राहुल गांधी के दौरे के बाद बदलेगी एमपी कांग्रेस की टीम! घटेगी पदाधिकारियों की संख्या

Sandeep Kumar | Sept 11, 2026, 23:20 IST
राहुल गांधी के दौरे के बाद बदलेगी एमपी कांग्रेस की टीम
मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। पार्टी पदाधिकारियों की संख्या कम करने जा रही है। वर्तमान में 253 पदाधिकारी हैं, जिन्हें घटाकर करीब 125 किया जाएगा।

BHOPAL. मध्य प्रदेश कांग्रेस में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दरअसल राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके तुरंत बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव शुरू होगा। मौजूदा 253 पदाधिकारियों की संख्या घटाकर 125 की जाएगी। निष्क्रिय पदाधिकारियों के साथ कुछ जिला अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। पार्टी के सभी 19 विभाग और 34 प्रकोष्ठ भी नए सिरे से बनेंगे।



कांग्रेस इसे प्रदेशभर के युवाओं से जुड़ने का बड़ा मौका मान रही है। मालवा-निमाड़ अंचल से आगे बढ़कर पूरे प्रदेश में संदेश देने की तैयारी है। इसी कार्यक्रम के बाद पार्टी अपनी प्रदेश टीम में बड़ा फेरबदल करेगी।



मिशन 2028 पर फोकस

नई टीम आगामी विधानसभा चुनाव यानी मिशन 2028 को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी। कुछ जिला अध्यक्ष बदले जाएंगे। विभागों और प्रकोष्ठों में भी नई नियुक्तियां होंगी। पार्टी ने साफ कर दिया है कि नई टीम मौजूदा कार्यकारिणी से छोटी होगी।



छोटी टीम बनाने के पीछे सक्रियता को मापदंड बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि बड़ी टीम में जवाबदेही कम होती है। इसलिए इस बार संख्या पर सख्ती बरती जाएगी।



घटेंगे पदाधिकारी, बढ़ेगी सक्रियता

अभी कांग्रेस में कुल 253 पदाधिकारी हैं। इस संख्या को घटाकर 125 तक लाया जाएगा। यानी करीब आधे पदाधिकारियों की छुट्टी तय मानी जा रही है।



जिन पदाधिकारियों का संगठनात्मक कामकाज में योगदान कम रहा, उन्हें हटाया जाएगा। मैदानी गतिविधियों में सक्रियता न दिखाने वालों पर भी गाज गिरेगी। इसके अलावा जो नेता आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, उन्हें भी पद से मुक्त किया जाएगा। इससे उन्हें चुनावी तैयारी के लिए पूरा समय मिल सकेगा।



जिला अध्यक्षों में भी बदलाव

संगठनात्मक फेरबदल सिर्फ प्रदेश स्तर तक सीमित नहीं रहेगा। जिला स्तर पर भी कई अध्यक्ष बदले जाएंगे। इनमें कुछ ऐसे नेता शामिल हैं जिनका प्रदर्शन कमजोर आंका गया है।



सिद्धार्थ कुशवाहा, ओमकार सिंह मरकाम और जयवर्धन सिंह जैसे विधायकों के पास जिला अध्यक्ष पद के साथ अन्य संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी हैं। दोहरी जिम्मेदारी के चलते ये अपने क्षेत्र में पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे। इसलिए इनकी जगह नई नियुक्तियां हो सकती हैं।



वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री डॉ. संजय कामले ने कहा है कि संगठनात्मक स्तर पर कई बदलाव प्रस्तावित हैं। इन सभी पर काम 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बाद शुरू होगा।



विभाग-प्रकोष्ठ भी होंगे भंग

पार्टी ने पहले ही सभी विभागों और प्रकोष्ठों की मौजूदा इकाइयां भंग कर दी हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाह पहले ही प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। नई नियुक्ति होने तक उन्हें काम जारी रखने को कहा गया है।



कुल 19 विभाग और 34 प्रकोष्ठों की प्रदेश इकाइयों में नए सिरे से नियुक्तियां होंगी। पार्टी का प्रयास है कि इस बार नए और युवा चेहरों को मौका दिया जाए। इससे संगठन में ताजगी आने की उम्मीद जताई जा रही है।



संगठनात्मक स्तर पर कई अहम बदलाव प्रस्तावित हैं। लेकिन इन सभी पर अमल 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बाद ही शुरू होगा। पार्टी की नजर अब 19 सितंबर की तारीख पर टिकी है।



ये भी पढ़ें...

राहुल गांधी के आयोजन को IDA से मिली मंजूरी, कांग्रेस ने भरे 10 लाख, उधर जयस भी आई साथ



कांग्रेस में शामिल हुए मंत्री खुशवंत के बड़े भाई ढाल दास, भूपेश ने दिलाई सदस्यता



आदिवासी सीटों को जीतने राहुल का मिशन 76, विक्रांत भूरिया को एमपी-छत्तीसगढ़ की कमान



राहुल गांधी के छात्रों की गूंज के लिए नेहरू स्टेडियम देने से इंदौर नगर निगम ने किया मना





Tags:
  • राहुल गांधी
  • मध्य प्रदेश
  • मध्य प्रदेश कांग्रेस
  • संजय कामले
  • छात्रों की गूंज