रतलाम में GST अफसर की कार का एक्सीडेंट, रेस्क्यू के दौरान बैग से निकले 54.50 लाख कैश और गहने, हादसे में पत्नी बच्चे भी घायल
कार में गुजरात के जीएसटी अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल अपने परिवार के साथ सवार थे। चारों लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं इलाके में इस दुर्घटना से ज्यादा हादसे के बाद ली गई कार की तलाशी की हो रही है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, दीपावली की छुट्टियां मनाने के लिए प्रवीण पूंजीलाल अपने परिवार के साथ कार से सूरत से राजस्थान के गंगानगर जा रहे थे। प्रवीण मूल रूप से गंगानगर के रहने वाले हैं और गुजरात के वापी में GST विभाग में पदस्थ हैं। इस सफर के दौरान ही रतलाम के पास उनकी कार अचानक हादसे का शिकार हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने कार में बुरी तरह फंसे प्रवीण, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद चारों को तुरंत जावरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल चारों का वहां इलाज चल रहा है।
कार की तलाशी में मिले लाखों रुपए और आभूषण
दूसरी ओर हादसे के बाद जब स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार की जांच की, तो उसमें से भारी मात्रा में नकदी और जेवरात देखकर सब हैरान रह गए।
कार से बरामद सामान का ब्योरा इस प्रकार है...
पुलिस को कुल 54.50 लाख रुपए नकद मिले हैं। इसमें 500 रुपए के नोटों की 92 गड्डियां और 200 रुपए के नोटों की 10 गड्डियां शामिल हैं। सारा कैश दो अलग-अलग बैग में रखा गया था। इसके अलावा बैग और कार से कीमती आभूषण भी मिले हैं। पुलिस ने नकदी और सभी आभूषणों को अपने कब्जे में ले लिया है।
रकम को लेकर अभी स्थिति साफ होना बाकी
हादसे के तुरंत बाद मौके पर ऐसी चर्चा थी कि कार में करीब एक करोड़ रुपए हैं, लेकिन अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है।
एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने बताया कि कार की तलाशी के दौरान करीब 50 लाख रुपए से अधिक कैश और गहने मिले हैं। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल पुलिस और प्रशासन की पहली प्राथमिकता सभी घायलों की जान बचाना और उनका सही इलाज कराना है। चोटें ज्यादा होने की वजह से अभी तक घायलों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। अस्पताल में उनके बयान दर्ज होने और पूरी जांच पड़ताल के बाद ही इतनी बड़ी रकम को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।