दिग्विजय की चेतावनी के बाद उतारा भगवा ध्वज, 24 तक का दिया था अल्टीमेटम

Ravi Singh | Dec 23, 2024, 16:09 IST
Rajgarh Bharat Mata Chowk Digvijay Singh Congress Photograph: (the sootr )
मध्‍य प्रदेश में राजगढ़ के भारत माता चौक पर भगवा झंडा फहराने के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। दिग्विजय सिंह ने अल्टीमेटम दिया कि अगर झंडा नहीं हटाया गया तो कांग्रेस इसे हटा देगी।

राजगढ़ के खिलचीपुर नाका स्थित भारत माता चौक पर बांग्लादेश में हिंदू अत्याचारों के विरोध में प्रदर्शन के दौरान भगवा झंडा फहराया गया था, जबकि यहां हमेशा से तिरंगा ही फहराया जाता है। फगवा ध्वज को हटाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आक्रोश दिखाते हुए प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वहां केवल तिरंगा फहराना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने ध्वज हटाने को लेकर अल्टीमेटम दिया था कि यदि झंडा नहीं हटाया गया, तो कांग्रेस इसे हटाएगी। यह भगवा ध्वज राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव ने लगाया था।



दिग्विजय सिंह का अल्टीमेटम

दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कलेक्टर को खिलचीपुर के भारत माता चौक पर लगे 100 फीट लंबे पोल से भगवा झंडा हटाकर 24 दिसंबर तक तिरंगा लगाने की चेतावनी दी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि प्रशासन ऐसा नहीं करता है तो कांग्रेस कार्यकर्ता खुद वहां तिरंगा झंडा फहरा देंगे।



तीन घंटे में फहराया तिंरगा

दिग्विजय सिंह की चेतावनी के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। नगर पालिका ने तीन घंटे के भीतर भगवा ध्वज को हटाकर उसकी जगह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में शांति बनी रही और राजनीतिक विवाद शांत हुआ।



भाजपा विधायक का बयान

इस मामले में भाजपा के राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव ने बताया कि पहले वहां तिरंगा फहराया जाता था, लेकिन बांग्लादेश में हिंदू अत्याचारों के विरोध में प्रदर्शन के दौरान यहां भगवा झंडा फहरा दिया गया था। कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान सभी को करना चाहिए।



कांग्रेस का विरोध और प्रतिक्रिया

कांग्रेस ने साफ किया कि तिरंगा हमेशा भारत माता के पास ही फहराया जाना चाहिए और भगवा झंडा सिर्फ धार्मिक स्थलों पर ही फहराया जाना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारत माता के पास राष्ट्रीय ध्वज का होना जरूरी है।



3 दिसंबर को लहराया था भगवा ध्वज

राजगढ़ में 3 दिसंबर को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान जिला मुख्यालय पर स्थित खिलचीपुर नाके पर भारत माता की प्रतिमा के समीप लगे 100 फीट ऊंचे लंबे पोल पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह भगवा झंडा फहराया गया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इसके बाद से ही लगातार तिरंगे की जगह भगवा ध्वज लहरा रहा था। इसी को लेकर दिग्विजय सिंह ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था जिसे अब बदल दिया गया है।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • दिग्विजय
  • Digvijay Singh
  • एमपी बीजेपी
  • Rajgarh News
  • राजगढ़ न्यूज
  • भगवा