीणों को महाराष्ट्र के औरंगाबाद ले जाने की बात कही थी। लेकिन उन्हें कर्नाटक के विजयपुर जिले की इंडी तहसील के पास पहुंचा दिया गया। यहां मजदूरों से रोजाना 14 से 15 घंटे गन्ने की कटाई और लोडिंग कराने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि दो महीने तक मेहनत करने के बावजूद उन्हें मजदूरी के नाम पर एक रुपया तक नहीं मिला। जब मजदूरों ने घर वापस जाने की बात कही तो उन्हें रोक दिया गया।
बच्चों के खाने-पीने तक का संकट
सोशल मीडिया (Social Media) पर सामने आए वीडियो में मजदूरों ने अपनी परेशानियां बताई हैं। उनका कहना है कि पैसे नहीं मिलने के कारण खाने-पीने का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है। महिलाओं और छोटे बच्चों की हालत लगातार बिगड़ रही है। ऐसे में मजदूरों ने प्रशासन से मदद मांगते हुए जल्द से जल्द वहां से बाहर निकालने की अपील की है।
अपनों को वापस लाने के लिए पुलिस के पास पहुंचे परिजन
ग्रामीणों की परेशानी का पता चलते ही उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई। शनिवार को परिजन बोरी पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी को लिखित शिकायत (Written Complaint) सौंपी। उन्होंने मजदूरों को छुड़ाने के साथ ही इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एसपी ने दिए सुरक्षित वापसी के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने एसडीओपी पवई और शाहनगर थाना प्रभारी को त्वरित कार्रवाई (Quick Action) करते हुए सभी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की सक्रियता के बाद अब परिवारों को उम्मीद है कि जल्द ही उनके अपने घर लौट सकेंगे।