राहुल गांधी की छात्रों की गूंज की NOC पर पुलिस की अभी NO, कांग्रेस के दावे से ही फंसा पेंच
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आयोजन पर इंदौर में पेंच फंस गया है। छात्रों की गूंज को लेकर जगह अभी तक तय नहीं है, भले ही कांग्रेस पोस्टर में रीजनल पार्क के सामने की जगह बता रही है। कांग्रेस ने प्रशासन और इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) को पत्र लिखकर जगह की मांग की है। आईडीए ने इस आयोजन को लेकर पुलिस डीसीपी को पत्र लिखकर अनापत्ति (एनओसी) मांगी थी, लेकिन अब एनओसी को फिलहाल पुलिस ने नो कर दिया है।
पुलिस ने क्यों नहीं दी एनओसी?
दरअसल पुलिस के एनओसी नहीं देने का कारण खुद कांग्रेस और उसका दावा ही है। कांग्रेस ने दावे किए हुए हैं कि इस आयोजन के लिए डेढ़ लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं दावा है कि 50 हजार से अधिक छात्र आयोजन में आएंगे। इस पर अब पुलिस ने आईडीए से रीजनल पार्क की जमीन का हिसाब मांग लिया है। पुलिस ने पूछा है कि आईडीए पहले आयोजकों से लिखित में पूछे कि कितने लोगों का आना यहां संभावित है। साथ ही पुलिस ने आईडीए से पूछा है कि जितने दावे हैं, क्या उतनी भीड़ इस जगह पर आना संभव है? पहले यह स्थिति साफ की जाए।
मौके पर केवल ढाई हेक्टेयर ही जमीन
पुलिस और आईडीए के बीच में जगह को लेकर मौखिक चर्चा हुई है। इसमें सामने आया है कि मौके पर करीब ढाई हेक्टेयर जमीन ही है। सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग व अन्य में भी जगह जाएगी। जगह का कैलकुलेशन इस हिसाब से किया जाता है कि एक व्यक्ति को पांच वर्गफीट जगह लगती है। ऐसे में इस जगह पर 20-25 हजार से ज्यादा भीड़ की गुंजाइश नहीं है। इससे अधिक होने पर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रभाव पड़ेगा। ऐसे में यदि कांग्रेस डेढ़ लाख रजिस्ट्रेशन का दावा कर रही है और 50 हजार से अधिक भी आते हैं तो फिर रीजनल पार्क के सामने इतनी जगह ही नहीं है। ऐसे में कांग्रेस का दावा ही इस मंजूरी में सबसे बड़ा पेंच बन गया है।
क्या बोल रहे हैं अधिकारी?
आईडीए सीईओ परीक्षित झाड़े ने कहा है कि पुलिस से पत्र आया है। इस पर विचार करके आगे कार्रवाई की जाएगी।
उधर स्टेडियम को तो पहले ही ना कर चुके
बता दें कि इसके पहले इंदौर नगर निगम से कांग्रेस ने नेहरू स्टेडियम मांगा था। इसे नगर निगम ने औपचारिक तौर पर मना कर दिया है। निगम ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे को पत्र लिखकर साफ कह दिया है कि, हाईकोर्ट की रिट याचिका और रिव्यू याचिका में साल 2010 में आए आदेश के तहत आयोजन के लिए स्टेडियम नहीं दिया जा सकता है।
उधर कांग्रेस का दावा: सड़क पर होगा
वहीं जगह को लेकर आ रही उलझन के बीच में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी लगातार तैयारियों की समीक्षा बैठक ले रहे हैं। वहीं इंदौर में उन्होंने बुधवार को कहा कि यदि आयोजन की मंजूरी नहीं मिली तो आयोजन सड़कों पर होगा। आयोजन को कोई नहीं रोक सकता वह तो होकर रहेगा। कांग्रेस ने रीजनल पार्क के साथ ही जीएससी का मैदान और यूनिवर्सिटी का खंडवा रोड स्थित मैदान भी मांगा है। हालांकि कांग्रेस के दावे के अनुसार कहीं भी इतनी बड़ी भीड़ के लिए जगह नहीं है।
कांग्रेस के झंडे नहीं लाएं, 35 से ऊपर वालों को इनकार
साथ ही कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी व अन्य नेताओं ने तैयारियों की बैठक लेकर सभी को कह दिया है कि आयोजन गैर-राजनीतिक है। आयोजन राहुल जी व छात्रों के बीच संवाद का है। इसलिए आयोजन में कांग्रेस के चिह्न, झंडे का उपयोग नहीं किया जाए। साथ ही आयोजन युवाओं को लेकर है तो इसमें 35 साल से अधिक उम्र वाले नहीं आएंगे।
ये खबरें भी पढ़िए...
इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए कांग्रेस का यह बैकअप प्लान
छात्रों की गूंज राहुल गांधी: नेहरू स्टेडियम देने से इंदौर नगर निगम ने किया मना
इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए कांग्रेस का यह बैकअप प्लान
इंदौर में राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम की तैयारी