एमपी से निकले राज शमानी ने पॉडकास्ट की दुनिया में रचा इतिहास, कभी बेचते थे साबुन, आज बिल गेट्स से लेकर आमिर खान जैसी हस्तियों से करते हैं सवाल
बिल गेट्स से लेकर आमिर खान तक उनके पॉडकास्ट के मेहमान बन चुके हैं। जिस लड़के ने कभी अपने करियर की शुरुआत छोटे से पारिवारिक कारोबार से की थी, आज उसी के पॉडकास्ट 'Figuring Out' ने यूट्यूब पर 2.2 करोड़ सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है।
यह दुनिया का सबसे ज्यादा सब्सक्राइबर्स वाला पॉडकास्ट बन गया है। राज की कहानी सिर्फ कामयाबी की नहीं, बल्कि इस बात का सबूत है कि बड़े मुकाम तक पहुँचने के लिए बड़े घर में पैदा होना जरूरी नहीं, बड़ी सोच और कुछ कर दिखाने का हौसला होना जरूरी है।
16 साल की उम्र में संभालनी पड़ी परिवार की जिम्मेदारी
राज शमानी का जन्म 29 जुलाई 1997 को मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सिंधी परिवार में हुआ था। उनके परिवार का साबुन बनाने का कारोबार था। बचपन से ही उन्होंने घर में कारोबार का माहौल देखा था, लेकिन परिवार के सामने आर्थिक परेशानियां भी आईं। पिता की तबीयत खराब होने के कारण राज को कम उम्र में ही जिम्मेदारियां उठानी पड़ीं।
जब दूसरे बच्चे पढ़ाई और खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में राज अपने पिता के साथ कारोबार का काम समझने लगे थे। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने साबुन के कारोबार में हाथ बंटाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान उन्हें ग्राहकों से बातचीत करने, सामान बेचने और कारोबार चलाने की बारीकियां सीखने का मौका मिला। आगे चलकर यही अनुभव उनके काम आया।
इंदौर से निकलकर सोशल मीडिया पर बनाई पहचान
परिवार के कारोबार में काम करने के दौरान राज की दिलचस्पी बिजनेस और लोगों से बातचीत करने में बढ़ने लगी। वे कारोबार और जिंदगी से जुड़े अपने अनुभव लोगों के साथ साझा करने लगे। धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर उनकी पहचान बनने लगी।
राज ने अपने अनुभवों के जरिए युवाओं को कारोबार, मेहनत और आगे बढ़ने के तरीकों के बारे में बताना शुरू किया। उनकी बातचीत का अंदाज आसान और सीधा था। यही वजह रही कि बड़ी संख्या में युवा उनसे जुड़ने लगे। इसके बाद उन्होंने डिजिटल दुनिया में कदम रखने का फैसला किया।
2021 में शुरू किया पॉडकास्ट, पहले 50 एपिसोड को नहीं मिले ज्यादा दर्शक
राज शमानी ने साल 2021 में अपना पॉडकास्ट ‘Figuring Out’ शुरू किया। इसका मकसद अलग-अलग क्षेत्रों में कामयाब लोगों के अनुभव आम लोगों तक पहुंचाना था। शो में कारोबार, पैसे, रिश्तों, सेहत और जिंदगी से जुड़े सवालों पर बातचीत शुरू हुई।
हालांकि, शुरुआत में शो को ज्यादा दर्शक नहीं मिले। राज शमानी के मुताबिक पहले 50 एपिसोड को बहुत कम लोगों ने देखा। इसके बावजूद उन्होंने पॉडकास्ट बनाना बंद नहीं किया। लगातार नए मेहमानों को बुलाया और अलग-अलग विषयों पर बातचीत जारी रखी। धीरे-धीरे लोगों को शो पसंद आने लगा और इसकी लोकप्रियता बढ़ती चली गई।
यूट्यूब पर 2.2 करोड़ सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार
इंदौर के रहने वाले राज शमानी आज यूट्यूब की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। उनका पॉडकास्ट युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। उनके यूट्यूब चैनल ने 2.2 करोड़ सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार कर लिया है।
राज के शो की खासियत यह है कि इसमें केवल बिजनेस की बातें नहीं होतीं। यहां आम लोगों की जिंदगी से जुड़े मुद्दे भी उठाए जाते हैं। यही वजह है कि अलग-अलग उम्र और पेशे के लोग उनके वीडियो देखते हैं।
बिल गेट्स से लेकर आमिर खान तक बन चुके हैं मेहमान
राज शमानी के पॉडकास्ट की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके शो में देश-दुनिया की कई चर्चित हस्तियां शामिल हो चुकी हैं।
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, अभिनेता आमिर खान, क्रिकेटर एमएस धोनी और मशहूर यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट जैसे बड़े नाम उनके मेहमानों में शामिल रहे हैं।
इन हस्तियों के साथ बातचीत के दौरान राज उनके जीवन, काम, सफलता और मुश्किल दौर से जुड़े सवाल पूछते हैं। शो में मेहमान अपने अनुभव साझा करते हैं। इससे दर्शकों को बड़े और सफल लोगों की जिंदगी के बारे में जानने का मौका मिलता है।
पॉडकास्ट से खड़ी कर दी अपनी मीडिया कंपनी
राज शमानी ने अपनी पहचान केवल यूट्यूबर या पॉडकास्टर तक सीमित नहीं रखी। उन्होंने अपने शो को आगे बढ़ाते हुए ‘Figuring Out Media’ नाम से मीडिया कंपनी भी खड़ी की। उनकी कंपनी में 120 से ज्यादा लोग काम करते हैं। यह कंपनी कंटेंट बनाने, उसे लोगों तक पहुंचाने, निवेश और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में काम करती है।
विदेशों में भी पहचान बढ़ाने की तैयारी
राज शमानी की लोकप्रियता अब भारत तक सीमित नहीं है। बल्कि अब अंतरराष्ट्रीय टैलेंट एजेंसी WME ने उन्हें अपने साथ जोड़ा है। इस एजेंसी के जरिए उनके काम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की योजना है। इससे उन्हें विदेशों में नए अवसर और बड़े मंच मिल सकते हैं।
किताब भी लिखी, युवाओं को काम करने के लिए करते हैं प्रेरित
पॉडकास्ट और कारोबार के अलावा राज शमानी लेखन के क्षेत्र में भी काम कर चुके हैं। उनकी चर्चित किताब का नाम ‘Build, Don’t Talk’ है। इस किताब में उन्होंने केवल बड़ी-बड़ी बातें करने के बजाय काम शुरू करने और अपने लक्ष्य की दिशा में मेहनत करने पर जोर दिया है।
राज अक्सर युवाओं को नए काम शुरू करने, अपनी गलतियों से सीखने और लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका मानना है कि सीखने और मेहनत करने के लिए केवल बड़े शहरों या बड़े संसाधनों पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है।
मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए मिसाल बना इंदौर का राज
राज शमानी की कहानी मध्य प्रदेश के उन युवाओं के लिए खास है, जो इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन या प्रदेश के दूसरे शहरों में रहकर कुछ नया करना चाहते हैं।
आज वे देश-दुनिया की बड़ी हस्तियों से बातचीत करते हैं और एक मीडिया कंपनी चला रहे हैं। उनका सफर बताता है कि छोटे स्तर से शुरू किया गया काम भी लगातार मेहनत और नए प्रयोगों से बड़ा बन सकता है।