इंदौर ने फिर मारी बाजी! पीएम स्वनिधि योजना में देशभर में बना नंबर वन, अहमदाबाद को छोड़ा पीछे
इंदौर में अब तक 2 लाख से ज्यादा स्ट्रीट वेंडर्स को बैंकों से लोन दिलाया गया है, ताकि वे अपना कामकाज आगे बढ़ा सकें। इस उपलब्धि पर केंद्र सरकार ने इंदौर नगर निगम को सम्मानित किया है।
दिल्ली में इंदौर के महापौर और निगम की टीम का सम्मान
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi 2.0) योजना को बेहतर तरीके से लागू करने वाले नगर निगमों को सम्मानित किया गया। इंदौर को मेगा सिटी कैटेगरी में देश में पहला स्थान मिला, जबकि अहमदाबाद नगर निगम दूसरे स्थान पर रहा। इस उपलब्धि के लिए इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, महापौर परिषद सदस्य मनीष शर्मा मामा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंगल और NULM टीम को सम्मानित किया गया।
इंदौर के 2 लाख से ज्यादा छोटे दुकानदारों को मिला लोन
इंदौर में सड़क किनारे ठेला लगाने वाले, रेहड़ी-पटरी पर सामान बेचने वाले और छोटे स्तर पर कारोबार करने वाले लोगों को पीएम स्वनिधि योजना का फायदा मिला है। नगर निगम के मुताबिक, अब तक कुल 2 लाख 2 हजार 531 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंकों के जरिए लोन उपलब्ध कराया गया है। इस आर्थिक मदद का मकसद छोटे दुकानदारों को अपना रोजगार चलाने और कारोबार आगे बढ़ाने में सहायता देना है। इस योजना से ऐसे लोगों को सहारा मिलता है, जो सड़क किनारे दुकान या ठेला लगाकर अपने परिवार का खर्च चलाते हैं।
लोन दिलाने के लिए नगर निगम ने ऐसे की मदद
PM SVANidhi Scheme को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए इंदौर नगर निगम ने कई स्तर पर काम किया। सबसे पहले योजना के लिए पात्र रेहड़ी-पटरी वालों की पहचान की गई। इसके बाद उनके रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया में मदद की गई। नगर निगम ने बैंकों के साथ तालमेल बनाकर लोन की मंजूरी और राशि वितरण की प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश की। इस पूरे काम में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (NULM) की टीम ने मिलकर काम किया।
महापौर और निगम की टीम की मेहनत लाई रंग
महापौर पुष्यमित्र भार्गवके मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के नेतृत्व में योजना को लागू करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। National Ranking में इंदौर का पहला स्थान हासिल करना नगर निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह सम्मान शहर में छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए मिला है। स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले इंदौर ने अब पीएम स्वनिधि 2.0 योजना में भी देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है।