रीवा कमिश्नर पर भड़के चीफ जस्टिस, बोले- आपको बेसिक ट्रेनिंग की जरूरत; हिरासत के आदेश में मिलीं कई गलतियां
उन्होंने यहां तक कह दिया कि कमिश्नर को इस काम के लिए Basic Training की जरूरत है। चीफ जस्टिस ने कहा कि किसी व्यक्ति को जेल भेजना बेहद जिम्मेदारी का काम है। कमिश्नर को इसके लिए बुनियादी ट्रेनिंग की जरूरत है। कोर्ट ने दो दिन में दोबारा जवाब मांगा है।
छह महीने जेल में रखने का दिया था आदेश
पूरा मामला रीवा के रहने वाले ओमप्रकाश गुप्ता से जुड़ा है। कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने पीआईटी-एनडीपीएस (PIT-NDPS) एक्ट के तहत ओमप्रकाश को छह महीने के लिए भोपाल जेल में बंद रखने का आदेश दिया था। इसके खिलाफ ओमप्रकाश ने अधिवक्ता आलोक तिवारी के जरिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। याचिका में कमिश्नर के हिरासत आदेश (Detention Order) को चुनौती दी गई है।
किसी को जेल भेजना बेहद जिम्मेदारी का काम
दरअसल मंगलवार यानी 24 नवंबर को चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोकजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की। इस दौरान कमिश्नर के आदेश में कई गलतियां सामने आईं। चीफ जस्टिस ने साफ कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में भेजना या जेल में बंद रखने का आदेश देना बेहद संवेदनशील और जिम्मेदारी का काम है। इसके लिए नियमों और कानूनी प्रक्रिया (Legal Process) की पूरी जानकारी होना जरूरी है। कोर्ट ने टिप्पणी की कि कमिश्नर को इस प्रक्रिया की जरूरी जानकारी नहीं है।
कमिश्नर को जवाब देने के लिए मिले दो दिन
हाईकोर्ट ने आदेश में मिली गलतियों और सुनवाई के दौरान उठाए गए सवालों पर कमिश्नर से दोबारा संक्षिप्त जवाब मांगा है। इसके लिए उन्हें दो दिन का समय दिया गया है। अब अगली सुनवाई में कमिश्नर के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
आम आदमी के लिए क्यों अहम है यह मामला?
किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत स्वतंत्रता बेहद महत्वपूर्ण है। हिरासत का आदेश न सिर्फ उस व्यक्ति, बल्कि उसके पूरे परिवार की जिंदगी पर असर डाल सकता है। ऐसे में हिरासत संबंधी आदेश जारी करते समय अधिकारियों को कानूनी नियमों का पालन करना कितना जरूरी है, इस मामले ने एक बार फिर इस ओर ध्यान खींचा है।