शिवपुरी से गिरफ्तार हुआ पंजाब का AAP विधायक हरमीत पठानमाजरा, MP पुलिस को भनक तक नहीं लगी
सनौर (पंजाब) से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत पठानमाजरा को ग्वालियर-शिवपुरी बायपास से गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि विधायक पिछले 6 महीनों से दुष्कर्म (Rape) के मामले में फरार चल रहा था। इस पूरी कार्रवाई की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पंजाब पुलिस ने स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगने दी।
ऑस्ट्रेलिया से लौटते ही शिकंजे में आए विधायक
विधायक पठानमाजरा के खिलाफ करीब दो साल पुराना दुष्कर्म का मामला दर्ज था। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वे ऑस्ट्रेलिया भाग गए थे। इसके बाद उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था।
कोर्ट के जरिए उन्हें भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। सूत्रों के अनुसार, वे महज 5 दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट में अपनी सुनवाई के सिलसिले में भारत लौटे थे। जैसे ही उनके लौटने की पुष्टि हुई, पंजाब पुलिस ने अपना जाल बिछा दिया।
सीक्रेट ऑपरेशन के बाद बायपास पर घेराबंदी
पटियाला पुलिस की एक विशेष टीम पिछले दो दिनों से मध्य प्रदेश के इस इलाके में डेरा डाले हुए थी। यह एक सुनियोजित ऑपरेशन था। पुलिस विधायक की लोकेशन को लगातार ट्रैक कर रही थी। आखिरकार, जब विधायक अपने तीन साथियों के साथ ग्वालियर से शिवपुरी की ओर आने वाले बायपास हाईवे से गुजर रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर कर दबोच लिया।
स्थानीय पुलिस को क्यों नहीं दी गई सूचना?
इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद शिवपुरी के एसपी अमन सिंह राठौड़ ने पुष्टि की है कि पंजाब पुलिस ने इस संबंध में स्थानीय पुलिस को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी थी।
वहीं, पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने इस पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि क्योंकि विधायक को अदालत ने भगोड़ा घोषित कर रखा था, इसलिए ऐसी स्थिति में स्थानीय पुलिस को सूचित करना अनिवार्य नहीं था। उन्होंने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस ऑपरेशन को गुप्त रखा गया था।
तीन साथी भी हिरासत में
पुलिस ने विधायक के साथ मौजूद उनके तीन साथियों को भी हिरासत में लिया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद, बिना समय गंवाए पटियाला पुलिस की टीम सभी को अपने साथ लेकर पंजाब रवाना हो गई है। अब विधायक को पंजाब की संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा, जहां मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया (Legal Procedure) शुरू होगी।
ये खबर भी पढ़िए...
इंदौर में पंजाबी सिंगर करण औजला के आयोजकों ने नहीं भरा टैक्स, निगम की टीम मौके पर
क्या हैं वो जल समझौते, जिसके आधार पर पंजाब मांग रहा 1.44 लाख करोड़ की वाटर रॉयल्टी
राजस्थान ने ठुकराई पंजाब की वाटर रॉयल्टी डिमांड, भगवंत मान ने कोर्ट में जाने की दी धमकी