राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में जगह को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में जुबानी जंग
राहुल गांधी का देश में पांचवां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इंदौर में होने जा रहा है। इसके लिए वे 12 सितंबर की शाम इंदौर पहुंचेंगे। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए इंदौर नगर निगम से पांच दिन के लिए नेहरू स्टेडियम मांगा है। पार्टी यहां करीब 50 हजार युवाओं (जेन Z) को जुटाने की तैयारी कर रही है।
वहीं, कार्यक्रम की जगह को लेकर विवाद शुरू हो गया है। बीजेपी का कहना है कि नेहरू स्टेडियम में सिर्फ खेल और सरकारी कार्यक्रम हो सकते हैं, राजनीतिक आयोजन नहीं। दूसरी ओर, कांग्रेस बीजेपी के पुराने आयोजनों का हवाला देते हुए सवाल उठा रही है कि जब वहां बीजेपी के कार्यक्रम हो सकते हैं तो कांग्रेस के आयोजन पर आपत्ति क्यों है।
जगह को लेकर इस तरह चल रही है जुबानी जंग
महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि राजनीतिक दल को आयोजन के अधिकार हैं, लेकिन जो वह संख्या का दावा कर रहे हैं, उसके लिए बड़े मैदान को लेना होगा। स्टेडियम छोटा पड़ेगा। एमपी हाईकोर्ट के आदेश से खेल और शासकीय आयोजन हो सकते हैं। निगम नियम देख रहा है।
निगमायुक्त आईएएस क्षितिज सिंघल ने बताया कि स्टेडियम के लिए आवेदन आया है। इसका हाईकोर्ट के आदेश के तारतम्य में परीक्षण किया जाएगा।
कांग्रेस के शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि अगर राहुल गांधी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिली तो कांग्रेस ईंट से ईंट बजा देगी। उन्होंने कहा कि एमपी बीजेपी को राहुल गांधी से फोबिया हो गया है। युवा वर्ग राहुल गांधी से सीधा संवाद करना चाहता है और बीजेपी हर हाल में रोकना चाहती है। जबकि बीजेपी ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कई राजनीतिक कार्यक्रम किए हैं, तो कांग्रेस के इस गैर-राजनीतिक कार्यक्रम पर आपत्ति क्यों की जा रही है?
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े का कहना है कि बीजेपी बोल रही है कि यहां 50 हजार नहीं आ सकते हैं, तो फिर दिसंबर 2021 में यहां शिवराज सरकार के समय के आयोजन में सवा लाख आदिवासी युवाओं का आयोजन कैसे हो गया। यह खुद बीजेपी का दावा था।
इंदौर बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि आयोजन की जगह ढूंढने में कांग्रेस की नींद उड़ गई है, जो दावा 50 हजार का हो रहा है, इसके लिए फिर कांग्रेस सुपर कॉरिडोर पर आयोजन करे। वंदेमातरम, सनातन धर्म का विरोध करने वाले राहुल गांधी के आयोजन में कितने युवा आएंगे? दो-तीन हजार युवा आ रहे हों तो दशहरा मैदान पर कर सकते हैं।
कांग्रेस के बैकअप प्लान बी और सी
उधर कांग्रेस ने जगह को लेकर आ रही समस्याओं को देखते हुए बैकअप प्लान बी और सी भी रखा है। बी प्लान के तहत रीजनल पार्क के सामने की जगह को तय किया गया है। वहीं सी प्लान के तहत खंडवा रोड पर समंदर पटेल की जमीन को चिन्हित किया गया है।
ये दोनों ही एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की विधानसभा राऊ में आते हैं। यह जगह भंवरकुआं चौराहे के पास है, जो छात्रों की सर्वाधिक बसाहट वाला एरिया है।
ये खबरें भी पढ़ें...
जीतू पटवारी बोले- सुन लो कलेक्टर और एसपी, तुमने ठेका लिया था दतिया चुनाव जिताने का...
जीतू पटवारी का BJP पर तंज: बोले- यहां इंजन-डिब्बे में ही चल रही लड़ाई
राहुल गांधी के खिलाफ FIR पर एमपी कांग्रेस भड़की, बीजेपी को सुनाई खरी-खरी
इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए कांग्रेस का यह बैकअप प्लान