किसानों को ताश और राजश्री का आदी बताया, विवाद बढ़ा तो BJP सांसद जनार्दन मिश्रा बोले- किसी का दिल दुखा हो तो माफ कर देना

Aman Vaishnav | Nov 11, 2026, 11:06 IST
किसानों पर दिए बिगड़े बोल पर चौतरफा घिरे रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने वीडियो जारी कर हाथ जोड़े और माफी मांगते हुए खुद को किसान का बेटा बताया।
Rewa MP Janardan Mishra takes a U-turn on his controversial remarks about farmers and tenders an unconditional apology
सियासत में बस जुबान फिसलने की देर होती है, माफी का वीडियो खुद-ब-खुद तैयार हो जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के साथ। कल तक जो सांसद मंच से किसानों को ताश और बोतल का आदी बता रहे थे, अब विवाद बढ़ने के बाद वही सांसद खुद को किसान का बेटा बताकर हाथ जोड़े माफी मांग रहे हैं।

दरअसल सांसद जनार्दन मिश्रा ने एक वीडियो जारी करके अपनी बात रखी है। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि मैं किसानों की दिक्कतों, उनके नुकसान और फायदे पर चर्चा कर रहा था। उसी दौरान मेरे मुंह से कुछ ऐसे शब्द निकल गए जिससे किसान भाइयों के दिल को ठेस पहुंची है।



सांसद बोले-तोड़-मरोड़कर पेश किया बयान

उन्होंने आगे कहा कि हालांकि मेरे बयान को गलत संदर्भ में दिखाया गया और उसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इसके बावजूद अगर मेरी किसी बात से किसी भी किसान भाई को दुख पहुंचा है तो मैं उनसे हाथ जोड़कर क्षमा मांगता हूं। सांसद ने यह भी कहा कि वे हमेशा किसानों के साथ खड़े रहेंगे और उनके हक की लड़ाई में साथ देंगे।



ये था सांसद का विवादित बयान...

जनार्दन मिश्रा ने कहा था कि...



किसान साल में सिर्फ तीन महीने खेतों में मेहनत करते हैं, जबकि बाकी के नौ महीने ताश खेलने, राजश्री खाने, शराब की बोतल, चोंगी और नशे में बिता देते हैं। सोमवार की रात जैसे ही इस भाषण का वीडियो सामने आया, सियासी गलियारों और किसान संगठनों में गुस्सा फैल गया।



बता दें कि यह पूरा मामला सोमवार, 09 नवंबर को शुरू हुआ था। मध्य प्रदेश के मऊगंज में एक स्थानीय कार्यक्रम रखा गया था। इस कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों की जीवनशैली पर सवाल खड़े कर दिए थे।



पशुपालन और जैविक खाद का दिया तर्क

विवाद को तूल पकड़ता देख सांसद ने अपने बयान की वजह समझाई। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसानों की बुराई करना बिल्कुल नहीं था। वे तो बस यह चाहते हैं कि किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी अपनाएं।



विवादों से सांसद जी का पुराना नाता

वैसे यह पहला मौका नहीं है जब रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बयानों को लेकर मुश्किल में घिरे हों। सांसद जी का अजीबोगरीब बयानों और विवादों से पुराना नाता रहा है। वे अक्सर अपने बयानों के चलते सोशल मीडिया की सुर्खियों में बने रहते हैं।



अक्टूबर 2026 में एलन मस्क पर बयान

सांसद जनार्दन मिश्रा ने अक्टूबर में अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर एलन मस्क भारत आना चाहते हैं, तो उन्हें देश के नियम और शर्तें माननी होंगी। सांसद ने यहां तक कह दिया कि बात नहीं मानी, तो दो घूंसे मारकर भगा देंगे।



सांसद जनार्दन मिश्रा

पूरी खबर पढने के लिए क्लिक करें...



अगस्त 2026 में एथेनॉल/पेट्रोल पर बयान

इससे पहले सांसद ने एक और विवादित बयान दिया था। उन्होंने E20 पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधा था। सांसद ने कहा था कि कुछ लोग आंदोलन कर रहे हैं कि पेट्रोल में एथेनॉल नहीं मिलाया जाए और उन्हें सिर्फ शुद्ध पेट्रोल चाहिए। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा।



सांसद ने यह बयान रीवा एयरपोर्ट पर रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए शुरू हुई नई उड़ानों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दिया था।



सांसद जनार्दन मिश्रा
Tags:
  • सांसद जनार्दन मिश्रा
  • भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा
  • भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान
  • सांसद जनार्दन मिश्रा का एलन मस्क पर बयान
  • सांसद जनार्दन मिश्रा का एथेनॉल पर बयान
  • Janardan Mishra