रतलाम से लापता युवक का उज्जैन में बंद कमरे में मिला शव, गुस्से में भीड़ ने फूंका आरोपी का घर
आमीन हुसैन @ रतलाम
News In Short
- रतलाम में 22 साल के मनीष माली का उसके घर से जबरन अपहरण किया गया।
- आरोपियों ने उज्जैन ले जाकर मनीष की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी।
- शराब पीने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हुई बहस हत्या में बदल गई।
- घटना के बाद गुस्से में भीड़ ने चक्काजाम किया और आरोपी के घर में आग लगा दी।
- पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 दिन की रिमांड पर लिया है।
News In Detail
मध्य प्रदेश के रतलाम की एक खौफनाक घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। 22 साल के मनीष माली का अपहरण कर बेरहमी से उज्जैन में हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद जो हुआ, उसने हालत को और भी डरावना बना दिया। शुक्रवार, 01 मई की रात करीब 10:30 बजे तीन लोग मनीष को उसके घर से जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गए।
परिवार को कुछ समझ में आता, इससे पहले ही मनीष गायब हो चुका था। अगले दिन, शनिवार, 02 मई को परिवार ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
मकान में बंधक बनाया
आरोपियों ने मनीष को करीब 90 किलोमीटर दूर उज्जैन ले जाकर एक मकान में बंधक बना लिया था। यहां उन्होंने पहले जमकर शराब पी थी। इसके बाद एक पुरानी रंजिश की वजह से मामूली बहस हिंसा में बदल गई।
जानकारी के अनुसार गुस्से में आकर आरोपियों ने मनीष का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। युवक की हत्याके बाद वे शव को कमरे में बंद करके ताला लगाकर फरार हो गए।
शव रखकर किया चक्काजाम
घटना के तीसरे दिन मामला और बढ़ गया। रविवार, 03 मई को रतलाम जिले के आलोट विक्रमगढ़ में मनीष के परिवार और गांव वाले गुस्से में आकर सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जो 4-5 घंटे तक चला।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत किया और कार्रवाई करते हुए आरोपियों के अवैध निर्माण पर जेसीबी चलवाई।
आरोपी के घर में तोड़फोड़, आग लगाई
लेकिन प्रशासन का कदम भीड़ के गुस्से को शांत नहीं कर सका। उग्र भीड़ एक आरोपी के घर में घुस गई और वहां जमकर तोड़फोड़ की, सामान बाहर फेंका और पत्थरबाजी भी की।
हालात ऐसे बिगड़े कि भीड़ ने घर में आग तक लगा दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन पुलिस को स्थिति को संभालने में बहुत मेहनत करनी पड़ी।
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी को कोर्ट में पेश किया गया है। साथ ही दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जो भी दोषी पाए गए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबरें भी पढ़िए...
क्राइम न्यूज: गैंगस्टर मुख्तार मलिक की हत्या में 11 को उम्रकैद, मछली ठेके पर हुई थी लड़ाई
पूर्व कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ FIR, किसान की आत्महत्या को लेकर मामला दर्ज
मध्यप्रदेश न्यूज: आंदोलन से पहले ही एमपी पुलिस ने किसान नेताओं को किया हाउस अरेस्ट
एमपी में स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग के डेटा में गड़बड़ी