पुलिस ड्राइवर फिरोज की दो दिन में 4 करोड़ की और संपत्ति मिली, आंकड़ा 68 करोड़ पहुंचा

Sanjay Gupta | Oct 24, 2026, 18:34 IST
पुलिस ड्राइवर फिरोज खान की संपत्तियों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ ड्राइवर आरक्षक फिरोज खान (Police Driver Firoz Khan) की नई संपत्तियां लगातार मिल रही हैं। इंदौर लोकायुक्त ने बीते दो दिनों में चार करोड़ की और संपत्तियां खोजी हैं। लोकायुक्त की जांच अभी भी जारी है। ये संपत्तियां फिरोज के करीबियों और विभिन्न फर्मों के नाम पर मिल रही हैं।

फिरोज के 8 ठिकानों पर हुई थी छापामार कार्रवाई

इंदौर और उज्जैन लोकायुक्त ने 14 अक्टूबर को फिरोज खान के ठिकानों पर छापे मारे थे। देवास निवासी फिरोज खान (Firoz Khan) के आठ ठिकानों पर कार्रवाई हुई थी। पहले दिन उनकी संपत्ति का आंकड़ा केवल 12 करोड़ रुपए था। छापे के दस दिनों में यह आंकड़ा 68 करोड़ रुपए पहुंच गया है। अब तक 50 से अधिक अचल संपत्तियां सामने आ चुकी हैं। जांच के दायरे में फिरोज की मां वाहिदा और पत्नी हिना भी हैं। उनके करीबी लोगों के नाम भी जांच में सामने आए हैं।



देवास में दो और प्लॉट मिले

लोकायुक्त को शुक्रवार की जांच में नई संपत्तियों की जानकारी मिली। देवास सीनियर राधागंज क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में दो प्लॉट मिले हैं। इनमें एक प्लॉट 958 वर्गफीट और दूसरा 1060 वर्गफीट का है। दोनों प्लॉट आदर्श कॉलोनी के अंदरूनी हिस्से में स्थित हैं। ये प्लॉट साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर खरीदे गए थे। दोनों प्लॉट की कुल बाजार कीमत 60 लाख 54 हजार रुपए है।



बैंक खातों में भी जमा राशि मिली

लोकायुक्त को बैंक खातों में जमा राशि की जानकारी भी मिली है। महाराजा रियल एस्टेट के बैंक खाते में 9 लाख 70 हजार 159 रुपए मिले हैं। अब तक बैंक खातों में कुल 19 लाख 76 हजार 541 रुपए मिले हैं। देवास जिले के सोनकच्छ स्थित पिपलरावां में लकड़ी की आरा मशीन भी मिली है। यह मशीन फिरोज की मां वाहिदा के नाम पर खरीदी गई थी। इसकी खरीद कीमत छह लाख रुपए बताई गई है।



शनिवार को 2.30 करोड़ की जमीन मिली

शनिवार को भी लोकायुक्त की जांच में नई संपत्ति सामने आई। देवास के राजोदा में पहले भी कृषि भूमि मिल चुकी है। इसके अतिरिक्त रोशनी वर्मा और रानू कुशवाह के नाम पर भी जमीन मिली है। यह जमीन कुल 1.15 हेक्टेयर है। इसे जून 2024 में खरीदा गया था। जमीन की रजिस्ट्री में कीमत एक करोड़ 65 लाख रुपए दर्ज है। जबकि इसका वर्तमान बाजार मूल्य दो करोड़ 30 लाख रुपए बताया गया है।



अब तक 68 करोड़ की संपत्तियां मिलीं

लोकायुक्त की जांच में अब तक कुल 51 अचल संपत्तियां सामने आई हैं। इनकी गाइडलाइन के अनुसार खरीद कीमत 19 करोड़ 94 लाख 55 हजार रुपए है। जबकि इन संपत्तियों का बाजार मूल्य 68 करोड़ रुपए आंका गया है।



छह अधिकारियों के पास 152 करोड़ मिले

बीते एक साल में लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू ने कई अधिकारियों के ठिकानों पर छापे मारे। इंदौर में छह अधिकारियों से जुड़ी 152 करोड़ की संपत्तियों का खुलासा हुआ है। इन मामलों में फिरोज खान की संपत्तियों का आंकड़ा सबसे अधिक है।



फिरोज खान (68 करोड़ रुपए): दस दिनों की जांच में 68 करोड़ की संपत्तियां सामने आई हैं। जबकि वेतन और अन्य वैध स्रोतों से उनकी आय केवल 1 करोड़ 93 लाख रुपए है।



धर्मेंद्र भदौरिया (35 करोड़ रुपए): लोकायुक्त ने अक्टूबर 2025 में उनके ठिकानों पर छापा मारा था। वे सेवानिवृत्त आबकारी अधिकारी हैं। उनकी संपत्ति 35 करोड़ रुपए आंकी गई थी। कार्रवाई में दस करोड़ रुपए से अधिक कीमत का सोना मिला था।



लक्ष्मीनारायण कंडवाल (25 करोड़ रुपए): वे महिला एवं बाल विकास विभाग में संयुक्त संचालक रहे हैं। लोकायुक्त ने जून में उनके ठिकानों पर छापा मारा था। जांच में उनकी संपत्ति 25 करोड़ रुपए आंकी गई थी।



शिवराम सेमिल (17 करोड़ रुपए): वे बिजली कंपनी में अधीक्षण यंत्री रहे हैं। लोकायुक्त की कार्रवाई में 17 करोड़ रुपए की संपत्तियां मिली थीं। जांच में फैक्ट्री और औद्योगिक प्लॉट सहित अन्य संपत्तियां सामने आई थीं।



जितेंद्र पांडेय (5 करोड़ रुपए): वे इंदौर नगर निगम में सहायक राजस्व अधिकारी हैं। लोकायुक्त ने उनके ठिकानों से पांच करोड़ रुपए की संपत्तियों का खुलासा किया था। जबकि 31 साल की नौकरी में उन्हें केवल 81 लाख रुपए वेतन मिला था।



राकेश गोरखे (2.30 करोड़ रुपए): ईओडब्ल्यू ने एमवाय अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट के ठिकानों पर छापा मारा था। जांच में दो करोड़ 30 लाख रुपए की संपत्तियां मिली थीं। दवा खरीदी घोटाले में भी उनका नाम सामने आया था।

Tags:
  • पुलिस ड्राइवर फिरोज खान
  • फिरोज खान की संपत्ति
  • इंदौर लोकायुक्त
  • उज्जैन लोकायुक्त
  • फिरोज खान के ठिकानों पर छापे
  • Firoz Khan
  • Police Driver Firoz Khan
  • इंदौर न्यूज