राहुल गांधी ने मोदी, शाह, भागवत, डोभाल सब को घेरा, कहा सिस्टम को छात्र नहीं अंधभक्त चाहिए

Sanjay Gupta | Sept 19, 2026, 21:06 IST
rahul-gandhi-indore-speech-system-vs-students
राहुल गांधी का जेनजी युवाओं के लिए छात्रों की गूंज का पांचवा आयोजन इंदौर में हुआ। उम्मीद से परे भीड़ मैदान पर पहुंची। जितने डोम में थे उससे कहीं ज्यादा बाहर थे। पूरे एक घंटे राहुल मंच पर रहे।

INDORE.लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 19 सितंबर को भारत जोड़ो मैदान पर छात्रों की गूंज को संबोधित किया। इसमें डोम में 20 हजार से ज्यादा छात्र थे तो बाहर सड़कों पर स्क्रीन पर सुनने वाले इससे कहीं ज्यादा थे। शासन, प्रशासन की उम्मीद के परे युवा पहुंचे थे। राहुल ने मंच पर छात्रों को बुलाया और मप्र की समस्याएं पूंछी।



मोदी, शाह, भागवत, डोभाल सभी को घेरा

राहुल ने अपने उद्बोधन मे पीएम नरेंद्र मोदी के साथ ही गृहमंत्री अमित शाह, संघ प्रमुख डॉ.मोहन भागवत, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से लेकर गौतम अडानी, मुकेश अंबानी सभी को घेरा। कहा कि सिस्टम पर इन लोगों का कब्जा है और इनके पीछे सिस्टम की दूसरी लेयर है। हर जगह अपने लोग बैठाए गए हैं चाहे वह कोई भी संस्था हो। भागवतजी के संघ को हजारों करोड़ का फंड मिल रहा है। अडानी जो कमाते हैं वह घुमाकर बीजेपी को आ जाता है। सिस्टम पर इनका कब्जा है।



तेंदुलकर, कपिल नहीं शाह का बेटा क्रिकेट चला रहे

राहुल गांधी ने कहा सिस्टम को चलाने का नमूना देखिए, आज देश में तेंदुलकर है कपिल है लेकिन पूरे देश का क्रिकेट शाह के बेटे चला रहे हैं। पूरा क्रिकेट उन्हें दे दिया गया है। डोभाल आज हर मोबाइल में हैं। यह फोन टेपिंग कराते हैं और मोदी और शाह को जानकारी देते हैं।



छात्र नहीं अंधभक्त चाहिए इन्हें

राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम को छात्र नहीं चाहिए, क्योंकि वह सवाल पूछता है। वह मुहब्बत करता है, वह किसी से नफरत नहीं करते, एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, मानवीय होते हैं और जिज्ञासु होते हैं और सवाल पूछते हैं। लेकिन सिस्टम को छात्र नहीं चाहिए, उन्हें अंधभक्त चाहिए जो उनसे कोई सवाल नहीं पूछे। छात्र देश का भविष्य है। राहुल ने कहा कि सिस्टम वर्सेस स्टूडेंट पर हम इंदौर में बात कर रहे हैं, कैसे सिस्टम मप्र में युवाओं को दबा रहा है।



मंच पर आए छात्रों ने 13 फीसदी होल्ड पद का मुद्दा उठाया

जैसा कि द सूत्र ने खुलासा किया था कि राहुल गांधी की टीम के पास मप्र का सबसे बड़ा 13 फीसदी पद होल्ड का मुद्दा पहुंचा है और वह इसे उठाएंगे। वहीं द सूत्र ने यह भी खबर दी थी कि जेन जी के क्या मुद्दे मप्र में हैं, इसमें पेपर लीक, पटवारी जांच रिपोर्ट, रिक्त पद लेकिन कम पदों पर भर्ती अहम थी। यह सभी मुद्दे मंच पर आए छात्रों ने खुलकर उठाए हैं।



13 फीसदी मुद्दा-

पीएससी के छात्र ने राहुल गांधी को बताया कि आठ सालों से 13 फीसदी पद होल्ड है। हम ओवरएज हो रहे हैं। कोर्ट ने कहा लेकिन इसके बाद भी नियुक्ति नहीं मिल रही है। ओबीसी आरक्षण कांग्रेस की सरकार ने दिया लेकिन प्रदेश सरकार ने कुछ हीं किया। आधे पद खाली है और भर्ती नहीं आती है। इसी तरह छात्रा सपना ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी आरक्षण दिया लेकिन मप्र में पद होल्ड हो गए। आज दस हजार पद होल्ड है और एक लाख 87 हजार उम्मीदवार इंतजार में हैं। हमे सालों से 13 फीसदी के नाम पर लॉलीपाप दिया जा रहा है।



महंगी शिक्षा-

छात्रों ने कहा कि शिक्षा बहुत महंगी है। हम गरीब छात्रों को तैयारी के लिए सुविधा नहीं मिलती और हर कोई इंदौर, भोपाल नहीं आ सकता है।



नर्सिंग छात्रों की समस्या-

याशिका दानी ने नर्सिंग छात्रों की समस्या उठाई और कहा कि जो कोर्स चार साल में होना था वह छह साल में तीन साल का पूरा नहीं हुआ है। मैंने काम करके फीस जुटाई थी लेकिन अब हालत खराब हो चुकी है।



बैकलाग के पद रिक्त-

धार के रवि बास्कले ने बताया कि वह दिल्ली में भी आंदोलन में गए थे। बीजेपी की 25 साल से सरकार के बाद भी बालाघाट में स्वास्थय सुविधा नहीं है। बैकलॉग के डेढ़ लाख पद रिक्त है। इनकी बात करो तो एफआईआर होती है।



पीएससी, ईएसबी-

एनईवाययू के रणजीत किसानवंशी ने मंच पर कहा कि पीएससी में आंदोलन किया, सीएम ने बुलाया और आश्वासन दिया लेकिन आते ही जेल में डाल दिया। जब भी आंदोलन करो जेल भेज देते हैं। पटवारी जांच रिपोर्ट नहीं बताते हैं, कृषि भर्ती घोटाला हुआ लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ईएसबी व्यापमं तो बना ही घोटाले के लिए है।



माखनलाल यूनिवर्सिटी पर तंज-

एक छात्र तनय ने माखनलाल यूनिवर्सिटी और उनके कुलपति पर तंज कसा और कहा कि मैं सवाल पूछता था तो मुझे मास्टर डिग्री में एडमिशन नहीं दिया। सूचना के अधिकार में जानकारी मांगी तो मना कर दिया। लेकिन हम ना डरेंगे ना झुकेंगे।



आवास भत्ता नहीं आता-

राधा मालवीय उज्जैन ने मुद्दा उठाया कि आवास भत्ता केवल 24 हजार साल है और लंबे समय से इसमें बढ़ोतरी नहीं हुई। यह पूरा कभी मिलता भी नहीं और साल में एक बार मिलता है। हमे शहर में रहकर पढ़ना मुश्किल हो जाता है। जब एक रूप में कई जमीन दे सकते हैं तो हम पर खर्च क्यों नहीं।



आदिवासी जज नियुक्त नहीं-

रायसेन के सूरज ठाकुर ने कहा कि सिविल जज के एसटी के 122 पद थे लेकिन मप्र से उन्हें एक भी आदिवासी योग्य जज नहीं मिला। यह चाहते ही नहीं कि आदिवासी जज बने। आदिवासियों के साथ षड़यंत्र हो रहा है।



वर्ग एक व दो शिक्षक पद-

दीप्ती ठाकुर इंदौर ने कहा कि वर्ग दो, वर्ग तीन प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक की परीक्षा पास हूं लेकिन ज्वाइनिंग नहीं दी गई। जबकि पद खाली है। हम एक माह से भोपाल में आंदोलन कर रहे हैं लेकिन कोई सरकार से पूछने तक नहीं आया। जब विभाग और मंत्री के पास जाओ तो कुत्ते जैसा भगा देते हैं। हमारा साथी नरेंद्र राजूपत नौ दिन से बिना पानी पिए आंदोलन कर रहा है। घोटालों बाजों को पद दिए जा रहे हैं।



सरकार होस्टल की कमी-

प्रियंका सेंगर बड़वानी ने सरकारी होस्टल की कमी बताई और कहा कि होस्टल नहीं मिलते हैं और महंगा पीजी नहीं कर सकते हैं। इसी तरह खरगोन के रजत गंगकारे ने आंबेडकर यूनविर्सिटी में खराब इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात उठाई।



दिल्ली हादसे में गई पोते की जान

वहीं दिल्ली के बिल्डिंग गिरने में अर्पित जॉज की जान भी गई, जो 18 साल का था और बीएससी करने के लिए दिल्ली गया था। उनके पिता और दादा, बहन भी आई। इन्होंने बताया कि यदि होस्टल में सुविधा होती और वह ढंग की जगह पर रहता तो यह नहीं होता। किसी जिम्मेदार पर एक्शन नहीं हुआ।



हमे छात्रों का हिंदुस्तान चाहिए, लव यू इंदौर

राहुल ने जाते हुए कहा कि शिक्षा का बजट कम करने के चलते यह हालत हो रही है। सिस्टम कोलेप्स हो रहा है। इसका बजट अमीरों के पास जा रहा है। सिस्टम को छात्र ही हरा सकता है क्योंकि वह सवाल पूछता है वह मुहब्बत करता है। हमे छात्रों का हिंदुस्तान चाहिए, अंधभक्तों का हिंदुस्तान नहीं। हम आपकी आवाज सुनना चहते हैं।



मुझे छात्रों पर गर्व है, आप देश का भविष्य है। लव यू इंदौर।



यह खबरें भी पढ़ें...



अंधभक्त वीसी को अंधभक्त छात्र चाहिए... छात्रों की गूंज में राहुल गांधी के सामने बोला MCU का x स्टूडेंट



इंदौर में राहुल गांधी की सभा से पहले छात्रों की पुलिस से नोंकझोंक, कई जिलों से पहुंचे युवा



राहुल गांधी के आयोजन को पुलिस ने 30 कठोर शर्तों के साथ दी मंजूरी, सांप पकड़ने वाला भी रखना होगा



राहुल गांधी के पास पहुंचा मप्र का 13 फीसदी होल्ड मामला, होटल में छात्रों से होगी मुलाकात



Tags:
  • पीएम नरेंद्र मोदी
  • पीएससी
  • गृहमंत्री अमित शाह
  • ओबीसी आरक्षण
  • माखनलाल यूनिवर्सिटी
  • नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी