महिला तहसीलदार पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर पटवारी ने किया सुसाइड, एक दिन पहले थी छोटे भाई की शादी
अमीन हुसैन @ रतलाम
रतलाम के आलोट से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां मंगलवार 21 अप्रैल को एक पटवारी ने अपने घर में साफे से फांसी लगाकर जान दे दी है। 15 दिन पहले ही उसने सोशल मीडिया पर एक पत्र डाला था। इसमें उसने महिला नायब तहसीलदार पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।
बताया जा रहा है कि रविशंकर खराड़ी खजूरी को दिसंबर 2023 में उसके पिता की हार्ट अटैक से मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। रविवार को ही रविशंकर के छोटे भाई सिद्धार्थ की शादी हुई थी। यह हादसा उसके बाद हुआ है।
फिलहाल नायब तहसीलदार सविता राठौर को कलेक्टर (आईएएस मिशा सिंह) ने निलंबित कर दिया है।
महिला तहसीलदार पर लगाए ये आरोप
रविशंकर द्वारा लिखा गया एक और लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो घटना से15 दिन पुराना बताया जा रहा है।
इसमें रविशंकर ने लिखा है कि मेरा नाम रविशंकर खराड़ी है। मैं हल्का नंबर 34 में पटवारी हूं। रविशंकर ने आरोप लगाया कि मुझ पर नायब तहसीलदार सविता राठौड़ लगातार काम का दबाव बना रही हैं।
नायब तहसीलदार के दबाव के कारण मैं अपने छोटे भाई की शादी पर भी ध्यान नहीं दे पाया। मुझे कई बार उनके क्वार्टर पर बुलाया गया और यह तक कहा गया कि मेरे भाई की शादी अच्छे से नहीं होने देंगे। इस बात की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
मुझे क्वार्टर पर बुलाकर गलत काम कराने की बात भी रिकॉर्डिंग में है। इन सब बातों के सामने आने के बाद मुझसे कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जा रहा है। मैं इस तरह के दबाव में नौकरी नहीं कर सकता।
रविशंकर की मां केसर खराड़ी ने बताया कि उनका बेटा हमेशा कहता था कि मैडम परेशान करती है। साथ ही किसी काम के बदले किसान से रुपए लेने के लिए बेटे पर दबाव बनाया गया था।
पैतृक गांव में चल रहा था कार्यक्रम
रविशंकर के भाई सिद्धार्थ की शादी का कार्यक्रम पिछले तीन दिनों से उनके पैतृक गांव बड़ी सरवन में चल रहा था। 19 अप्रैल को बारात राजस्थान के बांसवाड़ा के पास तारवाखाटी गई थी।
शादी के बाद 20 अप्रैल को बारात गांव लौटने के बजाय रतलाम स्थित उनके घर पहुंची। उसी शाम बरबड़ हनुमान मंदिर के जानकी मंडप में रिसेप्शन रखा गया था।
रिसेप्शन में भी नहीं पहुंचा रविशंकर
मृतक के भाई सिद्धार्थ खराड़ी ने बताया कि रविशंकर बांसवाड़ा से बारात रवाना होने से पहले ही रतलाम के लिए निकल गया था। जब हम लोग घर पहुंचे तो उसका मोबाइल बंद मिला।
हमें लगा कि वह कहीं बाहर गया होगा और जल्द ही वापस आ जाएगा। इसके बाद सभी लोग रिसेप्शन की तैयारियों में लग गए थे।
कई बार कॉल करने पर रविशंकर का मोबाइल बंद आ रहा था। वह रिसेप्शन में भी नहीं पहुंचा था। फिर देर रात लगभग 2 बजे वह घर लौटा और तीसरी मंजिल पर बने अपने कमरे में जाकर सो गया था।
दरवाजा खटखटाया लेकिन जवाब नहीं मिला
रविशंकर के कमरे से मिला लेटर
सूचना मिलने पर पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची। रविशंकर के कमरे की तलाशी लेने पर एक लेटर मिला, लेकिन इस लेटर में क्या लिखा था इसका खुलासा नहीं किया गया है।
छोटे भाई सिद्धार्थ खराड़ी ने जांच कर रहे एसआई से लेटर मांगा ताकि परिवार के पास कोई सबूत रहे। लेकिन एसआई कुछ बताने को तैयार नहीं हुए।
जब वह बाइक लेकर जाने लगे तो सिद्धार्थ दौड़ते हुए उन्हें रोक लिया। इसके बाद हंगामा बढ़ गया तो थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी मौके पर पहुंचे और सिद्धार्थ को समझाया। उन्होंने कहा कि जांच जारी रहेगी।
तहसीलदार को मुख्यालय पर अटैच किया
वहीं देर रात पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष सहित कई पटवारी रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने घंटों धरना प्रदर्शन किया था। पटवारी संघ की मांग थी कि हमारे सहित रवि शंकर खराड़ी को प्रताड़ित करने वाली नायब तहसीलदार सविता राठौर पर पुलिस एफआईआर की जाए।
साथ ही नायब तहसीलदार को उनके पद से हटाया जाए। तभी मौके पर मौजूद रतलाम SDM ने बताया कि पटवारी संघ की जो मांग है, उसको देखते हुए नायब तहसीलदार सविता राठौर को फिलहाल अपने पद से हटकर रतलाम मुख्यालय पर अटैच किया था।
आदिवासी के साथ ऐसी घटना बर्दाश्त नहीं करेंगे
साथ ही सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार भी देर रात रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने पर पहुंचे थे। उन्होंने नायब तहसीलदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
कमलेश्वर डोडियार का कहना था है कि रवि शंकर खराड़ी आदिवासी पटवारी थे। आदिवासी के साथ इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसलिए पुलिस कार्रवाई करें और जिला प्रशासन भी नायब तहसीलदार पर कार्रवाई करें ।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी न्यूज: एससी-एसटी एक्ट में 80% आरोपी बरी, मुआवजा राशि मिलते ही फिसल जाती है जुबान
मध्यप्रदेश न्यूज: रेप केस में लापरवाही पर DSP के खिलाफ होगा एक्शन, नाबालिग को धमकाने का आरोप
इंदौर में टैक्सी ड्राइवर के सुसाइड वीडियो मामले में SI के बाद राजेंद्र नगर TI बिरथरे लाइन अटैच
महिला आरक्षण पर सियासी जंग तेज: जीतू पटवारी का पलटवार, खंडेलवाल का आक्रोश अभियान