राहुल गांधी की छात्रों की गूंज के लिए कांग्रेस पहुंची कलेक्टर के पास, मांगी जगह
Indore. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों की गूंज आयोजन को लेकर राजनीति गरमा रही है। कांग्रेस को नेहरू स्टेडियम नहीं मिला है और वह रीजनल पार्क के पास आयोजन कराना चाहती है। पोस्टर में पहले से ही आयोजन स्थल में रीजनल पार्क के सामने बता दिया गया है।
कलेक्टर से मांगी जगह
रविवार को जगह को लेकर कांग्रेस नेता कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात के लिए पहुंचे। रेसीडेंसी कोठी में मुलाकात हुई। इसमें शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे के साथ ही अन्य नेता मौजूद थे।
इन्होंने रीजनल पार्क के पास की जमीन की मांग की जो आईडीए के पास है। वहीं विकल्प में जीएसीसी (आर्ट एंड कामर्स कॉलेज) के पीछे का मैदान और तीसरे विकल्प में यूनिवर्सिटी का खंडवा रोड स्थित मैदान मांगा।
चौकसे बोले आयोजन तो होगा
वहीं मुलाकात के बाद चौकसे ने कहा कि कलेक्टर ने 24 घंटे का समय मांगा है। इसमें जगह तय हो जाएगी और रीजनल पार्क पर ही हम आयोजन चाहते हैं। चौकसे ने कहा कि आयोजन तो होगा। भले ही बीजेपी सरकार कितने ही साजिश कर लें। बीजेपी को राहुलजी के नाम का फोबिया हो गया है और वह ऐन-केन तरीके से आयोजन को रोकना चाहती है।
इन सभी नेताओं ने की मुलाकात
कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े,सत्यनारायण पटेल , इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, कांग्रेस नेता दीपू यादव राजू भदोरिया, पिंटू जोशी, शैलेश गर्ग, अमन बजाज, राजेश चौकसे, राजा चौकसे, लोकेश हार्डिया आदि शामिल थे।
इस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से कहा कि इंदौर में आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम पूरी तरह से गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम के लिए हम हर विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाले युवाओं और छात्रों का पंजीयन कर रहे हैं।
30 साल से अधिक वालों का पंजीयन नहीं
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आयोजन युवाओं के लिए हैं और छात्रों के लिए है। इसलिए 30 से अधिक उम्र वालों का पंजीयन नहीं किया जाएगा। वहीं वानखेड़े ने कहा कि पंजीयन को लेकर इंदौर में खासा उत्साह है और इसके चलते कई बार पंजीयन की साइट भी क्रैश हो चुकी है।
ये भी पढ़ें...
राहुल गांधी के गूंज कार्यक्रम में 4 मुद्दों पर बात, पोस्टर पर वेन्यू रीजनल पार्क
CM मोहन यादव की राहुल गांधी को चुनौती, कहा, एमपी दौरे से पहले पुराना हिसाब दो
सीएम मोहन यादव बोले राहुल गांधी मप्र आ रहे स्वागत है, लेकिन कांग्रेस के कर्मों की माफी मांगें