राजा रघुवंशी मर्डर केस में राज कुशवाह की जमानत खारिज, पहले सोनम को मिली थी
News in Short
- हनीमून मर्डर केस में राज कुशवाह ने जमानत मांगी।
- इससे पहले सोनम रघुवंशी को जमानत मिल चुकी है।
- 30 अप्रैल को शिलांग कोर्ट में सुनवाई हुई थी।
- कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
- कोर्ट ने तकनीकी आधार पर जमानत खारिज कर दी।
News in Detail
इंदौर के चर्चित हनीमून मर्डर मिस्ट्री में आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत के बाद राज कुशवाह की जमानत याचिका लगी थी। इस मामले में 30 अप्रैल को सुनवाई हो गई है और अब शिलांग कोर्ट ने फैसला दे दिया है। राज की याचिका खारिज हो गई है।
Indore. इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शिलांग (सोहरा) में हुई हत्या के मामले आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत हो गई थी। इसमें पुलिस की चूक भारी पड़ी। अब इस मर्डर के मास्टरमाइंड और सोनम के तथाकथित प्रेमी राज कुशवाह की भी जमानत पर सुनवाई हो गई। शिलांग कोर्ट ने 30 अप्रैल को सुनवाई कर फैसला सुरक्षित रख लिया था, जो शुक्रवार 1मई को जारी हो गया है।
राज ने जानकारी छिपाई, इस कारण खारिज
जानकारी के अनुसार राज की जमानत याचिका तकनीकी कारण से खारिज हुई है। वकील फुयोसा योबिन ने कहा कि हम फिर से अपील करेंगे। इसकी हमें जानकारी नहीं थी कि राज द्वारा पूर्व में जमानत याचिका लगाई गई थी। तकनीकी आधार पर जमानत खारिज हुई है, यह मेरिट पर नहीं हुआ है। हम जल्द फिर से याचिका दायर करेंगे।
सोनम जैसे ही आधार पर मांगी थी जमानत
राज के वकील फुयोसा योबिन ने कहा कि सोनम जैसे ही आधार पर ही हमने जमानत मांगी थी। तर्क दिए गए कि गिरफ्तारी प्रक्रिया विधिक तरीके से नहीं हुई है। इसके पहले सोनम की जमानत पर तर्क दिए गए थे कि गिरफ्तारी में संविधान के मौलिक अधिकार 22(1) का उल्लंघन हुआ है।
गिरफ्तारी का सही कारण नहीं बताया गया है। पुलिस ने कई कागजों में धारा 103(1) हत्या की जगह 403(1) लिखी है, जो बीएनएस में धारा ही नहीं है। केवल आईपीएस में यह धारा थी, जो खत्म हो चुकी है। ऐसे में बचाव पक्ष का मौका नहीं दिया गया है।
इन शर्तों पर जमानत मिली थी सोनम को
शिलांग कोर्ट ने गिरफ्तारी प्रक्रिया में खामी मानते हुए जमानत मंजूर की थी। साथ ही सोनम को 50 हजार की गारंटी देने, दो जमानतदार की गारंटी देने, शिलांग कोर्ट दायरे से बाहर नहीं जाने और गवाह, साक्ष्य से छेड़छाड़ नहीं करने की शर्तें लगाई गई। इसके बाद सोनम के पिता देवीसिंह ने शिलांग जाकर जमानत दी और बेटी को लेकर एक होटल में रहने चले गए।
राजा रघुवंशी का परिवार नाराज
उधर सोनम की जमानत के बाद राजा का परिवार बेहद गुस्से में है। भाई विपिन ने इसमें जमानत का विरोध कर हाईकोर्ट जाने की बात कही है, साथ ही सीबीआई जांच की मांग की है। इस मामले में सोनम के परिवार की मिलीभगत की भी बात कही गई है। विपिन ने यहां तक कहा कि राज की भी जमानत हो जाएगी और सोनम व राज शादी कर लेंगे।
सोनम का भाई बोला- राज ने की चोरी
उधर सोनम के भाई गोविंद सिंह ने कहा कि मैं आज भी राजा के परिवार के साथ हूं। मेरा पूरा व्यापार चौपट हो चुका है। सारे आरोप बेबुनियाद हैं। मेरे गोदाम पर राज ने चोरी की और घोटाला किया। मन में तो आता है कि मैं सुसाइड कर लूं। मेरी ओर से सोनम के लिए कोई वकील नहीं किया गया है, सारे आरोप गलत हैं।
यह खबरें भी पढ़ें...
राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, राजा के बड़े भाई विपिन ने की पुष्टि
सोनम रघुवंशी नहीं आ सकेगी इंदौर, 50 हजार बांड और इन शर्तों पर मिली बेल
सोनम रघुवंशी के पिता ने भरी जमानत राशि, जेल से आई बाहर, पुलिस की यह चूक पड़ी भारी
सोनम रघुवंशी के बाद राज कुशवाह ने मांगी जमानत, सुनवाई पूरी, फैसला आना बाकी