रीवा में कॉन्स्टेबल की हत्या: जिस दोस्त पर किया भरोसा उसी ने दारू पार्टी में बुलाकर उतारा मौत के घाट

Amresh Kushwaha | May 18, 2026, 13:26 IST
rewa constable rakesh patel murder friend party
रीवा में मैहर जिले के आरक्षक राकेश कुमार पटेल की उनके दोस्त राकेश तिवारी ने शराब पार्टी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी। कनपटी पर गोली लगी, अस्पताल में मौत हुई। अवैध पिस्टल से वारदात हुई। आरोपी फरार है, पुलिस तलाश में जुटी है।

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रविवार, 17 मई की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ आरक्षक राकेश कुमार पटेल (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके ही दोस्त राकेश तिवारी ने शराब पार्टी के दौरान उन पर अवैध पिस्टल से फायर किया है। गोली कनपटी पर लगी और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।



बीमार बेटे की वजह से आए थे गांव

राकेश पटेल का 10 साल का बेटा बीमार था। इसी वजह से वे विभाग से छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे। रविवार रात उन्होंने परिजनों से कहा कि थोड़ी देर में लौट आएंगे और घर से निकल गए।



वे पास में ही रहने वाले अपने दोस्त राकेश तिवारी के घर पहुंचे। दोनों ने वहां शराब पार्टी की।



पार्टी में विवाद, फिर चली गोली

पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दोनों दोस्तों के बीच झगड़ा हो गया था। विवाद बढ़ा तो आरोपी राकेश तिवारी ने पिस्टल निकाली और राकेश पटेल की कनपटी पर गोली दाग दी। गोली लगते ही वे वहीं गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी के परिजन घायल आरक्षक को अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।



दोनों के बीच किस बात पर विवाद हुआ, यह अभी तक साफ नहीं है। शुरुआती जांच में पता चला है कि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल अवैध थी।



परिजन बोले, समय पर इलाज मिलता तो बचते

मृतक के घर में मातम पसरा है। पत्नी और पिता ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक के मामा हरदीप कुमार पटेल ने बताया कि राकेश को घर से बुलाकर ले जाया गया था। जब उन्हें गोली लगने की सूचना मिली तब तक काफी वक्त निकल चुका था।



उन्होंने कहा कि यदि समय पर इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। परिवार चाहता है कि आरोपी को जल्द पकड़कर कड़ी सजा दिलाई जाए।



पुरानी दोस्ती, पर बचपन के यार नहीं थे दोनों

जांच में सामने आया है कि आरोपी राकेश तिवारी और मृतक राकेश पटेल बचपन के दोस्त नहीं थे। वहीं, लंबे समय से दोनों में अच्छी दोस्ती थी। एक-दूसरे के घर आना-जाना था। कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। इसीलिए उस रात राकेश पटेल बिना किसी शक के दोस्त के घर चले गए।



यह भी सामने आया है कि आरोपी राकेश तिवारी के खिलाफ पहले से मारपीट के मामले दर्ज हैं।



पुलिस बोली, जल्द होगी गिरफ्तारी

रीवा के एसपी गुरुकरण सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है। समान थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है और वैधानिक कार्रवाई जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होगी।



ये खबरें भी पढ़िए...



कांग्रेस का मास्टरप्लान, राहुल गांधी खुद करेंगे संगठन की समीक्षा, उज्जैन-रीवा संभाग से होगी शुरुआत



MP News: सोना खरीदी पर रिटायर्ड आईएएस मनोज श्रीवास्तव की टिप्पणी हुई वायरल, जानें पूरा मामला



रीवा कलेक्ट्रेट में मीटिंग के दौरान महिला अधिकारी बेहोश, पति ने लगाए गंभीर आरोप, कलेक्टर बोले...



केजरीवाल और सिसोदिया के लिए दिल्ली हाई कोर्ट नियुक्त करेगा 'अदालत मित्र',आप नेताओं की ओर से करेंगे पैरवी



Tags:
  • MP News
  • मध्य प्रदेश
  • रीवा
  • मैहर