छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए आज इंदौर आएंगे राहुल गांधी, देखें उनका पूरा शेड्यूल
समझें क्या है पूरा मामला...
- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज शनिवार को इंदौर आ रहे हैं।
- यह दौरा छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए है।
- कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने भारत जोड़ो मैदान में होगा।
- सिर्फ 35 साल तक के रजिस्टर्ड युवाओं को अंदर जाने दिया जाएगा।
- पुलिस ने सुरक्षा के लिए आयोजकों के सामने 31 शर्तें रखी हैं।
कब और कहां होगा कार्यक्रम
बता दें कि राहुल गांधी दोपहर 1:45 बजे इंदौर पहुंचेंगे। इसके बाद वे भारत जोड़ो मैदान की ओर रवाना होंगे। कार्यक्रम शाम पांच बजे सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शुरू होगा। राहुल गांधी शाम साढ़े पांच बजे से रात आठ बजे तक मौजूद रहेंगे।
इस दौरान वे युवाओं से सीधे बात करेंगे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात नौ बजे वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस सूत्रों का दावा है कि आठ लाख से ज्यादा युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
किसे मिलेगी एंट्री
कार्यक्रम में एंट्री का नियम साफ है। सिर्फ वही युवा अंदर जा सकेंगे जिन्होंने रजिस्ट्रेशन कराया है। जिन लोगों ने पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है, उन्हें सीधी एंट्री मिलेगी। जो लोग पहले रजिस्टर नहीं कर पाए, वे मौके पर भी रजिस्टर कर सकेंगे।
कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। यह नियम भीड़ को व्यवस्थित तरीके से मैनेज करने के लिए बनाया गया है।
छात्रों की गूंज राहुल गांधी कार्यक्रम में एंट्री का नया नियम, बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी जगह
सुरक्षा के लिए सख्त इंतजाम
इंदौर पुलिस ने आयोजकों के सामने 31 कड़ी शर्तें रखी हैं। इनमें 1,500 वॉलेंटियर और 500 महिला वॉलेंटियर तैनात करने की शर्त शामिल है। कार्यक्रम स्थल पर 40 सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी कहा गया है। भीड़ नियंत्रण की पूरी योजना पहले से तैयार करनी होगी।
तैयारी में जुटी कांग्रेस की टीम
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने युवा कार्यकर्ताओं को आगे किया है। जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने इसकी अगुवाई की है। हाल ही में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर एक अहम बैठक भी ली थी।
इस बैठक में युवाओं और एनएसयूआई के पदाधिकारियों को बुलाया गया था। सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं थी। यह रणनीति कार्यक्रम को बड़ा और सफल बनाने के लिए तैयार की गई।
56 दुकानों तक पहुंची टीम
रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के लिए कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर भी अभियान चलाया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी ने इसकी कमान संभाली थी। उनकी टीम ने शहर की 56 दुकानों तक पहुंच बनाई थी।
वहां युवाओं से सीधे बातचीत की गई और मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराया गया।
मंच पर सिर्फ छात्र रहेंगे
वहीं कांग्रेस चाहती है कि छात्रों और राहुल गांधी के बीच कोई बाधा न आए। इसलिए मंच पर या उसके आसपास कोई नेता मौजूद नहीं रहेगा। नेताओं के लिए सबसे पीछे अलग जगह तय की जाएगी। मीडिया के लिए भी अलग कॉर्नर बनाया जाएगा।
राहुल गांधी के आने से पहले कलाकार लख्खी और सिंगर राघव चैतन्य अपनी प्रस्तुतियों से माहौल बनाएंगे। राघव चैतन्य को सबसे कम उम्र में फिल्मफेयर अवार्ड जीतने वाले सिंगर के तौर पर जाना जाता है। बताया जा रहा है कि इंदौर विकास प्राधिकरण से मंजूरी मिलने के बाद से ही कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी थी।
ये खबरें भी पढ़िए...
राहुल गांधी के छात्रों की गूंज में इंदौर पुलिस ने कोचिंग/होस्टल संचालकों से मांगे शपथपत्र
राहुल के छात्रों की गूंज आयोजन से पहले कांग्रेस के सामने कई चुनौतियां ! भद्द न पिट जाए ?
राहुल गांधी छात्रों की गूंज में BJP-RSS पर करेंगे हमला, मप्र में हो रहे इनके Experiment